दिल्ली-NCR में येलो अलर्ट, यूपी-बिहार समेत 19 राज्यों में भारी बारिश की चेतावनी

Kal Ka Mausam: देश के कई हिस्सों में इन दिनों लगातार बारिश हो रही है. दिल्ली-एनसीआर और उत्तर भारत के कई इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश का दौर चल रहा है, जबकि केरल और दक्षिण भारत के कुछ हिस्सों में भारी बारिश के कारण बाढ़ जैसे हालात बन गए हैं.

Weather IMD Yellow alert for Delhi-NCR heavy rain warning for 19 states, including UP and Bihar
Image Source: Social Media

Kal Ka Mausam: देश के कई हिस्सों में इन दिनों लगातार बारिश हो रही है. दिल्ली-एनसीआर और उत्तर भारत के कई इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश का दौर चल रहा है, जबकि केरल और दक्षिण भारत के कुछ हिस्सों में भारी बारिश के कारण बाढ़ जैसे हालात बन गए हैं. असम में भी पहले से कई इलाके बाढ़ की चपेट में हैं.

इसी बीच भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने 4 अगस्त के लिए नया मौसम पूर्वानुमान जारी किया है. मौसम विभाग के अनुसार, दिल्ली-एनसीआर, उत्तर प्रदेश, बिहार, पंजाब, राजस्थान, झारखंड और कई अन्य राज्यों में बारिश की संभावना है. कुछ जगहों पर भारी बारिश भी हो सकती है.

दिल्ली-NCR में येलो अलर्ट

दिल्ली-एनसीआर में सुबह से ही बादल छाए हुए हैं. मौसम विभाग ने 4 अगस्त के लिए येलो अलर्ट जारी किया है. अनुमान है कि दिल्ली और आसपास के इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है.

पूरे सप्ताह रुक-रुक कर बारिश होने की संभावना है. इससे गर्मी से राहत मिलेगी, लेकिन हवा में नमी बढ़ने के कारण उमस बनी रह सकती है. दिल्ली में अधिकतम तापमान 32 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 24 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है.

उत्तर प्रदेश के कई जिलों में बारिश

मौसम विभाग के अनुसार, पूर्वी उत्तर प्रदेश में 8 अगस्त तक और पश्चिमी उत्तर प्रदेश में 7 अगस्त तक बारिश होने की संभावना है. 4 अगस्त को राज्य के कई जिलों में भारी बारिश हो सकती है. कुछ इलाकों में तेज हवाएं और गरज के साथ बारिश होने की भी संभावना है.

बिहार में भी भारी बारिश के आसार

बिहार में भी मानसून सक्रिय बना हुआ है. मौसम विभाग ने 5 अगस्त तक कई जिलों में अच्छी बारिश होने की संभावना जताई है. 4 अगस्त को राज्य के कई हिस्सों में भारी बारिश, तेज हवा, आंधी और बिजली चमकने की संभावना है. हवाओं की रफ्तार 30 से 40 किमी प्रति घंटा तक पहुंच सकती है.

राजस्थान के कई जिलों में बारिश जारी

राजस्थान के कई हिस्सों में भी बारिश का दौर जारी है. मौसम विभाग के अनुसार, जोधपुर, उदयपुर और कोटा संभाग में बारिश की गतिविधियां कुछ कम हो सकती हैं. वहीं बीकानेर, शेखावाटी, जयपुर और भरतपुर संभाग के कई इलाकों में 5 अगस्त तक हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है.

झारखंड में अगले कई दिनों तक बारिश

मौसम विभाग ने झारखंड के लिए अगले कुछ दिनों तक येलो अलर्ट जारी किया है. राज्य के कई जिलों में भारी बारिश, बिजली चमकने और तेज हवाएं चलने की संभावना है. गढ़वा, पलामू, चतरा, लातेहार, हजारीबाग, कोडरमा, रामगढ़, बोकारो, देवघर, दुमका, पाकुड़, गोड्डा, साहिबगंज, पश्चिमी सिंहभूम, पूर्वी सिंहभूम और सरायकेला-खरसावां में भारी बारिश हो सकती है. कुछ इलाकों में 40 से 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं.

इन राज्यों में भी भारी बारिश की संभावना

मौसम विभाग के अनुसार, असम, मेघालय, उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल और सिक्किम में अत्यधिक भारी बारिश हो सकती है. अरुणाचल प्रदेश में भारी से बहुत भारी बारिश का अनुमान है.

इसके अलावा उत्तराखंड, हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली, पंजाब, पश्चिमी उत्तर प्रदेश, पूर्वी उत्तर प्रदेश, बिहार, झारखंड, अंडमान और निकोबार द्वीप समूह, तमिलनाडु, पुडुचेरी, कराईकल, केरल, माहे और तटीय कर्नाटक में भी भारी बारिश की संभावना जताई गई है.

ये भी पढ़ें- Manjalpur By-Election Result: मांजलपुर उपचुनाव में BJP को प्रचंड बहुमत, 30630 वोटों से जीते सतीश पटेल