पटना एयरपोर्ट पर टला बड़ा हादसा! लैंडिंग से पहले विमान से टकराया पक्षी, 164 यात्रियों की सांसें अटकीं!

पटना एयरपोर्ट पर सोमवार सुबह उस वक्त हड़कंप मच गया, जब दिल्ली से पटना पहुंची Air India की फ्लाइट AI 1741 लैंडिंग से ठीक पहले बर्ड हिट की घटना का शिकार हो गई.

air-india-flight-bird-hit-patna-airport
Image Source: Social Media

पटना एयरपोर्ट पर सोमवार सुबह उस वक्त हड़कंप मच गया, जब दिल्ली से पटना पहुंची Air India की फ्लाइट AI 1741 लैंडिंग से ठीक पहले बर्ड हिट की घटना का शिकार हो गई. विमान के इंजन के पास पक्षी के टकराने की जानकारी पायलट ने एयर ट्रैफिक कंट्रोल को दी. अचानक सामने आई इस स्थिति के बाद विमान में सवार यात्रियों की चिंता बढ़ गई, हालांकि कुछ ही देर बाद विमान ने सुरक्षित लैंडिंग कर ली.

लैंडिंग से पहले हुआ पक्षी से टकराव

Air India की फ्लाइट AI 1741 सोमवार सुबह दिल्ली से पटना के लिए रवाना हुई थी. पटना एयरपोर्ट पर लैंडिंग से ठीक पहले विमान के इंजन के पास एक पक्षी के टकराने की घटना सामने आई. उस वक्त विमान में 164 यात्री सवार थे. पायलट ने तुरंत एयर ट्रैफिक कंट्रोल को इसकी सूचना दी, जिसके बाद एयरपोर्ट प्रशासन सतर्क हो गया.

घटना की गंभीरता को देखते हुए एहतियाती तौर पर एयरपोर्ट पर इमरजेंसी लैंडिंग प्रोटोकॉल लागू किया गया. रनवे और आसपास के क्षेत्र का निरीक्षण किया गया, ताकि विमान को उतारने के दौरान किसी तरह की अतिरिक्त परेशानी सामने न आए.

सुरक्षित लैंड हुआ विमान

बर्ड हिट की सूचना मिलने के बाद कुछ समय के लिए विमान में सवार यात्रियों के बीच घबराहट का माहौल बन गया था. हालांकि पायलट ने स्थिति को संभालते हुए विमान की सुरक्षित लैंडिंग कराई. जानकारी के मुताबिक विमान करीब 7:43 से 7:44 बजे के आसपास पटना एयरपोर्ट पर उतर गया. विमान के जमीन पर सुरक्षित पहुंचते ही यात्रियों ने राहत की सांस ली. इस घटना में किसी यात्री के घायल होने की सूचना नहीं है. एयरपोर्ट पर पहले से ही सुरक्षा और आपात स्थिति से निपटने की तैयारियां कर ली गई थीं.

फायर सर्विस की टीम रही तैनात

संभावित खतरे को देखते हुए पटना एयरपोर्ट पर फायर सर्विस की टीम को भी तैनात किया गया था. तकनीकी जांच में बर्ड स्ट्राइक की पुष्टि हुई, लेकिन राहत की बात यह रही कि विमान के इंजन को किसी तरह का नुकसान नहीं हुआ. आवश्यक तकनीकी प्रक्रियाएं पूरी करने के बाद विमान को आगे की उड़ान के लिए अनुमति दे दी गई.

मनोज झा समेत यात्रियों को भेजा गया दिल्ली

इस फ्लाइट में आरजेडी सांसद मनोज झा भी सवार थे. उन्हें पटना से इसी फ्लाइट के जरिए दिल्ली लौटना था. बर्ड हिट की घटना के बाद विमान के आगे के संचालन को लेकर एहतियाती प्रक्रिया अपनाई गई, जिसके चलते मनोज झा समेत अन्य यात्रियों को दूसरी फ्लाइट से दिल्ली भेजा गया. यात्रियों को Air India की दूसरी फ्लाइट AI 1852 से दिल्ली रवाना किया गया. यह फ्लाइट करीब 79 मिनट की देरी से दिल्ली के लिए रवाना हुई. इस दौरान यात्रियों को वैकल्पिक व्यवस्था के जरिए उनकी मंजिल तक पहुंचाया गया.