AUS-W vs SA-W: आईसीसी महिला वनडे वर्ल्ड कप 2025 में ऑस्ट्रेलियाई महिला टीम ने अपने शानदार प्रदर्शन से सबका ध्यान खींचा है. इंदौर में खेले गए मुकाबले में लेग स्पिनर अलाना किंग ने ऐसा कारनामा कर दिखाया, जिसकी गूंज अब पूरे क्रिकेट जगत में सुनाई दे रही है. उन्होंने साउथ अफ्रीका के खिलाफ 7 विकेट झटके और महिला वनडे वर्ल्ड कप इतिहास का सबसे बड़ा रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया.
साउथ अफ्रीका की पारी बनी अलाना के जादू की शिकार
इंदौर के मैदान पर 25 अक्टूबर को साउथ अफ्रीका की टीम टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी थी. शुरुआत तो संभली हुई लगी, लेकिन जब ऑस्ट्रेलिया ने गेंद अलाना किंग के हाथों में दी, तो खेल का रुख ही बदल गया. अलाना ने आते ही अपनी लेग स्पिन से अफ्रीकी बल्लेबाजों को उलझा दिया और पहले चार विकेट बिना कोई रन दिए हासिल कर लिए. उन्होंने अपने स्पेल के अंत में कुल 7 ओवरों में 18 रन देकर 7 विकेट चटकाए, जिससे साउथ अफ्रीका की पूरी टीम सिर्फ 97 रन पर ढेर हो गई.
टूटा जैकी लॉर्ड का 43 साल पुराना रिकॉर्ड
अलाना किंग की यह उपलब्धि क्रिकेट इतिहास के पन्नों में दर्ज हो गई है. उन्होंने न्यूजीलैंड की जैकी लॉर्ड का 43 साल पुराना रिकॉर्ड तोड़ दिया, जिन्होंने साल 1982 में भारत के खिलाफ मैच में 10 रन देकर 6 विकेट लिए थे. अलाना अब महिला वनडे वर्ल्ड कप में एक मैच में सबसे ज्यादा विकेट लेने वाली गेंदबाज बन गई हैं.
एलिस पेरी का रिकॉर्ड भी हुआ ध्वस्त
अलाना ने न सिर्फ वर्ल्ड कप रिकॉर्ड तोड़ा, बल्कि ऑस्ट्रेलियाई महिला क्रिकेट के इतिहास में भी नया कीर्तिमान रच दिया. उन्होंने अपनी साथी खिलाड़ी एलिस पेरी का रिकॉर्ड पीछे छोड़ दिया, जिन्होंने साल 2019 में इंग्लैंड के खिलाफ 22 रन देकर 7 विकेट झटके थे. अब अलाना के नाम वनडे में ऑस्ट्रेलिया की सर्वश्रेष्ठ गेंदबाजी प्रदर्शन का रिकॉर्ड दर्ज हो गया है.
दूसरी बार हासिल किया पांच विकेट हॉल
अलाना किंग का यह प्रदर्शन उनके करियर का दूसरा “फाइव विकेट हॉल” रहा. इस उपलब्धि के साथ वह ऑस्ट्रेलिया की उन चुनिंदा महिला खिलाड़ियों में शामिल हो गई हैं, जिन्होंने वनडे में दो बार 5 या उससे ज्यादा विकेट हासिल किए हैं. उनसे पहले लिन फुलस्टन और जेस जोनासेन यह कारनामा कर चुकी हैं.
ये भी पढ़ें: सिडनी में रोहित और विराट ने बल्ले से मचाया गदर, धमाकेदार पारी खेलकर ध्वस्त कर दिए ये 7 बड़े रिकॉर्ड