भारत में बुलडोजर की राजनीति आम बात है, लेकिन अब अमेरिका के सबसे सुरक्षित और प्रतिष्ठित भवन व्हाइट हाउस में भी बुलडोजर गरजने लगे हैं. पूर्वी विंग की दीवारें टूट रही हैं, खिड़कियां उखाड़ी जा रही हैं, और चारों ओर मलबा फैला हुआ है. वजह है, डोनाल्ड ट्रंप का 15 साल पुराना सपना, जिसे अब वो जमीन पर उतार रहे हैं.
20 अक्टूबर 2025 को व्हाइट हाउस के ईस्ट विंग में बड़े स्तर पर तोड़फोड़ की शुरुआत हुई. भारी-भरकम मशीनों की मदद से उस हिस्से को गिराया जा रहा है, जहां एक नया और अत्याधुनिक बॉलरूम बनाया जाएगा. यह बॉलरूम 90,000 वर्ग फुट में फैला होगा और इसकी अनुमानित लागत करीब 200 मिलियन डॉलर (लगभग 1,600 करोड़ रुपये) बताई जा रही है.सीएनएन की रिपोर्ट के अनुसार, ट्रंप की टीम ने ईस्ट विंग के उस हिस्से को ध्वस्त करना शुरू कर दिया है जो 1902 में निर्मित हुआ था और 1942 में आखिरी बार पुनर्निर्मित किया गया था.
ट्रंप का सपना: एक कार्यक्रम स्थल जो अमेरिका की शान हो
डोनाल्ड ट्रंप लंबे समय से यह मानते रहे हैं कि व्हाइट हाउस में बड़े स्तर के आयोजनों के लिए पर्याप्त स्थान नहीं है. यही कारण है कि उन्होंने एक ऐसे विशाल हॉल की परिकल्पना की थी, जहां एक साथ सैकड़ों मेहमानों की मेजबानी की जा सके. अब उनके नेतृत्व में यह योजना साकार हो रही है. इस भव्य हॉल में 650 से अधिक लोग एक साथ बैठ सकेंगे. डिजाइन की बात करें तो बॉलरूम पूरी तरह से ट्रंप की शैली में होगा — सोने से जड़े झूमर, चेकर्ड मार्बल फ्लोरिंग, गिल्डेड कॉलम और ऊंची-ऊंची खिड़कियां. बॉलरूम की बनावट और सौंदर्यबोध ट्रंप के निजी क्लब्स की याद दिलाएंगे.
ट्रंप की सफाई: पुरानी इमारत को नुकसान नहीं पहुंचेगा
ट्रंप ने जुलाई में इस परियोजना की घोषणा करते हुए स्पष्ट किया था कि नया निर्माण कार्य पुरानी ऐतिहासिक संरचना को छुएगा भी नहीं. सिर्फ ईस्ट विंग के सीमित हिस्से में बदलाव किया जा रहा है, ताकि मौलिक वास्तुशिल्प शैली बनी रहे. इस प्रोजेक्ट की खास बात यह भी है कि इसके लिए सरकारी फंड का कोई इस्तेमाल नहीं हो रहा है. पूरा खर्च ट्रंप और उनके निजी समर्थकों द्वारा वहन किया जा रहा है.
यह भी पढ़ेंः अफगानिस्तान से पंगा लेना पाकिस्तान को पड़ा भारी, टमाटर की कीमत जानकर होश उड़ा जाएंगे आपके