बिहार के सुपौल में दर्दनाक हादसा, कीर्तन कर रहे श्रद्धालुओं में घुसी बेकाबू कार, 3 की मौत

Supaul Car Accident: सुपौल के पिपरा थाना क्षेत्र के कटैया गोठ में मंगलवार देर शाम दर्दनाक सड़क हादसा हुआ. तेज रफ्तार अनियंत्रित कार श्रद्धालुओं के बीच जा घुसी. हादसे में तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए.

accident in Supaul Bihar Out-of-control car ploughs into devotees performing Kirtan 3 dead
Image Source: Social Media

Supaul Car Accident: सुपौल के पिपरा थाना क्षेत्र के कटैया गोठ में मंगलवार देर शाम दर्दनाक सड़क हादसा हुआ. तेज रफ्तार अनियंत्रित कार श्रद्धालुओं के बीच जा घुसी. हादसे में तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए.

घटना एनएच-327ई पर सुपौल-पिपरा मुख्य मार्ग के कटैया चौक स्थित बजरंगबली मंदिर के पास हुई. झूलन पर्व के मौके पर मंदिर के पास ग्रामीण भजन-कीर्तन कर रहे थे. इसी दौरान पिपरा की तरफ से तेज रफ्तार में आ रही कार अचानक अनियंत्रित हो गई और श्रद्धालुओं को कुचलते हुए आगे निकल गई.

हादसे में तीन श्रद्धालुओं की मौत

हादसे में कटैया पंचायत के वार्ड नंबर 15 निवासी सुरेंद्र यादव, वार्ड नंबर 12 निवासी तिलाई दास और राजू दास की मौत हो गई. वहीं भुवनेश्वरी यादव, रामचंद्र यादव समेत तीन लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं. घटना के तुरंत बाद स्थानीय लोगों ने सभी घायलों को इलाज के लिए सदर अस्पताल, सुपौल पहुंचाया.

कार लेकर भागने लगा चालक

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, मंदिर के पास श्रद्धालु भजन-कीर्तन में व्यस्त थे. तभी तेज रफ्तार कार अचानक अनियंत्रित होकर लोगों के बीच घुस गई. हादसे के बाद चालक कार लेकर मौके से भागने लगा. कुछ दूरी पर चालक ने कार को एक गैरेज में घुसा दिया. उस समय गैरेज में संचालक और कर्मचारी मौजूद नहीं थे. इससे वहां एक और बड़ा हादसा होने से बच गया.

तीन मौतों के बाद ग्रामीणों ने किया सड़क जाम

हादसे में तीन लोगों की मौत की जानकारी मिलते ही ग्रामीणों में गुस्सा फैल गया. आक्रोशित लोगों ने सुपौल-पिपरा मुख्य मार्ग को जाम कर दिया. सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई.

ग्रामीण आरोपी चालक के खिलाफ कार्रवाई और मृतकों के परिवार को उचित मुआवजा देने की मांग कर रहे थे. सूचना मिलने के बाद पिपरा थाना पुलिस और सदर इंस्पेक्टर मौके पर पहुंचे. पुलिस ने लोगों को समझाने की कोशिश शुरू की और घटनास्थल पर निगरानी रखी.

कार जब्त, जांच में जुटी पुलिस

पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त कार को अपने कब्जे में ले लिया है. हादसे की जांच की जा रही है. पुलिस चालक की पहचान और दुर्घटना के कारणों का पता लगाने में जुटी है. घटना के बाद कटैया गोठ में मातम का माहौल है. मृतकों के परिवार और स्थानीय लोग हादसे से सदमे में हैं.

ये भी पढ़ें- UP में 60 साल से ज्यादा उम्र वाली महिलाओं को बड़ा तोहफा, रोडवेज बसों में कर सकेंगी फ्री सफर