IPL 2026: आईपीएल 2026 के सबसे अहम मोड़ पर कोलकाता नाइट राइडर्स को बड़ा नुकसान झेलना पड़ा है. टीम के युवा स्टार बल्लेबाज अंगकृष रघुवंशी चोट के कारण पूरे टूर्नामेंट से बाहर हो गए हैं. प्लेऑफ की रेस में बनी हुई KKR के लिए यह खबर किसी बड़े झटके से कम नहीं मानी जा रही, क्योंकि इस सीजन में अंगकृष टीम की बल्लेबाजी की सबसे मजबूत कड़ी बनकर उभरे थे. लगातार शानदार प्रदर्शन के दम पर उन्होंने टीम को कई मुश्किल मुकाबलों में संभाला था, लेकिन अब आखिरी लीग मैच से पहले उनका बाहर होना कप्तान और टीम मैनेजमेंट दोनों की चिंता बढ़ा सकता है.
कैच पकड़ने की कोशिश में लगी गंभीर चोट
20 मई को मुंबई इंडियंस के खिलाफ ईडन गार्डन्स में खेले गए मुकाबले के दौरान अंगकृष रघुवंशी चोटिल हुए थे. मैच के दौरान वरुण चक्रवर्ती की गेंद पर उन्होंने शानदार कैच लेने के लिए लंबी छलांग लगाई, लेकिन इसी कोशिश में उनके बाएं हाथ की उंगली में गंभीर चोट लग गई. इसके साथ ही उनके सिर और गर्दन में भी दर्द की शिकायत हुई थी. चोट के तुरंत बाद टीम ने कनकशन सब्स्टीट्यूट के तौर पर तेजस्वी सिंह दहिया को मैदान पर उतारा, जिन्होंने विकेटकीपिंग और बल्लेबाजी दोनों की जिम्मेदारी संभाली.
KKR ने सोशल मीडिया पर दी बड़ी अपडेट
कोलकाता नाइट राइडर्स ने बाद में सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए अंगकृष रघुवंशी की चोट को लेकर आधिकारिक जानकारी साझा की. टीम ने बताया कि उनकी बाएं हाथ की उंगली में फ्रैक्चर हुआ है, जिसके चलते वह आईपीएल 2026 के बाकी मुकाबलों में हिस्सा नहीं ले पाएंगे. हालांकि, फ्रेंचाइजी ने अभी तक उनके रिप्लेसमेंट खिलाड़ी के नाम का ऐलान नहीं किया है. ऐसे समय में जब टीम को हर मैच जीतना जरूरी है, एक इन-फॉर्म बल्लेबाज का बाहर होना KKR की रणनीति पर सीधा असर डाल सकता है.
KKR के सबसे भरोसेमंद बल्लेबाज बनकर उभरे थे अंगकृष
इस सीजन अंगकृष रघुवंशी ने अपने प्रदर्शन से सभी को प्रभावित किया. 13 मैचों में उन्होंने 42.20 की शानदार औसत से 422 रन बनाए और पांच अर्धशतक भी जड़े. वह इस सीजन में KKR के लिए सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज रहे. उनकी बल्लेबाजी में संयम और आक्रामकता का बेहतरीन संतुलन देखने को मिला, जिसने कई मैचों में टीम को मजबूत स्थिति में पहुंचाया. ऐसे में प्लेऑफ की निर्णायक घड़ी में उनका बाहर होना KKR के लिए बड़ा झटका माना जा रहा है.
ये भी पढ़ें: IPL में बिहार टीम की होगी एंट्री? इस दिग्गज बिजनेसमैन ने जताई इच्छा; सीएम सम्राट चौधरी का आया बयान