जो मन करे करो....यूं ही नहीं वायरल हुआ धुरंधर में अक्षय खन्ना का डांस स्टेप, डायरेक्टर से ली थी परमिशन

पिछले कुछ दिनों से फिल्म धुरंधर सोशल मीडिया और सिनेमाघरों में खूब चर्चा बटोर रही है. हालांकि फिल्म को मिल रहा पॉजिटिव रिस्पॉन्स अपनी जगह, लेकिन असली सुर्खियां बटोर रहे हैं अभिनेता अक्षय खन्ना. जैसे ही उनकी डांसिंग एंट्री स्क्रीन पर आती है.

Akshay Khanna viral dance move in dhurandhar movie co star danish reveals
Image Source: Social Media

पिछले कुछ दिनों से फिल्म धुरंधर सोशल मीडिया और सिनेमाघरों में खूब चर्चा बटोर रही है. हालांकि फिल्म को मिल रहा पॉजिटिव रिस्पॉन्स अपनी जगह, लेकिन असली सुर्खियां बटोर रहे हैं अभिनेता अक्षय खन्ना. जैसे ही उनकी डांसिंग एंट्री स्क्रीन पर आती है, दर्शक सीटियां बजाने लगते हैं. इस एंट्री का वीडियो इंटरनेट पर वायरल हो चुका है और अब इसके पीछे की दिलचस्प कहानी भी सामने आ गई है.


फिल्म में अक्षय के भाई की भूमिका निभाने वाले दानिश ने खुलासा किया कि यह पूरा डांस सीन स्क्रिप्ट का हिस्सा नहीं था. उन्होंने बताया कि लेह–लद्दाख में शूटिंग के दौरान कोरियोग्राफर विजय गांगुली इस गाने पर काम कर रहे थे. पूरा सेटअप तैयार हो चुका था और टीम गाने के मूड को समझ ही रही थी कि अक्षय ने डायरेक्टर आदित्य धर से एक अनोखा सवाल किया— "क्या मैं इसमें डांस कर सकता हूं?" आदित्य धर ने हामी भरते हुए कहा— "जो मन करे करो"—और यहीं से सीन ने नया मोड़ ले लिया.

सेट पर छा गए अक्षय

दानिश के मुताबिक, जब टेक शुरू हुआ, तो सभी कलाकार अपने-अपने हिस्से के हिसाब से मूव कर रहे थे. अक्षय पहले सबको डांस करते हुए देखते रहे और फिर अचानक खुद ही नाचने लगे. हैरानी की बात यह थी कि उनके लिए कोई तय कोरियोग्राफी नहीं थी. जो किया, खुद से किया—और वही दर्शकों के लिए ‘माइंड-ब्लोइंग’ बन गया. शॉट खत्म होने के बाद पूरा सेट तालियों से गूंज उठा. हर किसी को लगा कि अक्षय ने जिस सहजता और एनर्जी के साथ यह एंट्री की, उसने सीन को पूरी तरह बदल दिया. इसी कारण उनका यह वीडियो सोशल मीडिया पर तहलका मचा रहा है.

वायरल ट्रैक और मेकर्स की प्रतिक्रिया

यह डांस सीक्वेंस हिप-हॉप ट्रैक FA9 LA पर फिल्माया गया है, जिसे बहरीनी रैपर ने परफॉर्म किया है. जैसे ही अक्षय का वीडियो वायरल हुआ, मेकर्स ने पूरा गाना रिलीज करने का फैसला किया और दर्शकों ने उसे भी हाथोंहाथ लिया.

फिल्म धुरंधर की स्टार-कास्ट

आदित्य धर द्वारा निर्देशित इस फिल्म में रणवीर सिंह मुख्य भूमिका में नजर आ रहे हैं. उनके साथ अक्षय खन्ना, संजय दत्त, अर्जुन रामपाल, आर. माधवन, सारा अर्जुन, दानिश और राकेश बेदी जैसे दमदार कलाकार फिल्म में अपनी मौजूदगी दर्ज करा रहे हैं.

यह भी पढ़ें: ऑस्कर डिजर्व करते हैं अक्षय खन्ना, फिल्म धुरंधर में रहमान डकैट के रोल को देख फैन हुईं फराह खान