लखनऊ: उत्तर प्रदेश की योगी आदित्यनाथ सरकार ने कैबिनेट बैठक में आम लोगों से जुड़े कई अहम फैसलों पर मुहर लगाई है. इनमें 60 साल या उससे अधिक उम्र की महिलाओं को रोडवेज बसों में मुफ्त यात्रा की सुविधा देने का प्रस्ताव सबसे प्रमुख है.
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ बुधवार को ‘लोकमाता अहिल्याबाई मातृशक्ति योजना’ की शुरुआत कर सकते हैं. योजना लागू होने के बाद प्रदेश की एक करोड़ से अधिक बुजुर्ग महिलाओं को इसका लाभ मिलने की उम्मीद है.
बुजुर्ग महिलाओं को मिलेगी मुफ्त बस यात्रा की सुविधा
सरकार का कहना है कि इस योजना का उद्देश्य बुजुर्ग महिलाओं को आर्थिक राहत देने के साथ उन्हें प्रदेश के भीतर आसान और सुविधाजनक परिवहन उपलब्ध कराना है. 60 वर्ष और उससे अधिक आयु की महिलाओं को उत्तर प्रदेश रोडवेज की बसों में यात्रा के लिए किराया नहीं देना होगा.
सरकार इस फैसले को महिला सशक्तिकरण और सामाजिक सुरक्षा की दिशा में महत्वपूर्ण कदम मान रही है. 2011 की जनगणना के आंकड़ों के आधार पर 60 वर्ष से अधिक उम्र की महिलाओं की संख्या करीब 81 लाख बताई गई है.
250 इलेक्ट्रिक बसों की खरीद को मंजूरी
कैबिनेट ने परिवहन व्यवस्था को आधुनिक और पर्यावरण के अनुकूल बनाने के लिए 250 इलेक्ट्रिक बसें खरीदने के प्रस्ताव को भी मंजूरी दी है. करीब 425 करोड़ रुपये की लागत से खरीदी जाने वाली इन बसों में 42-सीटर और 52-सीटर मॉडल शामिल होंगे.
इसके अलावा रक्षाबंधन के अवसर पर महिलाओं को रोडवेज की साधारण बसों में मुफ्त यात्रा की सुविधा भी दी जाएगी. यह सुविधा 26 अगस्त से 29 अगस्त तक रहेगी, जबकि 27 अगस्त सुबह 6 बजे से 29 अगस्त की आधी रात तक इसका विशेष लाभ मिलेगा.
ये भी पढ़ें: महिलाओं को मुफ्त बस यात्रा, हरिद्वार तक गंगा एक्सप्रेसवे... योगी कैबिनेट की बैठक में 24 प्रस्ताव मंजूर