भारत में इलेक्ट्रिक वाहनों का बाजार तेजी से बढ़ रहा है और इस रेस में अब हीरो मोटोकॉर्प एक बड़ा कदम उठाने जा रहा है. अपने इलेक्ट्रिक ब्रांड VIDA के तहत कंपनी पहले से ही V1 सीरीज स्कूटर बेच रही है, लेकिन अब हीरो ने एक ऐसी बाइक तैयार की है जो आने वाले समय में इलेक्ट्रिक टू-व्हीलर मार्केट का चेहरा बदल सकती है. इसका नाम है Vida Ubex.
हाल ही में हीरो ने इस मोटरसाइकिल का एक टीज़र अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर जारी किया था, जिसे कुछ ही घंटों बाद हटा भी लिया गया. लेकिन मोटर उत्साही लोगों के बीच इसने इतना जोश पैदा कर दिया कि अब सबकी निगाहें इस नई इलेक्ट्रिक बाइक के लॉन्च पर टिक गई हैं.
नवंबर में होगा धमाकेदार अनावरण
हीरो की यह नई इलेक्ट्रिक मोटरसाइकिल Vida Ubex नवंबर 2025 में होने वाले EICMA मोटर शो में पहली बार दुनिया के सामने पेश की जाएगी. माना जा रहा है कि यह मॉडल लगभग पूरी तरह प्रोडक्शन के लिए तैयार है. कंपनी इसे एक ऐसे डिजाइन में ला रही है जो न तो पारंपरिक बाइक की तरह दिखेगा, न ही महज कॉन्सेप्ट जैसा लगेगा बल्कि इसमें होगा स्ट्रीट फाइटर और मॉडर्न रोडस्टर का परफेक्ट मिश्रण.
डिजाइन में दम और लुक में आक्रामकता
टीज़र वीडियो ने भले ही बाइक का पूरा रूप न दिखाया हो, लेकिन इसके सिल्हूट से इतना जरूर साफ है कि हीरो इस बार डिजाइन के साथ कोई समझौता नहीं करने वाला. बाइक में सिंगल-पीस सीट, टायर हगर, USD टेलिस्कोपिक फ्रंट फोर्क, रियर मोनोशॉक सस्पेंशन, और पेटल डिस्क ब्रेक जैसे एलिमेंट्स नजर आए हैं. इसके अलावा, अलॉय व्हील्स और मिड-माउंटेड इलेक्ट्रिक मोटर दी गई है, जो बेल्ट ड्राइव सिस्टम के जरिए पिछले पहिए को पावर देती है. यह सेटअप हाई-एंड इलेक्ट्रिक बाइक्स में ही देखने को मिलता है.
Vida Ubex: कॉन्सेप्ट से कहीं आगे
हीरो मोटोकॉर्प का VIDA ब्रांड पहले भी दो इलेक्ट्रिक कॉन्सेप्ट्स Lynx और Acro दिखा चुका है. जहां Lynx को एक हल्की एडवेंचर ई-बाइक के रूप में देखा गया था, वहीं Acro शुरुआती राइडर्स के लिए बनाई गई थी. लेकिन Ubex इन दोनों से बिल्कुल अलग सोच का नतीजा है. इसमें स्पोर्टी लुक, प्रैक्टिकल डिज़ाइन, और मजबूत रोड प्रेजेंस है, जो इसे एक मास मार्केट इलेक्ट्रिक मोटरसाइकिल बनाता है.
ओला और Ather को चुनौती देने की तैयारी
हीरो का यह कदम सिर्फ एक नई बाइक लॉन्च करने तक सीमित नहीं है. यह दरअसल ओला, Ather, Ultraviolette और Oben जैसे ब्रांड्स को सीधे चुनौती देने की रणनीति का हिस्सा है. हीरो की Vida Ubex रेंज और परफॉर्मेंस के लिहाज से इन सभी ब्रांड्स को कड़ी टक्कर दे सकती है. उम्मीद है कि कंपनी इसे प्रीमियम सेगमेंट में पेश करेगी, जिससे यह भारत की सबसे उन्नत इलेक्ट्रिक मोटरसाइकिलों में से एक बन सकती है.
इलेक्ट्रिक मोबिलिटी रणनीति में बड़ा कदम
हीरो मोटोकॉर्प अब सिर्फ इलेक्ट्रिक स्कूटर्स तक सीमित नहीं रहना चाहता. Vida Ubex के लॉन्च के साथ ही कंपनी इलेक्ट्रिक मोटरसाइकिल सेगमेंट में अपनी मजबूत एंट्री करने जा रही है. यह लॉन्च न केवल हीरो के लिए एक ब्रांड रिफ्रेश साबित होगा, बल्कि भारत में ईवी मोबिलिटी के भविष्य को भी नई दिशा देगा.
यह भी पढ़ें: EV सेगमेंट में गदर मचाने को तैयार Honda, भारत में लॉन्च करेगी धांसू कार, मिल सकते हैं ये दमदार फीचर्स