Ranveer Singh Threat: बॉलीवुड अभिनेता रणवीर सिंह को हाल ही में एक धमकी भरा मैसेज मिला है. जानकारी के मुताबिक, यह धमकी उन्हें वॉट्सऐप पर एक वॉइस नोट के जरिए भेजी गई, जिसमें उनसे करोड़ों रुपये की मांग की गई. इस मैसेज के मिलने के बाद रणवीर सिंह ने तुरंत इसकी जानकारी मुंबई पुलिस को दी.
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने एहतियातन रणवीर सिंह और उनकी पत्नी दीपिका पादुकोण के घर की सुरक्षा बढ़ा दी है. पुलिस की टीम इस पूरे मामले की जांच में जुट गई है और धमकी देने वाले व्यक्ति की पहचान करने की कोशिश की जा रही है.
पुलिस कर रही है आरोपी की तलाश, कॉल और वॉइस नोट की जांच
पुलिस वॉट्सऐप वॉइस नोट और जिस नंबर से मैसेज भेजा गया है, उसकी जांच कर रही है. कॉल डिटेल्स और टेक्निकल सबूतों के आधार पर आरोपी तक पहुंचने की कोशिश की जा रही है. फिलहाल यह साफ नहीं हो पाया है कि धमकी किसने दी है और इसके पीछे क्या मकसद है. पुलिस इस मामले को गंभीरता से ले रही है, क्योंकि इससे पहले भी फिल्म इंडस्ट्री से जुड़े लोगों को धमकी मिलने के मामले सामने आ चुके हैं.
पहले रोहित शेट्टी के घर के बाहर हुई थी फायरिंग
कुछ समय पहले फिल्म निर्देशक रोहित शेट्टी के घर के बाहर फायरिंग की घटना भी सामने आई थी. उस मामले में पुलिस ने कई लोगों को हिरासत में लिया था. जांच के दौरान फायरिंग की जिम्मेदारी लॉरेंस बिश्नोई गैंग ने ली थी, जिससे फिल्म इंडस्ट्री में सुरक्षा को लेकर चिंता और बढ़ गई थी.
ये भी पढ़ें- क्या है 14C, जो साइबर अपराधियों के लिए बन रहा काल? गृह मंत्री अमित शाह ने दी जानकारी