लियोनेल मेसी ने अंतरराष्ट्रीय फुटबॉल को कहा अलविदा, बोले- ये फैसला लेना बेहद मुश्किल था

Lionel Messi Retirement: अर्जेंटीना के महान फुटबॉलर लियोनेल मेसी ने अंतरराष्ट्रीय फुटबॉल से संन्यास लेने का ऐलान कर दिया है. इसके साथ ही फुटबॉल की दुनिया के एक शानदार दौर का अंत हो गया.

Argentina Lionel Messi bids farewell to international football
Image Source: Social Media

Lionel Messi Retirement: अर्जेंटीना के महान फुटबॉलर लियोनेल मेसी ने अंतरराष्ट्रीय फुटबॉल से संन्यास लेने का ऐलान कर दिया है. इसके साथ ही फुटबॉल की दुनिया के एक शानदार दौर का अंत हो गया. फीफा वर्ल्ड कप 2026 के फाइनल में स्पेन से हार के कुछ महीने बाद मेसी ने कहा कि अब नेशनल टीम को अलविदा कहने का सही समय आ गया है.

मेसी ने अपने इंस्टाग्राम पर हाथ से लिखा हुआ एक भावुक संदेश शेयर कर यह जानकारी दी. छह वर्ल्ड कप खेल चुके मेसी ने 2022 में कतर में अर्जेंटीना को विश्व कप जिताया था. 2026 में भी उन्होंने टीम को फाइनल तक पहुंचाया. करीब दो दशक तक अर्जेंटीना की जर्सी पहनने के बाद 39 साल की उम्र में वह राष्ट्रीय टीम से विदा ले रहे हैं.

मेसी ने क्यों लिया संन्यास?

मेसी ने अपने भावुक संदेश में कहा कि वर्ल्ड कप फाइनल के बाद काफी समय तक उन्होंने इस फैसले के बारे में सोचा. उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय टीम से संन्यास लेना उनके लिए आसान फैसला नहीं था और इससे उन्हें दुख भी हो रहा है, लेकिन अब उन्हें लगता है कि यही सही समय है.

उन्होंने कहा कि उन्होंने अर्जेंटीना की जर्सी के लिए हमेशा अपना पूरा जोर लगाया. सिर्फ उस दौर में नहीं, जब टीम ने कई बड़ी ट्रॉफियां जीतीं, बल्कि उससे पहले भी उन्होंने देश के लिए अपना सब कुछ दिया. मेसी ने कहा कि उनका हमेशा यही प्रयास रहा कि टीम अच्छा खेले और अर्जेंटीना के लोगों को अपनी टीम पर गर्व हो.

‘अब मेरे पास देने के लिए कुछ नहीं बचा’

मेसी ने कहा कि अब उनके अंतरराष्ट्रीय करियर का ज्यादा समय बाकी नहीं है और एक शानदार अध्याय खत्म हो रहा है. उन्होंने माना कि नेशनल टीम से अलग होना उनके लिए काफी भावुक पल है.

उन्होंने कहा कि उन्हें अर्जेंटीना की टीम का हिस्सा बने रहना हमेशा पसंद रहा है और आगे भी वह इससे प्यार करते रहेंगे. हालांकि, अब उन्हें लगता है कि उन्होंने टीम के लिए अपना सब कुछ दे दिया है. उन्होंने यह भी कहा कि कई युवा खिलाड़ी टीम में आने के लिए तैयार हैं और उन्हें मौका मिलना चाहिए.

क्लब फुटबॉल खेलते रहेंगे मेसी

अंतरराष्ट्रीय फुटबॉल से संन्यास लेने के बाद भी मेसी का क्लब करियर जारी रहेगा. वह इंटर मियामी के लिए खेलते रहेंगे. उनके क्लब के साथ 2028 तक करार है.

अर्जेंटीना की राष्ट्रीय टीम के साथ मेसी का सफर 2005 में शुरू हुआ था. करीब 21 साल बाद अब इस सफर का अंत हो रहा है. इस दौरान उन्होंने टीम के लिए कई बड़ी उपलब्धियां हासिल कीं और अर्जेंटीना को लंबे समय बाद बड़े खिताब दिलाए.

परिवार, कोच और साथियों को कहा शुक्रिया

मेसी ने अपने संदेश में पिछले दो दशकों के दौरान मिले प्यार और समर्थन के लिए प्रशंसकों का शुक्रिया अदा किया. उन्होंने कहा कि मैदान पर लोगों का साथ उन्हें हमेशा याद आएगा. अब वह खुद उन प्रशंसकों में शामिल होंगे, जो अच्छे और बुरे दोनों समय में अर्जेंटीना की टीम का समर्थन करेंगे.

