Anupam Kher New Reels: अनुपम खेर हिंदी सिनेमा के शानदार अभिनेताओं में गिने जाते हैं. अपनी दमदार एक्टिंग के साथ-साथ वह सोशल मीडिया पर भी काफी एक्टिव रहते हैं. कभी किसी गंभीर मुद्दे पर अपनी राय रखते हैं तो कभी मजेदार वीडियो शेयर कर अपने फैंस का मनोरंजन करते हैं. इस बार उन्होंने हाल ही में वायरल हुई एक रील को अपने अंदाज में रीक्रिएट किया है, जिसे लोग खूब पसंद कर रहे हैं.
पुराने साथियों के साथ नजर आए अनुपम खेर
अनुपम खेर ने जो वीडियो शेयर किया है, उसमें उनके साथ बोमन ईरानी, रणवीर शौरी और प्रवीन डबास भी दिखाई दे रहे हैं. इन चारों कलाकारों ने साल 2006 में आई फिल्म 'खोसला का घोसला' में साथ काम किया था. इतने साल बाद सभी को एक साथ देखकर फैंस भी काफी खुश हैं.
Khoslas and Khurana were never in sync. NOT EVEN HERE! Jai Ho! 😂🤣🤣🤣🤣 @bomanirani @parvindabas @RanvirShorey #KhoslaKaGhosla2 #Trending #ShootTime pic.twitter.com/HFd4emVgQC
— Anupam Kher (@AnupamPKher) August 2, 2026
'खोसला का घोसला' की याद दिलाया कैप्शन
वीडियो शेयर करते हुए अनुपम खेर ने लिखा, "खोसला और खुराना की कभी नहीं बनी... यहां भी नहीं! जय हो!" दरअसल, फिल्म खोसला का घोसला में अनुपम खेर ने कमल किशोर खोसला का किरदार निभाया था, जबकि बोमन ईरानी बिल्डर किशन खुराना बने थे.
फिल्म की कहानी एक मध्यम वर्गीय परिवार की थी, जिसकी जमीन बिल्डर हड़प लेता है. इसके बाद पूरा परिवार अपनी जमीन वापस पाने के लिए कई मजेदार तरीके अपनाता है. यही वजह है कि आज भी यह फिल्म लोगों की पसंदीदा फिल्मों में गिनी जाती है.
वायरल रील को दिया अपना ट्विस्ट
यह वीडियो दिल्ली के जंतर-मंतर पर हुए हालिया छात्र प्रदर्शन के दौरान वायरल हुई अभिनव बिष्ट की रील से प्रेरित है. वीडियो में बैकग्राउंड में 'तेरी गलियों में ना रखेंगे कदम' गाना बज रहा है. अनुपम खेर और उनके साथियों ने इसे अपने मजेदार अंदाज में बनाया है. सोशल मीडिया पर इस रील को फैंस के साथ-साथ कई सेलेब्स भी पसंद कर रहे हैं और कमेंट कर अपनी प्रतिक्रिया दे रहे हैं.
फ्रेंडशिप डे पर लिखी दिल की बात
फ्रेंडशिप डे के मौके पर भी अनुपम खेर ने अपने दोस्तों के नाम एक खास पोस्ट शेयर की. उन्होंने लिखा कि अच्छे दोस्त सिर्फ जिंदगी में खुशियां ही नहीं लाते, बल्कि मुश्किल समय में हिम्मत भी देते हैं. दोस्त भरोसा बढ़ाते हैं और उनके साथ होने से मन में एक अलग तरह की शांति और सुरक्षा का एहसास होता है.
इन फिल्मों में आएंगे नजर
अगर उनके वर्क फ्रंट की बात करें तो अनुपम खेर ने हाल ही में सूरज बड़जात्या की फिल्म 'ये प्रेम मोल लिया' की शूटिंग पूरी की है. इस फिल्म में आयुष्मान खुराना और शरवरी वाघ भी अहम भूमिका निभा रहे हैं. इसके अलावा वह अपनी अगली फिल्म 'श्री रामभूमि' की शूटिंग में भी व्यस्त हैं.
ये भी पढ़ें- कई राज्यों में बारिश का कहर, केरल में 6 लोगों की मौत, गुजरात में रेड अलर्ट, असम में बाढ़ से हालात खराब