फिल्म 'धुरंधर' की सफलता के बाद डायरेक्टर आदित्य धर लगातार सुर्खियों में हैं. फिल्म को मिल रही कामयाबी के बीच अब उन्होंने अपनी पत्नी और एक्ट्रेस यामी गौतम की जिंदगी में अहमियत के बारे में बात की है. आदित्य का कहना है कि वह पिछले 20 साल से मेहनत कर रहे थे, लेकिन यामी के उनकी जिंदगी में आने के बाद उनकी किस्मत बदल गई. हाल ही में एक इवेंट में दोनों ने एक-दूसरे की जमकर तारीफ की.
यामी को अपना लकी चार्म मानते हैं आदित्य धर
न्यूज18 से बातचीत के दौरान यामी गौतम और आदित्य धर ने एक-दूसरे के साथ अपने रिश्ते और जिंदगी में उनकी अहमियत पर खुलकर बात की. अपनी सफलता के बारे में आदित्य ने कहा कि जिसे लोग रातोंरात मिली शोहरत समझ रहे हैं, वहां तक पहुंचने में उन्हें 20 साल लग गए. उनका सफर उतार-चढ़ाव से भरा रहा है.
आदित्य ने कहा कि वह खुद को खुशकिस्मत मानते हैं कि उनकी शादी यामी जैसे खूबसूरत इंसान से हुई. उनके मुताबिक, जिस दिन यामी उनकी जिंदगी में आईं, उसी दिन से उनकी किस्मत बदल गई. डायरेक्टर ने अपनी सफलता का श्रेय पत्नी को देते हुए कहा कि यामी के लकी होने की वजह से ही वह दुनिया के सामने भारत की कहानी पेश कर पा रहे हैं.
पति आदित्य धर की तारीफ में क्या बोलीं यामी?
यामी गौतम ने भी पति आदित्य धर की खूबियों के बारे में बात की. उनसे जब पूछा गया कि एक फिल्ममेकर और इंसान के तौर पर आदित्य को दूसरों से क्या अलग बनाता है, तो उन्होंने कहा कि उनमें ईमानदारी, अच्छे संस्कार, जुनून और मेहनत का शानदार मेल है.
यामी के मुताबिक, फिल्म इंडस्ट्री में कई बार ऐसे अनुभव मिलते हैं, जो इंसान को कड़वा और नकारात्मक बना सकते हैं. हालांकि, आदित्य ने अपने सफर में कई मुश्किलों का सामना करने के बावजूद अपनी अच्छाई और विनम्रता बरकरार रखी है.
70 घंटे तक बिना सोए सेट पर काम करते थे आदित्य
यामी ने आदित्य की काम के प्रति लगन का भी जिक्र किया. उन्होंने बताया कि आदित्य कई बार बिना सोए करीब 70 घंटे तक फिल्म के सेट पर काम करते थे. उनके पास अपने प्रोजेक्ट को लेकर हमेशा एक स्पष्ट विजन रहता था और उसे बेहतर बनाने के लिए वह पूरी मेहनत करते थे.
यामी का मानना है कि बड़ा सपना देखने और उसे पूरा करने के लिए हिम्मत की जरूरत होती है. आदित्य में अपने विजन पर भरोसा करने और उसे हकीकत में बदलने का साहस है.
यामी को गोल्डन हार्ट वाली इंसान मानते हैं आदित्य
आदित्य धर भी पत्नी की तारीफ करने में पीछे नहीं रहे. उन्होंने यामी को गोल्डन हार्ट वाली इंसान बताया. डायरेक्टर का मानना है कि दर्शकों ने अभी तक यामी गौतम की पूरी काबिलियत नहीं देखी है. उनके मुताबिक, यामी में अभिनय की काफी संभावनाएं हैं.
चंद्रगुप्त मौर्य पर फिल्म बनाएंगे आदित्य धर?
'धुरंधर' की सफलता के बाद आदित्य धर के अगले प्रोजेक्ट को लेकर भी चर्चाएं तेज हैं. इंटरनेट पर दावा किया जा रहा है कि वह चंद्रगुप्त मौर्य के जीवन पर फिल्म बना सकते हैं. हालांकि, इस प्रोजेक्ट को लेकर अभी तक कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है. ऐसे में यह देखना दिलचस्प होगा कि आदित्य धर अपनी अगली फिल्म में कौन-सी कहानी लेकर आते हैं.
यह भी पढ़ें: 10 साल बाद लौटेगी 'आइस एज', मैनी-सिड के सामने होगा डायनासोर और ज्वालामुखी का खतरा