Creta, Exter से लेकर Venue तक... आज से महंगी हो गई Hyundai की सभी गाड़ियां, जानें कितनी बढ़ी कीमत?

नए साल में कार खरीदने की योजना बना रहे ग्राहकों के लिए झटका देने वाली खबर है. देश की प्रमुख ऑटोमोबाइल कंपनी हुंडई मोटर इंडिया ने 1 जनवरी से अपनी सभी कारों की कीमतों में बढ़ोतरी कर दी है.

All Hyundai vehicles become expensive from today Creta Exter Venue
Image Source: Social Media

नई दिल्ली: नए साल में कार खरीदने की योजना बना रहे ग्राहकों के लिए झटका देने वाली खबर है. देश की प्रमुख ऑटोमोबाइल कंपनी हुंडई मोटर इंडिया ने 1 जनवरी से अपनी सभी कारों की कीमतों में बढ़ोतरी कर दी है. कंपनी ने बताया है कि उसके मॉडल्स की कीमतों में औसतन 0.6 प्रतिशत तक इजाफा किया गया है. यानी अब क्रेटा, वेन्यू, एक्सटर समेत हुंडई की सभी गाड़ियां पहले से महंगी हो गई हैं.

कच्चे माल की बढ़ती कीमत बनी वजह

हुंडई ने कीमत बढ़ाने के पीछे की वजह भी साफ की है. कंपनी का कहना है कि कीमती धातुओं और अन्य जरूरी इनपुट्स की लागत लगातार बढ़ रही है, जिससे उत्पादन खर्च पर सीधा असर पड़ा है. इसके अलावा सप्लाई चेन और मैन्युफैक्चरिंग से जुड़ी लागत में भी इजाफा हुआ है.

कंपनी ने यह भी कहा कि वह ग्राहकों पर बोझ कम से कम डालने के लिए लागत को नियंत्रित करने और काम करने के तरीकों को बेहतर बनाने की लगातार कोशिश कर रही है, लेकिन बढ़ते खर्च के दबाव के चलते कीमतों में मामूली बढ़ोतरी जरूरी हो गई.

हुंडई की कारों की डिमांड बनी हुई मजबूत

हुंडई भारत की सबसे ज्यादा कारें बेचने वाली कंपनियों में शामिल है. साल 2025 में भी कंपनी की गाड़ियों की मांग मजबूत बनी रही. खासतौर पर Creta, Venue और Exter जैसे मॉडल्स ग्राहकों के बीच काफी लोकप्रिय रहे हैं और इनकी बिक्री लगातार अच्छी रही है.

SUV सेगमेंट में क्रेटा लंबे समय से हुंडई की सबसे ज्यादा बिकने वाली कारों में शामिल है, जबकि वेन्यू और एक्सटर ने भी शहरी ग्राहकों के बीच अपनी मजबूत पकड़ बनाई है.

इलेक्ट्रिक सेगमेंट में भी बढ़ रही मौजूदगी

कंपनी इलेक्ट्रिक व्हीकल (EV) सेगमेंट में भी तेजी से आगे बढ़ रही है. Creta EV ने इस साल हुंडई की इलेक्ट्रिक कारों की बिक्री को रफ्तार देने में अहम भूमिका निभाई है. EV सेगमेंट में बढ़ती मांग के बीच हुंडई अपनी मौजूदगी को और मजबूत करने पर काम कर रही है.

अन्य कार कंपनियों ने भी बढ़ाए दाम

हुंडई अकेली कंपनी नहीं है जिसने नए साल से कीमतें बढ़ाई हैं. इससे पहले कई अन्य ऑटोमोबाइल कंपनियों ने भी कीमतों में बढ़ोतरी का ऐलान किया था. रेनॉ इंडिया ने अपनी कारों की कीमतें 2 प्रतिशत तक बढ़ाने की घोषणा की है. वहीं, मर्सिडीज-बेंज इंडिया भी नए साल से करीब 2 प्रतिशत तक कीमत बढ़ाने की योजना बना रही है.

इसके अलावा JSW MG Motor India और निसान इंडिया ने भी जनवरी से इनपुट कॉस्ट और लॉजिस्टिक्स खर्च बढ़ने के चलते 2 से 3 प्रतिशत तक कीमतें बढ़ाने के संकेत दिए हैं.

ये भी पढ़ें- India GDP: जापान-जर्मनी ही नहीं, चीन को भी पीछे छोड़ेगा भारत? रिपोर्ट देखकर परेशान होंगे जिनपिंग!