अमेरिका के मैसाचुसेट्स से एक बेहद गंभीर और चौंकाने वाला मामला सामने आया है. एक्टन शहर में भारतीय मूल के 17 वर्षीय किशोर अर्जुन अरविंद पर अपनी मां और छोटे भाई की हत्या करने का आरोप लगा है. पुलिस के मुताबिक, घटना के बाद किशोर अपनी मां की कार लेकर घर से फरार हो गया था. रातभर चली तलाश के बाद पुलिस ने उसे बुधवार सुबह हिरासत में ले लिया.
मां और 14 वर्षीय भाई की मौत
पुलिस के अनुसार, अर्जुन पर 45 वर्षीय मां सुधा वेंकटेशन और 14 वर्षीय छोटे भाई सिद्धार्थ अरविंद की हत्या का आरोप है. दोनों के शव मंगलवार को एक्टन स्थित परिवार के घर से बरामद किए गए. अधिकारियों ने बताया कि मां का शव घर के बेसमेंट में, जबकि छोटे भाई का शव पहली मंजिल पर मिला था. पुलिस ने दोनों के शरीर पर चोट के निशान पाए हैं.
घर से कार लेकर भागने का आरोप
जांच अधिकारियों का आरोप है कि अर्जुन ने मंगलवार को घर के भीतर अपनी मां और भाई पर जानलेवा हमला किया और इसके बाद मां की होंडा एकॉर्ड कार लेकर वहां से निकल गया. यह घटना बोस्टन से करीब 48 किलोमीटर दूर एक्टन इलाके में हुई. मामले की जानकारी मिलने के बाद पुलिस ने किशोर की तलाश शुरू कर दी थी.
ट्यूटर के पहुंचने पर खुला मामला
घटना का खुलासा उस समय हुआ जब मंगलवार शाम करीब साढ़े छह बजे एक ट्यूटर तय समय पर परिवार के घर पहुंची. घर में प्रवेश नहीं कर पाने के बाद उसने अर्जुन के पिता से संपर्क किया. पिता ने परिवार के सदस्यों से संपर्क करने की कोशिश की, लेकिन किसी से बात नहीं हो सकी. इसके बाद उन्होंने पुलिस से परिवार की सुरक्षा को लेकर जांच करने का अनुरोध किया.
पुलिस को घर में मिले शव
अधिकारियों के मुताबिक, अर्जुन के पिता ने अपनी पत्नी को मंगलवार सुबह काम पर जाने से पहले आखिरी बार देखा था. वहीं, उनके छोटे बेटे सिद्धार्थ को दोपहर के आसपास आखिरी बार देखा गया था. पुलिस जब घर पहुंची तो वहां दोनों मां-बेटे मृत मिले. पुलिस और अभियोजन पक्ष ने घटनास्थल से मिले सबूतों के आधार पर जांच आगे बढ़ाई है.
पार्किंग में मिली कार, पकड़ा गया आरोपी
जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि अर्जुन अपनी मां की कार लेकर गायब है. उसकी तलाश जारी थी. बुधवार तड़के मैसाचुसेट्स के वेलैंड इलाके में एक पार्किंग स्थल पर पुलिस को अलग मामले से जुड़े अलार्म की सूचना मिली. मौके पर पहुंची पुलिस को वही कार मिली और उसमें अर्जुन मौजूद था. इसके बाद उसे हिरासत में ले लिया गया.
कई गंभीर धाराओं में मामला दर्ज
अर्जुन के खिलाफ हत्या के दो मामलों के अलावा घर या परिवार के सदस्य के साथ मारपीट के दो मामले, मारपीट के दो मामले, बिना अनुमति वाहन चलाने और मोटर वाहन चोरी करने के आरोप लगाए गए हैं. हालांकि, अधिकारियों ने अभी तक हत्या में इस्तेमाल हथियार और मौत के सटीक कारण की जानकारी सार्वजनिक नहीं की है. मुख्य चिकित्सा परीक्षक की रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है.
ChatGPT और इंटरनेट सर्च की भी जांच
मिडलसेक्स काउंटी डिस्ट्रिक्ट अटॉर्नी कार्यालय के अनुसार, जांच में अर्जुन के हाल के व्यवहार को लेकर भी कुछ चिंताजनक बातें सामने आई हैं. अधिकारियों ने दावा किया है कि उसने इंटरनेट और ChatGPT का इस्तेमाल परिवार की हत्या से जुड़े काल्पनिक विचारों या तरीकों के बारे में खोज करने के लिए किया था. मामले की जांच अभी जारी है और अभियोजन पक्ष घटना से जुड़े सभी तथ्यों और डिजिटल साक्ष्यों की पड़ताल कर रहा है.
ये भी पढ़ें: अमेरिका के टेक्सास में सेना का अपाचे हेलिकॉप्टर क्रैश, हादसे में दोनों पायलट की मौत