Bihar News: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के बिहार दौरे से ठीक पहले, किशनगंज के हलीम चौक से पॉपुलर फ्रंट ऑफ इंडिया (PFI) के कथित पूर्व प्रदेश अध्यक्ष महबूब आलम नदवी की गिरफ्तारी ने सुरक्षा एजेंसियों को चौकन्ना कर दिया है. राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) की टीम पिछले तीन दिनों से टाउन थाना में उससे गहन पूछताछ कर रही है.
नदवी, जो लंबे समय से फरार चल रहा था, अप्रैल से फातमा गर्ल्स स्कूल में उर्दू शिक्षक के रूप में कार्यरत था. दिलचस्प बात यह है कि उसने अपनी पहचान छिपाने के लिए अन्य शिक्षकों से दूरी बना रखी थी. उसकी गिरफ्तारी बेहद गोपनीय तरीके से की गई, जिससे इलाके के लोग भी हैरान हैं.
राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) ने 2022 फुलवारीशरीफ आपराधिक साजिश मामले में प्रतिबंधित पॉपुलर फ्रंट ऑफ इंडिया (PFI) के बिहार प्रदेश अध्यक्ष को गिरफ्तार किया।
— ANI_HindiNews (@AHindinews) September 13, 2025
बिहार के कटिहार जिले के हसनगंज इलाके के रहने वाले महबूब आलम उर्फ महबूब आलम नदवी को किशनगंज से पकड़ा गया। वह इस मामले में… pic.twitter.com/ces8tgakPs
2022 से फरार, अब NIA की पकड़ में
यह मामला 2022 में पटना के फुलवारी शरीफ में हुए टेरर फंडिंग मामले से जुड़ा है, जिसमें NIA ने PFI की आतंकी गतिविधियों का पर्दाफाश किया था. उसी समय से नदवी फरार था. अब एजेंसियां उससे यह जानने की कोशिश कर रही हैं कि:
पिछले तीन वर्षों में उसकी गतिविधियां क्या थीं?
PFI का भारत को मुस्लिम राष्ट्र बनाने की साजिश कितनी व्यापक थी?
बिहार में संगठन के नेटवर्क के लिए फंडिंग कहां से आ रही थी?
अंतरराष्ट्रीय कनेक्शन की भी जांच
जांच एजेंसियां नदवी के फोन कॉल रिकॉर्ड, डिजिटल डिवाइसेज और पासपोर्ट को खंगाल रही हैं. यह भी पड़ताल की जा रही है कि कहीं उसका संबंध सरजील इमाम, आईएसआईएस या बांग्लादेशी आतंकी संगठनों से तो नहीं रहा? नदवी ने कुछ समय पहले ओमान की यात्रा भी की थी, जिसकी जांच की जा रही है. हालांकि, अब तक वह पूछताछ में कोई ठोस जानकारी नहीं दे रहा है.
पड़ोसियों को नहीं थी भनक
महबूब आलम नदवी का मूल निवास कटिहार में है, जबकि उसका भाई किशनगंज के मोहिद्दीनपुर में ठेकेदारी करता है. स्थानीय लोगों के अनुसार, नदवी काफी समय से किशनगंज में रह रहा था, लेकिन उसने कभी किसी को अपने बारे में शक नहीं होने दिया. उसकी गिरफ्तारी की खबर ने पूरे इलाके को चौंका दिया है.
यह भी पढ़ें- आज असम दौरे पर रहेंगे PM Modi, 18 हजार करोड़ रुपये से अधिक की देंगे सौगात; जानें पूरा कार्यक्रम