बिहार में जमीन सर्वे करने वाले अमीनों को मिलेगा बड़ा फायदा, डिप्टी सीएम विजय सिन्हा का ऐलान

Bihar Land Survey:  बिहार के उपमुख्यमंत्री और राजस्व एवं भूमि सुधार मंत्री विजय कुमार सिन्हा ने शुक्रवार को विशेष भूमि सर्वेक्षण कार्य की समीक्षा की. इस दौरान उन्होंने सभी जिलों के बंदोबस्त पदाधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया कि सर्वेक्षण का काम तय समय सीमा के भीतर पूरा किया जाए.

Amins doing land survey in Bihar will get big benefit announces Deputy CM Vijay Sinha
Image Source: ANI/ File

Bihar Land Survey:  बिहार के उपमुख्यमंत्री और राजस्व एवं भूमि सुधार मंत्री विजय कुमार सिन्हा ने शुक्रवार को विशेष भूमि सर्वेक्षण कार्य की समीक्षा की. इस दौरान उन्होंने सभी जिलों के बंदोबस्त पदाधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया कि सर्वेक्षण का काम तय समय सीमा के भीतर पूरा किया जाए. उन्होंने कहा कि इस कार्य में किसी भी तरह की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी.

समीक्षा बैठक में उपमुख्यमंत्री ने कहा कि जो अमीन सर्वेक्षण कार्य में बेहतर प्रदर्शन करेंगे, उन्हें विभाग में भविष्य में होने वाली स्थायी नियुक्तियों में प्राथमिकता दी जाएगी. उनका मानना है कि इससे कर्मचारियों में काम के प्रति उत्साह बढ़ेगा और सर्वेक्षण कार्य तेजी से आगे बढ़ सकेगा.

देरी के कारणों की पहचान करने का निर्देश

उपमुख्यमंत्री ने अधिकारियों से कहा कि जहां-जहां सर्वेक्षण कार्य में देरी हुई है, वहां कारणों की पहचान की जाए और उन्हें तुरंत दूर किया जाए. उन्होंने बताया कि अब इस पूरे काम की सूक्ष्म स्तर पर निगरानी की जाएगी, ताकि प्रगति की नियमित समीक्षा हो सके.

रोजाना भेजनी होगी काम की रिपोर्ट

सर्वेक्षण कार्य से जुड़े सभी कर्मचारियों को अब अपने काम की दैनिक रिपोर्ट देनी होगी. उपमुख्यमंत्री ने निर्देश दिया कि हर दिन शाम तक मुख्यालय को काम की जानकारी भेजी जाए. साथ ही अमीन डायरी को प्रतिदिन भरना भी अनिवार्य कर दिया गया है, जिससे काम की सही स्थिति का पता चल सके.

सर्वे कर्मियों को अन्य काम में नहीं लगाया जाएगा

उपमुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि सर्वेक्षण से जुड़े कर्मचारियों को किसी अन्य सरकारी कार्य में नहीं लगाया जाएगा. इसके लिए भू अभिलेख एवं परिमाप निदेशालय के निदेशक सुहर्ष भगत सभी जिलाधिकारियों को निर्देश जारी करेंगे.

कई जिलों में चल रहा है सर्वेक्षण कार्य

समीक्षा बैठक में जानकारी दी गई कि विशेष सर्वेक्षण के पहले चरण में 20 जिलों के 89 अंचलों के 5657 मौजों में सर्वेक्षण कार्य चल रहा है. इनमें से 1838 मौजों में अंतिम प्रकाशन पूरा हो चुका है, जो कुल काम का लगभग 33 प्रतिशत है. वहीं 3662 मौजों में प्रारूप प्रकाशन का कार्य पूरा किया जा चुका है.

इन जिलों में प्रगति बेहतर

अधिकारियों के अनुसार अंतिम प्रकाशन के मामले में शेखपुरा जिला लगभग 78.52 प्रतिशत के साथ सबसे आगे है. इसके अलावा मुजफ्फरपुर, सिवान, वैशाली, पटना, रोहतास और बेगूसराय जैसे जिलों में भी सर्वेक्षण कार्य की प्रगति संतोषजनक बताई गई है. बैठक में विभाग के कई वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद रहे और सर्वेक्षण कार्य की प्रगति पर विस्तृत चर्चा की गई.

ये भी पढ़ें- वैश्विक तनाव के बीच भारत का जलवा बरकरार, इस एजेंसी ने बढ़ाया GDP ग्रोथ का अनुमान; जानें पूरी डिटेल