सोशल मीडिया पर फैलने वाली अफवाहें कई बार सेलेब्स के लिए परेशानी का कारण बन जाती हैं. ऐसा ही कुछ यूट्यूबर और बिग बॉस ओटीटी 2 फेम अभिषेक मल्हान उर्फ फुकरा इंसान के साथ हुआ, जब उनका नाम एक्ट्रेस जिया शंकर के साथ सगाई की खबरों में जोड़ा जाने लगा. इन चर्चाओं पर अब अभिषेक ने खुलकर प्रतिक्रिया दी है और साफ शब्दों में इन दावों को बेबुनियाद बताया है.
कुछ दिनों पहले सोशल मीडिया पर एक पोस्ट तेजी से वायरल हुई, जिसमें दावा किया गया कि अभिषेक मल्हान और जिया शंकर जल्द ही सगाई करने वाले हैं. यहां तक कहा गया कि दोनों ने अपने रिश्ते को ऑफिशियल कर लिया है और शादी की दिशा में कदम बढ़ा रहे हैं. इसके बाद X (पूर्व ट्विटर) पर भी तरह-तरह के दावे सामने आने लगे, जहां कुछ यूजर्स ने यह तक लिख दिया कि बिग बॉस ओटीटी 2 के बाद दोनों ने चुपचाप सगाई कर ली है.
अफवाहों पर भड़के अभिषेक मल्हान
इन चर्चाओं के बढ़ने के बाद अभिषेक ने 1 जनवरी को अपनी इंस्टाग्राम स्टोरी के जरिए सच्चाई सामने रखी. उन्होंने लिखा कि लोग बिना किसी वजह उनका नाम किसी के साथ जोड़ना बंद करें. अभिषेक ने कहा कि वह जिस शो का हिस्सा थे, वह अध्याय तीन साल पहले ही खत्म हो चुका है और उस वक्त उनका रुख पूरी तरह साफ था, जो आज भी नहीं बदला है.उन्होंने नाराजगी जाहिर करते हुए यह भी कहा कि हैरानी की बात यह है कि ऐसी अफवाहें हर साल किसी न किसी रूप में दोबारा सामने आ जाती हैं. उनके मुताबिक, यह अब एक तरह का पैटर्न बन चुका है, जिसे दर्शक भी अच्छी तरह समझते हैं.
जिया शंकर की फोटो से क्यों मची थी हलचल?
दरअसल, इन अफवाहों की शुरुआत तब हुई जब जिया शंकर ने हाल ही में इंस्टाग्राम पर एक रोमांटिक तस्वीर शेयर की थी. इस फोटो में वह एक मिस्ट्री मैन के साथ नजर आ रही थीं, जो उन्हें माथे पर किस करता दिख रहा था. हालांकि, उस शख्स का चेहरा सामने नहीं था, लेकिन इस पोस्ट ने यह साफ कर दिया कि जिया किसी और के साथ रिलेशनशिप में हैं.तस्वीर के कैप्शन में जिया ने लिखा था, “चलो झूठी अफवाहों को 2025 में ही छोड़ देते हैं,” जिसे कई लोगों ने सीधे तौर पर अभिषेक मल्हान से जुड़ी खबरों पर जवाब माना.
बिग बॉस से शुरू हुई थीं चर्चाएं
जिया शंकर और अभिषेक मल्हान के बीच रिश्ते की अटकलें बिग बॉस ओटीटी 2 के दौरान शुरू हुई थीं. शो के बाद दोनों एक म्यूजिक वीडियो में भी साथ नजर आए, जिससे इन चर्चाओं को और हवा मिली. हालांकि, जिया पहले ही कई बार साफ कर चुकी हैं कि उनके और अभिषेक के बीच सिर्फ दोस्ती का रिश्ता है.फिलहाल, अभिषेक मल्हान की इस प्रतिक्रिया के बाद यह साफ हो गया है कि जिया शंकर के साथ उनकी सगाई की खबरें महज अफवाह हैं और इनका हकीकत से कोई लेना-देना नहीं है.
यह भी पढ़ें: 40 की उम्र में इस एक्ट्रेस ने फिर शुरू की नई लव स्टोरी, BF के साथ शेयर की रोमैंटिक तस्वीरें