नई दिल्ली: पश्चिम एशिया में बढ़ते तनाव के बीच, केंद्र सरकार ने बुधवार को एक सर्वदलीय बैठक आयोजित की, जिसमें विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों को हालात पर जानकारी दी गई. रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह की अध्यक्षता में हुई इस बैठक में सरकार ने बताया कि देश में पेट्रोलियम उत्पादों की कोई कमी नहीं है और भविष्य में भी कोई संकट उत्पन्न नहीं होगा. इस बैठक में विपक्षी नेताओं के सवालों का जवाब देते हुए सरकार ने स्थिति को स्पष्ट किया और कहा कि पैनिक की कोई आवश्यकता नहीं है.
बैठक की शुरुआत में रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने बयान दिया, जिसमें उन्होंने बताया कि भारत ने पश्चिम एशिया में हालात से निपटने के लिए जरूरी कदम उठाए हैं. इसके बाद विदेश सचिव ने प्रेजेंटेशन के माध्यम से बताया कि पेट्रोलियम उत्पादों की कोई कमी नहीं है, और हम पूरी तरह से भारत के हितों का ध्यान रखते हुए कदम उठा रहे हैं. सरकार ने यह भी बताया कि अब तक चार भारतीय जहाज सुरक्षित रूप से संघर्ष क्षेत्र से निकल चुके हैं और जल्द ही अन्य जहाजों को भी वहां से निकाला जाएगा.
पैनिक की कोई जरूरत नहीं
सरकार ने बैठक में यह स्पष्ट किया कि इस संकट के बीच पैनिक की कोई जरूरत नहीं है. विपक्षी दलों को भी इस मुद्दे पर कोई भी जानकारी चाहिए तो वे सरकार से संपर्क कर सकते हैं. विदेश मंत्री एस. जयशंकर और पेट्रोलियम मंत्री हरदीप पुरी ने विपक्ष के सवालों का जवाब देते हुए कहा कि एलपीजी और पेट्रोलियम की अग्रिम बुकिंग की गई है और आपूर्ति के लिए कई देशों से बातचीत भी बढ़ाई गई है.