सोचिए, आपका iPhone हर जगह इंटरनेट से जुड़ा हो, चाहे नेटवर्क कवर क्यों न हो. Apple जल्द ही इस सपने को हकीकत में बदलने की दिशा में कदम बढ़ा रहा है. मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, कंपनी अपने अगले फ्लैगशिप मॉडल iPhone 18 Pro में ऐसा फीचर लाने की तैयारी में है जो यूजर्स को बिना सिम कार्ड या मोबाइल नेटवर्क के भी हाई-स्पीड इंटरनेट का इस्तेमाल करने देगा.
SpaceX के Starlink से होगी सीधे कनेक्टिविटी
यह तकनीकी जादू संभव होगा Starlink Internet Connection के जरिए. Apple और SpaceX की साझेदारी की संभावना इस फीचर को मजबूत बनाती है. Apple पहले भी iPhone 14, 15 और 16 में सैटेलाइट कनेक्टिविटी का फीचर लाया था, लेकिन उस समय यह सिर्फ इमरजेंसी SOS मैसेज तक ही सीमित था. अब कंपनी इसे पूरे इंटरनेट ब्राउज़िंग के लिए अपग्रेड करने की योजना बना रही है.
iPhone 18 Pro का बड़ा हार्डवेयर अपग्रेड
रिपोर्ट्स के मुताबिक, iPhone 18 Pro में नया हार्डवेयर होगा जो डायरेक्ट सैटेलाइट 5G कनेक्टिविटी को सपोर्ट करेगा. इसका मतलब है कि भविष्य में यूजर्स को इंटरनेट इस्तेमाल करने के लिए किसी सिम कार्ड, मोबाइल नेटवर्क या वाई-फाई की जरूरत नहीं पड़ेगी. यह फीचर टेक्नोलॉजी की दुनिया में एक नया अध्याय खोल सकता है.
SpaceX और Apple की टेक्नोलॉजिकल साझेदारी
SpaceX भी नए Starlink satellites पर काम कर रहा है, जो Apple की मौजूदा सैटेलाइट टेक्नोलॉजी के साथ कंपैटिबल हैं. अगर यह डील फाइनल होती है, तो दुनिया के दूर-दराज इलाकों में भी इंटरनेट पहुँचाना संभव होगा. हालांकि, रिपोर्ट्स में यह कहा गया है कि यह सुविधा सिर्फ Pro मॉडल्स में उपलब्ध होगी.
भारत में भी बदल सकती है कनेक्टिविटी की तस्वीर
फिलहाल Apple सैटेलाइट सर्विस के लिए Globalstar पर निर्भर है, लेकिन इसके जल्द ही बिकने की संभावना है. ऐसे में SpaceX Apple के लिए भरोसेमंद नया पार्टनर साबित हो सकता है. भारत में भी Starlink की सेवाएं शुरू होने की तैयारी में हैं, जिसका मकसद ग्रामीण और दूर-दराज इलाकों में हाई-स्पीड इंटरनेट पहुंचाना है. Apple और SpaceX की साझेदारी भारत में भी कनेक्टिविटी की तस्वीर बदल सकती है.
ये भी पढ़ें: जल्दी डिस्चार्ज हो जाती है iPhone की बैटरी? इस फीचर को कर दें ऑन, नहीं करना पड़ेगा बार-बार चार्ज