दोस्तों के साथ पार्टी करने निकला था युवक, रास्ते में ही मधुमक्खियों ने कर दिया हमला, इतना काटा कि ले ली जान

छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले में मधुमक्खियों के हमले से एक और जान चली गई. रूद्री रोड स्थित अमलताशपुरम कॉलोनी के सामने गुरुवार शाम को 34 वर्षीय मुरली चावला पर मधुमक्खियों ने हमला कर दिया. आस-पास के लोगों ने उसे तुरंत पास के निजी अस्पताल पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया.

A young man died due to bee attack in Dhamtari district
प्रतीकात्मक तस्वीर | Photo: Freepik

Bee attack: छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले में मधुमक्खियों के हमले से एक और जान चली गई. रूद्री रोड स्थित अमलताशपुरम कॉलोनी के सामने गुरुवार शाम को 34 वर्षीय मुरली चावला पर मधुमक्खियों ने हमला कर दिया. आस-पास के लोगों ने उसे तुरंत पास के निजी अस्पताल पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया. पिछले दो वर्षों में जिले में मधुमक्खियों के डंक से यह दूसरी मौत है, जिससे क्षेत्र में दहशत और प्रशासन की उदासीनता को लेकर आक्रोश बढ़ रहा है.

खतरनाक छत्तों से घिरा शहर

धमतरी शहर और जिलेभर में सार्वजनिक स्थलों, पेड़ों और सरकारी कार्यालयों पर मधुमक्खियों के छत्तों की भरमार है. इतवारी बाजार के पीपल और बरगद के पेड़ पर लटके छत्ते स्थानीय लोगों के लिए रोज़मर्रा की चुनौती बन चुके हैं. शुक्रवार को दोपहर में इन मधुमक्खियों ने कई दुकानदारों और राहगीरों पर हमला कर दिया. करीब आधे घंटे तक उड़ती मधुमक्खियों ने 5 से अधिक लोगों को डंक मार दिए.

पिछले हफ्ते भी साप्ताहिक बाजार में मधुमक्खियों ने कई लोगों को निशाना बनाया था. सबसे चिंताजनक बात यह है कि नगर निगम कार्यालय और कलेक्ट्रेट के पास भी मधुमक्खियों के छत्ते खुलेआम खतरा बने हुए हैं, लेकिन प्रशासन की तरफ से कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है.

मुरली चावला की मौत: एक दर्दनाक घटना

मृतक मुरली चावला के भाई हरीश ने पुलिस को बताया कि मुरली 22 मई की सुबह अपने दोस्तों के साथ पार्टी के लिए निकला था. शाम को जब वह घर नहीं लौटा तो खोजबीन शुरू हुई. इसी दौरान शाम 6.30 बजे खबर मिली कि मुरली को मधुमक्खियों ने काट लिया है. अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया.

डॉ. एमए नसीम द्वारा किए गए पोस्टमार्टम में सामने आया कि मुरली के पैर, पीठ और पेट पर मधुमक्खियों ने 15 से अधिक बार डंक मारा था, जिससे उसे एनाफिलेक्टिक शॉक और कार्डियक अरेस्ट हुआ और उसकी मौत हो गई. 

प्रशासन ने क्या कहा?

धमतरी कलेक्टर अबिनाश मिश्रा ने कहा है कि जहां भी मधुमक्खियों के छत्तों से खतरे की आशंका है, वहां जांच की जाएगी और वन विभाग से भी कार्रवाई के लिए बात की जा रही है.

धमतरी जिले में मधुमक्खियों का आतंक

18 जनवरी 2024 – बेलरगांव के बुजुर्ग सोनऊराम की मधुमक्खियों के हमले से मौत.

26 फरवरी 2025 – डुमराही तालाब किनारे डॉ. अभिजीत जैन पर हमला, ICU में भर्ती.

14 मई 2025 – सुशासन तिहार के दौरान मोहेरा गांव में दो ग्रामीण घायल.

22 मई 2025 – मुरली चावला की मौत.

ये भी पढ़ें: असम में भीड़ ने पीट-पीटकर मार डाला बंगाल टाइगर, लोग ट्रॉफी बनाकर ले गए आंख-कान