आज का मौसम 17 जनवरी: जनवरी का दूसरा पखवाड़ा देश के बड़े हिस्से के लिए कड़ाके की सर्दी और घने कोहरे के साथ आगे बढ़ रहा है. खासकर पश्चिम और उत्तर भारत में सुबह-शाम की गलन लोगों की दिनचर्या पर असर डाल रही है. सड़कों पर दृश्यता कम है, ट्रेन-उड़ानों पर भी मौसम की मार साफ दिख रही है.
इसी बीच भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने कई राज्यों के लिए शीतलहर, शीत दिवस और घने कोहरे को लेकर अलर्ट जारी किया है. मौसम विभाग का कहना है कि पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से अगले एक-दो दिन मौसम का मिजाज बदला रहेगा, हालांकि इसके बाद ठंड में धीरे-धीरे नरमी आने की संभावना है.
उत्तर भारत में ठंड और कोहरे का डबल अटैक
IMD के पूर्वानुमान के मुताबिक हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश, झारखंड, ओडिशा और छत्तीसगढ़ के कुछ हिस्सों में शीतलहर चल सकती है. वहीं उत्तर-पश्चिम भारत और बिहार में अगले पांच दिनों तक सुबह और रात के समय घना कोहरा छाए रहने की आशंका जताई गई है. उत्तराखंड, पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़ और उत्तर प्रदेश के कई इलाकों में अगले दो दिनों तक शीत दिवस जैसी स्थिति बनी रह सकती है, जिससे दिन में भी ठंड का असर महसूस होगा.
बारिश और बर्फबारी को लेकर चेतावनी
पश्चिमी विक्षोभ के चलते पहाड़ी राज्यों में मौसम करवट लेने वाला है. मौसम विभाग ने जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड के ऊंचाई वाले इलाकों में हल्की बारिश और बर्फबारी की संभावना जताई है. इसके अलावा मैदानी इलाकों में भी कुछ तारीखों को बारिश हो सकती है. पंजाब में 18, 19 और 22 जनवरी को, हरियाणा-चंडीगढ़ में 19 और 22 जनवरी को और पश्चिमी उत्तर प्रदेश में 22 जनवरी को कहीं-कहीं बारिश होने के आसार हैं.
दिल्ली-NCR का मौसम अपडेट
चार दिन की शीतलहर के बाद राजधानी दिल्ली को थोड़ी राहत मिली है. शुक्रवार को न्यूनतम तापमान 4 डिग्री से ऊपर दर्ज किया गया. हालांकि शनिवार के लिए कोहरे का येलो अलर्ट जारी किया गया है.पूर्वानुमान के अनुसार शनिवार को आंशिक बादल छाए रहेंगे. ज्यादातर इलाकों में मध्यम कोहरा और कुछ जगहों पर घना कोहरा रह सकता है. अधिकतम तापमान करीब 22 डिग्री और न्यूनतम तापमान 7 डिग्री के आसपास रहने की संभावना है. 18 से 20 जनवरी के बीच मौसम में ज्यादा बदलाव नहीं होगा, लेकिन 21 जनवरी से एक बार फिर सर्दी के तेवर तेज हो सकते हैं. उस दौरान अधिकतम तापमान 19 से 21 डिग्री और न्यूनतम 6 से 8 डिग्री तक गिर सकता है.
प्रमुख शहरों का तापमान (17 जनवरी)
दिल्ली में अधिकतम 23 और न्यूनतम 6 डिग्री सेल्सियस रहने की उम्मीद है. मुंबई में मौसम गर्म रहेगा, जहां पारा 32/17 डिग्री के आसपास रह सकता है. कोलकाता में 23/13, चेन्नई में 27/22, लखनऊ में 20/7, पटना में 22/10 और जयपुर में 22/8 डिग्री तापमान दर्ज होने का अनुमान है. पहाड़ी इलाकों की बात करें तो मनाली में तापमान 2 से माइनस 9 डिग्री और नैनीताल में 16/5 डिग्री के आसपास रह सकता है.
उत्तर प्रदेश में ठंड का असर
उत्तर प्रदेश में बर्फीली हवाओं के कारण सुबह और शाम जबरदस्त ठिठुरन बनी हुई है. दिन में तेज धूप जरूर राहत दे रही है, लेकिन गलन कम नहीं हुई है. मौसम विभाग ने राज्य के कुछ हिस्सों में बारिश की संभावना जताई है, हालांकि राजधानी लखनऊ और आसपास के इलाकों में फिलहाल बारिश के आसार कम हैं. पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से आने वाले पांच से छह दिनों में तापमान में धीरे-धीरे बढ़ोतरी हो सकती है. न्यूनतम तापमान में 4 से 6 डिग्री तक उछाल आने की उम्मीद है.
बिहार का मौसम
बिहार में पिछले कुछ दिनों से तेज धूप के कारण मौसम में नरमी देखने को मिल रही है. दिन के समय ठंड का असर कम है, लेकिन सुबह और शाम लोगों को सर्दी महसूस हो रही है. IMD के अनुसार अधिकतम तापमान में बढ़ोतरी हुई है, जबकि न्यूनतम तापमान में बहुत ज्यादा बदलाव नहीं आया है. तराई क्षेत्रों में मध्यम कोहरा छाए रहने की संभावना है. राहत की बात यह है कि अगले सात दिनों तक बिहार में मौसम शुष्क रहने का अनुमान है और फिलहाल शीतलहर को लेकर कोई चेतावनी जारी नहीं की गई है.
जम्मू-कश्मीर में मौसम का हाल
कश्मीर घाटी में न्यूनतम तापमान में हल्का सुधार दर्ज किया गया है और पारा सामान्य से ऊपर पहुंच गया है. हालांकि अधिकांश इलाकों में रात का तापमान अब भी शून्य से नीचे बना हुआ है. कोकरनाग एकमात्र स्थान रहा, जहां न्यूनतम तापमान 0.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. मौसम विभाग के मुताबिक एक नया पश्चिमी विक्षोभ कश्मीर की ओर बढ़ रहा है, जिसके असर से ऊंचाई वाले इलाकों में हल्की बर्फबारी और निचले क्षेत्रों में हल्की बारिश हो सकती है.
यह भी पढ़ें: दिल्लीवालों की सांसों पर संकट! 2024 में 9211 लोगों की मौत, जानिए किस बीमारी ने ली सबसे ज्यादा जान