'कोई भी प्रीमियर तेज गेंदबाज...' अभिषेक शर्मा ने पाकिस्तानी टीम को सरेआम किया रोस्ट, देखें Video

दुबई में एशिया कप 2025 के फाइनल मुकाबले में भारत और पाकिस्तान के बीच जबरदस्त क्रिकेट मुकाबला देखने को मिला.

Abhishek Sharma publicly roasted the Pakistani team
प्रतिकात्मक तस्वीर/ ANI

दुबई में एशिया कप 2025 के फाइनल मुकाबले में भारत और पाकिस्तान के बीच जबरदस्त क्रिकेट मुकाबला देखने को मिला. इस मुकाबले में भारतीय टीम के सलामी बल्लेबाज अभिषेक शर्मा ने शानदार प्रदर्शन करते हुए पूरे टूर्नामेंट में अपनी विस्फोटक बल्लेबाजी से सभी का ध्यान आकर्षित किया. हालांकि, फाइनल मैच में उनका दिन कुछ खास नहीं रहा, लेकिन टूर्नामेंट के दौरान उनकी प्रदर्शन की चमक किसी से छिपी नहीं.

अभिषेक शर्मा का धमाकेदार प्रदर्शन

पूरे एशिया कप के दौरान अभिषेक शर्मा ने निरंतर और आक्रामक बल्लेबाजी की. हर मैच में उन्होंने 30 से अधिक रन बनाए और उनका स्ट्राइक रेट लगभग 200 तक रहा, जो एक सलामी बल्लेबाज के लिए काफी प्रभावशाली माना जाता है. वे अपनी बल्लेबाजी के पहले ही ओवर से विपक्षी गेंदबाजों पर दबाव बनाने में सफल रहे. इस आक्रामक रणनीति ने टीम इंडिया को कई मौकों पर बढ़त दिलाई. अभिषेक की इसी शानदार बल्लेबाजी के लिए उन्हें चमचमाती कार से सम्मानित किया गया, जो प्लेयर ऑफ द मैच का पुरस्कार था.

अभिषेक ने बताया सफलता का राज

मैच के बाद इंटरव्यू में अभिषेक शर्मा ने बताया कि उनके खेल के पीछे कोच और कप्तान का भरपूर समर्थन है. उन्होंने कहा, "विश्व कप जीतने के बाद टीम में अपनी जगह पाना हर सलामी बल्लेबाज के लिए आसान नहीं था. हमारी योजना थी कि हम अपनी बल्लेबाजी से शुरूआत से ही विपक्ष पर दबाव बनाएं. इसके लिए हमने कड़ी मेहनत की है. ऐसे खेल में कोच और कप्तान का सहयोग बेहद जरूरी होता है और मुझे वो सहयोग मिला है."

अभिषेक ने आगे कहा कि इस तरह आक्रामक खेलना आसान नहीं होता. इसमें असफलताओं का सामना भी करना पड़ता है. लेकिन अगर खिलाड़ी खुद पर विश्वास रखे और टीम की रणनीति के साथ बने रहे, तो वह अपने और टीम के लिए मैच जीतने में मददगार साबित हो सकता है. उन्होंने कहा, "बस यह जरूरी है कि आप प्रोसेस पर भरोसा रखें."

शाहीन अफरीदी को लेकर खास अंदाज

इंटरव्यू के दौरान जब अभिषेक से पूछा गया कि अलग-अलग पिचों पर खेलने का क्या प्लान था, तो उन्होंने बड़ी ही मजेदार प्रतिक्रिया दी. उन्होंने कहा, "मेरे दिमाग में हमेशा यही था कि पहली गेंद से ही आक्रमण करना है. चाहे स्पिनर हो, तेज गेंदबाज या कोई भी प्रीमियम तेज गेंदबाज (यह कहते हुए उन्होंने मुस्कुराते हुए अपनी बात कही), मेरी योजना थी कि मुझे टीम पर प्रभाव डालना है."

ये भी पढ़ें- टीम इंडिया ने मोहसिन नकवी को किया बेइज्जत, PCB चीफ के हाथ से नहीं ली ट्रॉफी, सवा घंटे तक हुआ बवाल