उन्होंने अपने परिवार, कोच, टीम के साथियों और अधिकारियों को भी धन्यवाद दिया. मेसी ने कहा कि वह अपने साथ कई ऐसी यादें लेकर जा रहे हैं, जिन्हें वह कभी नहीं भूल पाएंगे.

उन्होंने कहा कि वह शांति और गर्व के साथ टीम से विदा ले रहे हैं, क्योंकि उन्होंने अपने साथियों के साथ मिलकर अर्जेंटीना के लोगों को ऐसे पल दिए, जिनका कभी सपना देखा गया था. उन्होंने अंत में अर्जेंटीना के लिए अपना प्यार जाहिर करते हुए कहा, ‘वामोस अर्जेंटीना.’

अर्जेंटीना के लिए सबसे ज्यादा मैच और गोल

मेसी अर्जेंटीना के लिए सबसे ज्यादा मैच खेलने और सबसे ज्यादा गोल करने वाले खिलाड़ी हैं. उन्होंने राष्ट्रीय टीम के लिए 203 मैच खेले हैं और 124 गोल किए हैं. वह दक्षिण अमेरिकी फुटबॉल के इतिहास में भी सबसे ज्यादा गोल करने वाले खिलाड़ी हैं.

अर्जेंटीना के लिए उनका सफर हमेशा आसान नहीं रहा. कई बड़े फाइनल में हार के बाद उन्हें काफी आलोचना झेलनी पड़ी. खासकर 2014 विश्व कप फाइनल में जर्मनी से मिली हार ने मेसी को निराश किया था.

लेकिन 2022 में उन्होंने आखिरकार विश्व कप का खिताब जीत लिया. कतर में खेले गए फाइनल में अर्जेंटीना ने फ्रांस को हराया. मेसी ने इस मैच में दो गोल किए और पेनल्टी भी गोल में बदली. मुकाबला 3-3 की बराबरी पर खत्म होने के बाद अर्जेंटीना ने पेनल्टी शूटआउट में 4-2 से जीत हासिल की. यह अर्जेंटीना का 36 साल बाद पहला और कुल तीसरा विश्व कप खिताब था.

कोपा अमेरिका में भी दिलाई बड़ी जीत

विश्व कप जीतने से पहले भी मेसी ने अर्जेंटीना को बड़ी कामयाबी दिलाई थी. 2021 में उन्होंने टीम के साथ कोपा अमेरिका का खिताब जीता और 28 साल से चले आ रहे खिताबी सूखे को खत्म किया.

इसके बाद 2024 में अर्जेंटीना ने लगातार दूसरी बार कोपा अमेरिका का खिताब जीता. इस तरह मेसी ने अपने अंतरराष्ट्रीय करियर के आखिरी दौर में अर्जेंटीना को लगातार बड़ी ट्रॉफियां जिताईं.

2016 में भी ले चुके थे संन्यास का फैसला

मेसी ने इससे पहले 2016 में भी अंतरराष्ट्रीय फुटबॉल से संन्यास लेने का ऐलान किया था. उस समय कोपा अमेरिका के फाइनल में चिली से हार के बाद उन्होंने यह फैसला किया था. हालांकि बाद में उन्होंने अपना फैसला बदल दिया और अर्जेंटीना के लिए खेलना जारी रखा.

छह साल बाद कतर विश्व कप में उन्होंने अपनी टीम को खिताब जिताकर अपने करियर की सबसे बड़ी कमी पूरी कर ली. इसके बाद उन्होंने राष्ट्रीय टीम के साथ कई और बड़ी उपलब्धियां हासिल कीं.

छह विश्व कप में 21 गोल

मेसी ने 2006 से 2026 तक कुल छह फीफा विश्व कप में हिस्सा लिया. उन्होंने विश्व कप में 34 मैच खेले और 21 गोल किए. वह विश्व कप इतिहास में सबसे ज्यादा गोल करने वाले खिलाड़ियों में दूसरे स्थान पर हैं. फ्रांस के किलियन एम्बाप्पे 22 गोल के साथ उनसे आगे हैं.

2026 विश्व कप में भी मेसी का प्रदर्शन शानदार रहा. उन्होंने टूर्नामेंट में आठ गोल किए और चार गोल में मदद की. इस प्रदर्शन के साथ उन्होंने एक बार फिर साबित किया कि उम्र बढ़ने के बावजूद दुनिया के बड़े मंच पर उनका प्रभाव बरकरार है.

ये भी पढ़ें- बिश्केक में पुतिन से मिले पीएम मोदी, यूक्रेन युद्ध पर दिया शांति का संदेश, कहा- जंग खत्म करनी होगी