T20 World Cup: टी20 वर्ल्ड कप 2026 के फाइनल में अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में भारत ने न्यूजीलैंड को 96 रनों से हराकर ऐतिहासिक जीत दर्ज की. इस जीत के साथ ही टीम इंडिया ने टूर्नामेंट में नया इतिहास रच दिया. मैदान पर शानदार प्रदर्शन के बाद जश्न का माहौल था, लेकिन मैच खत्म होने के कुछ ही देर बाद सोशल मीडिया पर एक अलग ही चर्चा शुरू हो गई. भारतीय तेज गेंदबाज अर्शदीप सिंह ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर कुछ मजेदार रील्स शेयर कीं, जिन्होंने फैंस का दिल जीत लिया.
भारत की खिताबी जीत के तुरंत बाद पोस्ट की गई इन रील्स में अर्शदीप सिंह टीम के कई बड़े खिलाड़ियों और कोच के साथ नजर आए. इन वीडियोज में संजू सैमसन, गौतम गंभीर, ईशान किशन, जसप्रीत बुमराह और मोहम्मद सिराज के साथ हल्के-फुल्के अंदाज में जश्न मनाते हुए खिलाड़ी दिखाई दिए. देखते ही देखते ये रील्स सोशल मीडिया पर वायरल हो गईं और फैंस ने जमकर प्रतिक्रिया दी.
संजू सैमसन के साथ रील ने जीता फैंस का दिल
अर्शदीप सिंह की सबसे ज्यादा चर्चा वाली रील संजू सैमसन के साथ थी. लंबे समय से टीम में जगह को लेकर आलोचना और बहस का सामना कर रहे संजू सैमसन ने इस वर्ल्ड कप में शानदार प्रदर्शन किया. फाइनल मुकाबले में उन्होंने 46 गेंदों पर 89 रनों की बेहतरीन पारी खेली, जिसने भारत को बड़े स्कोर तक पहुंचाने में अहम भूमिका निभाई.
अर्शदीप ने संजू सैमसन के साथ वीडियो बनाते हुए मजाकिया अंदाज में कहा, “पाजी, जस्टिस मिल गया!” यह बात सोशल मीडिया पर लंबे समय से चल रहे ‘Justice for Sanju Samson’ कैंपेन की ओर इशारा करती नजर आई. इस वीडियो में संजू सैमसन काफी खुश और उत्साहित दिखाई दिए.
इस पूरे टूर्नामेंट में संजू सैमसन का प्रदर्शन बेहद शानदार रहा. उन्होंने पांच मैचों में कुल 321 रन बनाए और उनकी शानदार बल्लेबाजी के लिए उन्हें ‘प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट’ का खिताब भी दिया गया.
गौतम गंभीर को भी हंसा दिया
अर्शदीप सिंह की एक और रील काफी चर्चा में रही जिसमें टीम इंडिया के हेड कोच गौतम गंभीर नजर आए. गंभीर आमतौर पर गंभीर स्वभाव के लिए जाने जाते हैं और कैमरे के सामने कम ही मुस्कुराते दिखाई देते हैं.
लेकिन अर्शदीप की इस रील में गंभीर मुस्कुराते हुए नजर आए, जिसने फैंस का ध्यान खींच लिया. वीडियो में टीम के खिलाड़ी जश्न के माहौल में दिखाई दिए और माहौल काफी हल्का-फुल्का नजर आया.
ईशान किशन के साथ बिहारी गाने पर रील
अर्शदीप सिंह ने विकेटकीपर बल्लेबाज ईशान किशन के साथ भी एक मजेदार रील शेयर की. इस वीडियो में दोनों खिलाड़ियों ने एक लोकप्रिय बिहारी गाने की लाइन दोहराई – “एक बिहारी, सब पे भारी!”
ईशान किशन को इस टूर्नामेंट के आखिरी चरण में टीम में शामिल किया गया था और उन्होंने मौके का पूरा फायदा उठाया. फाइनल मुकाबले में उन्होंने 25 गेंदों में 54 रनों की तेज पारी खेलकर टीम को मजबूत स्थिति में पहुंचाने में अहम योगदान दिया.
बुमराह और सिराज के साथ एक्सप्रेस रील
अर्शदीप सिंह ने जसप्रीत बुमराह और मोहम्मद सिराज के साथ भी एक छोटी लेकिन शानदार रील पोस्ट की. फाइनल मुकाबले में बुमराह की गेंदबाजी न्यूजीलैंड के लिए बेहद मुश्किल साबित हुई. उन्होंने अपनी सटीक लाइन और लेंथ से बल्लेबाजों पर लगातार दबाव बनाया.
बुमराह के प्रदर्शन की बदौलत न्यूजीलैंड की टीम बड़ा लक्ष्य हासिल करने में पूरी तरह नाकाम रही और भारत ने 96 रनों के बड़े अंतर से मुकाबला जीत लिया.
इस पूरे टूर्नामेंट में अर्शदीप सिंह का प्रदर्शन भी सराहनीय रहा. उन्होंने प्रतियोगिता के दौरान कुल 9 विकेट हासिल किए और टीम की गेंदबाजी को मजबूत बनाने में अहम भूमिका निभाई.
ट्रॉफी के साथ अर्शदीप की सोलो रील
अपनी आखिरी रील में अर्शदीप सिंह अकेले नजर आए और उनके हाथ में विश्व कप की ट्रॉफी थी. इस वीडियो में उन्होंने टीम की ऐतिहासिक उपलब्धि पर खुशी जताई. मुस्कुराते हुए अर्शदीप ने कहा, “पहली बार इतना अच्छा लगा कि हमें इसे दूसरी बार भी करना पड़ा.”
यह बयान भारत की लगातार दूसरी टी20 विश्व कप जीत की ओर इशारा करता है. इस जीत के साथ ही भारतीय टीम ने एक और बड़ा रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया.
ये भी पढ़ें- स्टेडियम में जश्न मना रही थी टीम, तभी गंभीर-सूर्या को लेकर कहां चले गए जय शाह? देखें VIDEO