Abhishek Sharma Fifty: एशिया कप 2025 में भारतीय ओपनर अभिषेक शर्मा का कहर थमने का नाम नहीं ले रहा. पाकिस्तान को धूल चटाने के बाद अब बांग्लादेश के खिलाफ भी उन्होंने बल्ले से तबाही मचा दी. मंगलवार को खेले गए मुकाबले में अभिषेक ने सिर्फ 25 गेंदों में अर्धशतक ठोककर यह साबित कर दिया कि वो इस टूर्नामेंट के सबसे खतरनाक बल्लेबाजों में से एक हैं.
5 चौके और 3 छक्कों से सजी उनकी इस पारी में सिर्फ रन ही नहीं थे, बल्कि बांग्लादेशी गेंदबाजों के होश उड़ाने वाला आत्मविश्वास भी था. अभिषेक ने 37 गेंदों पर 75 रन बनाए और 202 के स्ट्राइक रेट से बैटिंग कर दर्शकों को रोमांचित कर दिया. रन आउट जरूर हुए, लेकिन जब तक क्रीज पर टिके रहे, तब तक बांग्लादेश की गेंदबाजी पूरी तरह बेहाल नजर आई.
पाकिस्तान को भी दिखा चुके हैं 'शर्मा जी का टेम्पर'
इससे पहले पाकिस्तान के खिलाफ अभिषेक ने 39 गेंदों में 74 रन की आतिशी पारी खेली थी. उस मुकाबले में भी उनका स्ट्राइक रेट 190 रहा था. शाहीन अफरीदी और हारिस रऊफ जैसे दिग्गज बॉलर्स के खिलाफ उन्होंने जिस तरह से रन बटोरे, वो भारतीय क्रिकेट के फैंस को याद रहेगा.
शाहीन और रऊफ के सामने युवराज सिंह के शिष्य ने जिस आक्रामकता से बल्ला घुमाया, उससे पाकिस्तानी खेमे में खलबली मच गई थी. अब बांग्लादेश के खिलाफ भी उन्होंने अपने उसी रूप की पुनरावृत्ति कर दी.
टीम इंडिया को मिला नया तूफानी ओपनर
एशिया कप में लगातार दो अर्धशतक जमाकर अभिषेक शर्मा ने ना सिर्फ अपनी जगह पक्की कर ली है, बल्कि यह भी दिखा दिया कि आने वाले समय में वह टीम इंडिया की टॉप ऑर्डर बैटिंग की रीढ़ बन सकते हैं. फिलहाल, जिस तरह से वो गेंदबाजों पर हावी हो रहे हैं, उसे देखकर यही कहा जा सकता है कि इस एशिया कप का सितारा कौन होगा, इसका जवाब मैदान पर ही मिल रहा है, अभिषेक शर्मा!
यह भी पढ़ें- रूसी हमले का खौफ, WORLD WAR 3 की तैयारी! यूरोप बनाएगा 'ड्रोन वॉल', €150 अरब होगा खर्च