क्रिकेट की दुनिया में कभी आर्यन बांगर के नाम से पहचान बनाने वाली अनाया बांगर अब अपनी जिंदगी की सबसे खास इनिंग खेलने जा रही हैं. उन्होंने हाल ही में इंस्टाग्राम पर एक वीडियो साझा कर साफ कर दिया था कि उनकी वापसी तय है. “तैयार रहिए, मैं वापस आ रही हूं.” अब वही वादा साकार करने के लिए अनाया ने मैदान में लौटने की दिशा में पहला कदम बढ़ा दिया है. उनका फिटनेस रूटीन और ट्रेनिंग से जुड़ा नया वीडियो इस समय सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बना हुआ है.
अनाया बांगर के लिए यह वापसी किसी आम खिलाड़ी की तरह नहीं है. यह उस शख्सियत की वापसी है जिसने जीवन के सबसे बड़े परिवर्तन के बाद भी अपने सपनों को नहीं छोड़ा. एक वक्त था जब वो आर्यन बांगर के नाम से भारतीय जूनियर क्रिकेट सर्किट में एक उभरते ऑलराउंडर के रूप में देखे जाते थे. लेकिन अब, अनाया बांगर के रूप में वह खुद की नई पहचान लेकर लौट रही हैं. अपने हालिया वीडियो में अनाया ने कहा था. “मैं इस बार वही नहीं रहूंगी जो पहले थी. इस बार मैं अपनी सच्ची पहचान के साथ, एक नई ताकत के साथ मैदान में उतरूंगी.”
जिम में पसीना बहाते हुए बोलीं ये है मेरी नई इनिंग की शुरुआत
क्रिकेट फील्ड पर लौटने से पहले अनाया अपनी फिटनेस को लेकर कोई समझौता नहीं कर रहीं. सोशल मीडिया पर साझा किए गए वीडियो में वह जिम में लगातार मेहनत करती नजर आ रही हैं. कभी वेट उठातीं, कभी साइकलिंग करतीं और कभी बैलेंस एक्सरसाइज़ पर फोकस करतीं. उनका हर मूवमेंट इस बात की गवाही दे रहा है कि वह सिर्फ वापसी नहीं, बल्कि एक मजबूत वापसी की तैयारी कर रही हैं. इस वीडियो में उन्होंने एक खास फिटनेस चैलेंज भी लिया सिंगल लेग स्क्वैट, जिसे उन्होंने पूरे आत्मविश्वास के साथ पूरा किया. कैमरे की ओर मुस्कुराते हुए अनाया ने कहा, “यह तो बस शुरुआत है.”
क्रिकेट में वापसी से पहले आत्मविश्वास से भरी अनाया
अनाया का यह रूप उनके प्रशंसकों के लिए प्रेरणा बन गया है. उनकी हर पोस्ट पर फैंस उन्हें “वॉरियर”, “फाइटर” और “रियल चैंपियन” जैसे शब्दों से सराह रहे हैं. अनाया के मुताबिक, वापसी की यह यात्रा आसान नहीं है, लेकिन उन्होंने तय कर लिया है कि वह फिर से उस पिच पर कदम रखेंगी, जहां कभी उन्होंने अपने सपनों की उड़ान भरी थी. उनके करीबी सूत्रों के अनुसार, अनाया अपने गेम को दोबारा ट्यून करने के लिए स्पेशल ट्रेनिंग प्रोग्राम पर काम कर रही हैं. इसमें बैटिंग और बॉलिंग दोनों पर ध्यान दिया जा रहा है, ताकि जब वह मैदान में लौटें तो वही आत्मविश्वास और जोश दिखे, जो कभी आर्यन बांगर के रूप में नजर आता था.
संजय बांगर की बेटी, जिनकी कहानी अब बन रही है मिसाल
अनाया बांगर भारतीय क्रिकेट के पूर्व खिलाड़ी और कोच संजय बांगर की बेटी हैं. संजय बांगर ने भारत के लिए टेस्ट और वनडे दोनों फॉर्मेट में खेला है और बाद में टीम इंडिया के बल्लेबाजी कोच भी रहे हैं. अनाया (पहले आर्यन) ने अपने शुरुआती क्रिकेट करियर में सरफराज खान और यशस्वी जायसवाल जैसे प्रतिभाशाली खिलाड़ियों के साथ जूनियर स्तर पर खेला था. इस साल जुलाई में अनाया ने अपने जीवन का सबसे बड़ा फैसला लिया जेंडर ट्रांजिशन. इसके बाद उन्होंने सर्जरी करवाई और अपनी नई पहचान को दुनिया के सामने खुले दिल से स्वीकार किया. उनका कहना था कि “अब मैं वही हूं, जो हमेशा से थी, बस अब दुनिया भी उसे देख पाएगी.”
नई शुरुआत, नया आत्मविश्वास
आज अनाया बांगर फिर से क्रिकेट में लौटने की दिशा में कदम बढ़ा रही हैं. उनके इस सफर में चुनौतियां जरूर होंगी, लेकिन उनका जुनून यह बताने के लिए काफी है कि कोई भी सपना बड़ा नहीं, अगर उसे सच्चे दिल से जिया जाए. उनकी वापसी सिर्फ एक खिलाड़ी की नहीं, बल्कि एक महिला की जीत है. जो अपने सच के साथ खड़ी है, समाज की सोच से परे जाकर अपनी राह खुद बना रही है.
यह भी पढ़ें: श्रेयस अय्यर की नहीं हुई कोई सर्जरी, फिर कैसे हुआ इलाज? BCCI सेक्रेटरी दिया जवाब