Asian Games 2026: एशियन गेम्स में भारतीय महिला हॉकी टीम ने अपने अभियान की शुरुआत बेहद धमाकेदार अंदाज में की है. उजबेकिस्तान के खिलाफ मुकाबले में भारतीय खिलाड़ियों ने गोलों की झड़ी लगा दी और 19-0 से एकतरफा जीत दर्ज की. इस बड़ी जीत के बीच दीपिका सेहरावत ने अपने शानदार प्रदर्शन से खास रिकॉर्ड भी अपने नाम कर लिया.
दीपिका सेहरावत ने रचा भारतीय रिकॉर्ड
उजबेकिस्तान के खिलाफ भारत की जीत में दीपिका सेहरावत सबसे बड़ी स्टार बनकर उभरीं. उन्होंने अकेले 8 गोल दागे और महिला हॉकी के एक अंतरराष्ट्रीय मैच में किसी भारतीय खिलाड़ी द्वारा सबसे ज्यादा गोल करने का रिकॉर्ड बनाया. दीपिका ने मुकाबले के 8वें, 22वें, 25वें, 33वें, 36वें, 38वें, 41वें और 54वें मिनट में गोल किए.
इशिका ने भी लगाई गोलों की हैट्रिक
दीपिका के अलावा इशिका ने भी शानदार प्रदर्शन करते हुए गोलों की हैट्रिक पूरी की. उन्होंने 11वें, 42वें और 54वें मिनट में गोल दागे. नवनीत कौर और लठंतलुआंगी ने दो-दो गोल किए, जबकि लालरेम्सियामी, बलजीत कौर, नेहा गोयल और साक्षी राणा के नाम एक-एक गोल रहा.
19-0 की जीत के बावजूद नहीं टूटा बड़ा रिकॉर्ड
भारतीय टीम ने भले ही उजबेकिस्तान को 19-0 से हराया, लेकिन यह उसका किसी अंतरराष्ट्रीय मैच में सबसे बड़ा स्कोर नहीं है. भारतीय महिला हॉकी टीम ने 2016 के साउथ एशियन गेम्स में नेपाल के खिलाफ 24 गोल किए थे. वहीं एशियन गेम्स की बात करें तो भारत ने 1982 में हॉन्गकॉन्ग के खिलाफ 22 गोल दागे थे.
एशियन गेम्स में 2018 का रिकॉर्ड भी आगे
एशियन गेम्स में भारत की बड़ी जीतों की बात करें तो 2018 में कजाखस्तान के खिलाफ भारतीय महिला हॉकी टीम ने 21-0 से मुकाबला अपने नाम किया था. ऐसे में उजबेकिस्तान के खिलाफ मिली 19-0 की जीत एशियन गेम्स में भारत की सबसे बड़ी जीतों में शामिल हो गई है.
ये भी पढ़ें- Asian Games 2026: पहले ही दिन भारत का दमदार आगाज, शूटिंग में इलावेनिल-सोनम की तिकड़ी ने जीता सिल्वर