AIIMS Patna Recruitment 2026: अगर आप डॉक्टर हैं और सीनियर रेजिडेंट के पद पर काम करने का सपना देख रहे हैं, तो आपके लिए एक बेहतरीन अवसर है. एम्स पटना ने सीनियर रेजिडेंट के 75 पदों पर भर्ती के लिए वॉक-इन-इंटरव्यू का आयोजन किया है. इसमें किसी लंबी ऑनलाइन प्रक्रिया से गुजरने की आवश्यकता नहीं है, बल्कि उम्मीदवारों का चयन सीधे इंटरव्यू और दस्तावेज जांच के माध्यम से किया जाएगा. यह भर्ती प्रक्रिया 16 अप्रैल से 18 अप्रैल तक चलेगी. आइए जानते हैं इस भर्ती के बारे में विस्तार से.
विभागों और पदों का विवरण
एम्स पटना में अलग-अलग विभागों में विशेषज्ञ डॉक्टरों की आवश्यकता है. इस भर्ती में विभिन्न क्षेत्रों से संबंधित कुल 75 पदों पर नियुक्तियां की जाएंगी. एनेस्थिसियोलॉजी और ऑप्थैल्मोलॉजी विभाग में 4-4 पद, एनाटॉमी, इमरजेंसी मेडिसिन, फोरेंसिक मेडिसिन और टॉक्सिकोलॉजी, नियोनेटोलॉजी, न्यूक्लियर मेडिसिन, पीडियाट्रिक्स, फार्माकोलॉजी, रेडियो-डायग्नोसिस, ट्रांसफ्यूजन मेडिसिन और ब्लड बैंक में 2-2 पद हैं. वहीं, बायोकेमिस्ट्री, डर्मेटोलॉजी, हॉस्पिटल एडमिनिस्ट्रेशन, माइक्रोबायोलॉजी, ऑर्थोपेडिक्स, और फिजिकल मेडिसिन व रिहैबिलिटेशन में 1-1 पद होंगे. इसके अलावा, सीटीवीएस, सीएफएम, साइकैट्री, जनरल सर्जरी, क्लिनिकल हेमेटोलॉजी, जनरल मेडिसिन, पैथोलॉजी/लैब मेडिसिन, और रेडिएशन ऑन्कोलॉजी विभागों में भी कई पदों पर भर्ती की जाएगी.
आवेदन के लिए जरूरी योग्यता
इस वॉक-इन-इंटरव्यू में भाग लेने के इच्छुक उम्मीदवारों के पास संबंधित विषय में एमडी, एमएस, डीएनबी, डीएम, एमसीएच या समकक्ष पोस्ट-ग्रेजुएशन डिग्री होनी चाहिए. उम्मीदवार की डिग्री ऐसे संस्थान से होनी चाहिए जो National Medical Commission या National Board of Examinations in Medical Sciences से मान्यता प्राप्त हो. केवल योग्य उम्मीदवारों को ही इंटरव्यू में सम्मिलित होने का अवसर मिलेगा.
आयु सीमा
एम्स पटना के इस भर्ती अभियान में शामिल होने के लिए अधिकतम आयु सीमा 45 वर्ष तय की गई है. 45 साल से अधिक आयु के उम्मीदवार आवेदन करने के पात्र नहीं होंगे. हालांकि, आरक्षित श्रेणी के उम्मीदवारों को आयु सीमा में छूट दी गई है. ओबीसी उम्मीदवारों को 3 साल, एससी-एसटी उम्मीदवारों को 5 साल, और PwBD उम्मीदवारों को 10 साल की आयु छूट दी जाएगी.
वेतन और लाभ
चयनित उम्मीदवारों को हर महीने 67,700 रुपये का वेतन दिया जाएगा. यह वेतन उन्हें मेडिकल साइनिंग के लिए उपलब्ध किया जाएगा और इसके अलावा अन्य भत्ते भी दिए जा सकते हैं. उम्मीदवारों को सलाह दी जाती है कि वे अपने सभी जरूरी दस्तावेज, प्रमाण पत्र और पासपोर्ट साइज फोटो के साथ इंटरव्यू में शामिल हों, ताकि कोई भी दस्तावेज़ी परेशानी न हो.
इंटरव्यू की तारीख और स्थान
वॉक-इन-इंटरव्यू का आयोजन 16 अप्रैल से 18 अप्रैल तक किया जाएगा. इंटरव्यू सुबह 10 बजे से शुरू होगा, लेकिन उम्मीदवारों को सुबह 9 बजे से पहले ई-क्लासरूम, प्रशासनिक भवन में पहुंचना आवश्यक होगा ताकि दस्तावेज जांच की प्रक्रिया समय पर पूरी हो सके. इंटरव्यू स्थल पर आवेदन फॉर्म उपलब्ध कराया जाएगा, जिसे उम्मीदवारों को भरकर जमा करना होगा और निर्धारित रजिस्ट्रेशन फीस का भुगतान भी करना होगा.
एम्स पटना में सीनियर रेजिडेंट के पद पर भर्ती के लिए इच्छुक उम्मीदवारों को निर्धारित तारीखों पर सभी आवश्यक दस्तावेज़ लेकर इंटरव्यू में उपस्थित होना होगा. उम्मीदवार आधिकारिक वेबसाइट से अधिक जानकारी प्राप्त कर सकते हैं और सुनिश्चित कर सकते हैं कि वे सभी दस्तावेज सही तरीके से प्रस्तुत कर रहे हैं.
ये भी पढ़ें: सिविल जज बनने का शानदार मौका, यहां 173 पदों पर निकली भर्ती, जानिए योग्यता और आवेदन प्रक्रिया