अमेरिका में बर्फीले तूफान का कहर, 100 से ज्यादा गाड़ियां आपस में टकराई, देखें ड्रोन VIDEO

अमेरिका के मिशिगन राज्य में भीषण बर्फीले तूफान के कारण एक बड़ा सड़क हादसा सामने आया है.

America snow storm 100 vehicles collided Drone VIDEO
Image Source: Social Media

अमेरिका के मिशिगन राज्य में भीषण बर्फीले तूफान के कारण एक बड़ा सड़क हादसा सामने आया है. सोमवार को राज्य के एक प्रमुख इंटरस्टेट हाईवे पर अचानक मौसम बिगड़ने से हालात इतने खराब हो गए कि 100 से अधिक वाहन एक-दूसरे से टकरा गए. इस भयावह दुर्घटना में कई गाड़ियां फिसलकर सड़क से बाहर जा गिरीं, जबकि दर्जनों भारी ट्रक बीच रास्ते में ही फंस गए.

हादसा मिशिगन के ग्रैंड रैपिड्स शहर के दक्षिण-पश्चिम में स्थित इंटरस्टेट-196 पर हुआ. तेज बर्फीली हवाओं और बेहद कम विजिबिलिटी के कारण ड्राइवरों को आगे का रास्ता तक साफ दिखाई नहीं दे रहा था, जिससे यह सामूहिक टक्कर हुई.

30 से ज्यादा सेमी-ट्रेलर ट्रक जाम में फंसे

मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, इस दुर्घटना में 30 से अधिक सेमी-ट्रेलर ट्रक हाईवे पर बुरी तरह फंस गए. कई ट्रक जैकनाइफ की स्थिति में आ गए, जिससे सड़क पूरी तरह अवरुद्ध हो गई. हालात को देखते हुए पुलिस को हाईवे के दोनों ओर से ट्रैफिक बंद करना पड़ा, ताकि किसी और हादसे को रोका जा सके.

मिशिगन स्टेट पुलिस ने बताया कि इस दुर्घटना में कई लोग घायल हुए हैं, हालांकि राहत की बात यह है कि अब तक किसी की मौत की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है.

बर्फीली हवा और शून्य विजिबिलिटी से हादसे

हादसे के चश्मदीदों ने बताया कि बर्फीली हवाओं के कारण सड़क पर हालात बेहद खतरनाक हो चुके थे. आगे चल रही गाड़ियां भी मुश्किल से नजर आ रही थीं. एक पिकअप ट्रक चालक ने बताया कि वह केवल 20 से 25 मील प्रति घंटे की रफ्तार से गाड़ी चला रहा था और किसी तरह समय रहते ब्रेक लगाकर अपना वाहन रोक पाया.

उसने बताया कि पीछे से लगातार टकराने की आवाजें आ रही थीं. आगे तो थोड़ा बहुत दिख रहा था, लेकिन पीछे क्या हो रहा है, इसका अंदाजा लगाना भी मुश्किल था. स्थिति बेहद डरावनी और तनावपूर्ण थी.

सैकड़ों लोग फंसे, स्कूल में अस्थायी शरण

हादसे के बाद इलाके में कई जगह अलग-अलग दुर्घटनाएं दर्ज की गईं. ओटावा काउंटी शेरिफ ऑफिस के अनुसार, कई कारें सड़क से फिसलकर बाहर चली गईं और कई ट्रक नियंत्रण खो बैठे.

सड़क पर फंसे सैकड़ों यात्रियों को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाने के लिए बसों की व्यवस्था की गई. इन यात्रियों को हडसनविल हाई स्कूल ले जाया गया, जहां उन्हें अस्थायी शरण दी गई. यहां लोग अपने परिजनों से संपर्क कर सके और आगे की यात्रा या घर लौटने की व्यवस्था कर पाए.

हाईवे कई घंटों तक बंद रहने की आशंका

प्रशासन ने बताया कि क्षतिग्रस्त वाहनों को हटाने, ट्रकों को सीधा करने और जमी हुई सड़क पर नमक व अन्य रसायनों के छिड़काव में कई घंटे लग सकते हैं. इस वजह से इंटरस्टेट-196 को लंबे समय तक बंद रखा जा सकता है.

अधिकारियों ने लोगों से अपील की है कि वे वैकल्पिक मार्गों का इस्तेमाल करें और मौसम सामान्य होने तक अनावश्यक यात्रा से बचें.

कई राज्यों में बर्फीले तूफान का असर

मिशिगन के अलावा अमेरिका के कई अन्य राज्य भी इन दिनों बर्फीले तूफान की चपेट में हैं. मौसम विभाग ने चेतावनी जारी की है कि नॉर्दर्न मिनेसोटा से लेकर विस्कॉन्सिन, इंडियाना, ओहायो, पेंसिल्वेनिया और न्यूयॉर्क तक अत्यधिक ठंड और बर्फीले हालात बने रह सकते हैं.

इसके अलावा, मौसम विभाग ने यह भी चेताया है कि सोमवार रात से मंगलवार सुबह तक नॉर्थ-सेंट्रल फ्लोरिडा और साउथईस्ट जॉर्जिया में तापमान शून्य डिग्री तक गिर सकता है, जिससे वहां भी ठंड का प्रकोप बढ़ने की संभावना है.

ये भी पढ़ें- US-EU Tariff: अमेरिका-EU के बीच ट्रेड वॉर, भारत को होगा बंपर फायदा! क्या है 'Mother of All Deals'?