पुणे के चर्चित केतन अग्रवाल हत्याकांड की जांच में एक नया और महत्वपूर्ण खुलासा सामने आया है। पुलिस को एक कैफे का CCTV फुटेज मिला है, जिसने मामले की जांच को नई दिशा दे दी है। अधिकारियों के अनुसार, हत्या से ठीक एक दिन पहले मुख्य आरोपी सिया गोयल और चेतन चौधरी ने एक कैफे में मुलाकात की थी, जहां कथित तौर पर दोनों के बीच लंबी बातचीत हुई। पुलिस के मुताबिक, 17 जून 2026 की शाम सिया और चेतन पुणे स्थित थर्ड वेव कैफे पहुंचे थे। कैमरे में दोनों को शाम करीब 4:35 बजे कैफे में प्रवेश करते हुए देखा गया है। लगभग एक घंटे तक साथ समय बिताने के बाद वे करीब 5:30 बजे वहां से निकल गए। जांच एजेंसियां अब इसी बैठक को पूरे मामले की महत्वपूर्ण कड़ी मान रही हैं।
हत्या की साजिश का शक
जांचकर्ताओं का दावा है कि कैफे में हुई इस मुलाकात के दौरान केतन अग्रवाल को लेकर आगे की रणनीति बनाई गई थी। पुलिस के पास मौजूद डिजिटल सबूतों और पूछताछ से मिली जानकारी के आधार पर यह आशंका जताई जा रही है कि यहीं बैठकर कथित साजिश को अंतिम रूप दिया गया।
यूट्यूब सर्च हिस्ट्री ने बढ़ाया शक
मामले में एक और दिलचस्प पहलू सामने आया है। जांच में पता चला है कि घटना से पहले सिया गोयल ने यूट्यूब पर लोहागढ़ किले से जुड़े कई वीडियो देखे थे। पुलिस का कहना है कि उसने यह जानकारी चेतन चौधरी के साथ साझा की थी। अधिकारियों को संदेह है कि इस लोकेशन का इस्तेमाल कथित योजना के तहत किया गया हो सकता है।
डिजिटल सबूतों की गहराई से पड़ताल
अब जांच केवल CCTV फुटेज तक सीमित नहीं रह गई है। पुलिस मोबाइल फोन डेटा, चैट रिकॉर्ड, कॉल डिटेल्स, इंटरनेट सर्च हिस्ट्री और दोनों आरोपियों के बीच हुई ऑनलाइन बातचीत की भी जांच कर रही है। अधिकारियों का मानना है कि डिजिटल ट्रेल इस केस के कई अहम राज खोल सकती है।
जांच में यह भी सामने आया है कि 20 वर्षीय सिया गोयल के जन्मदिन को यादगार बनाने के लिए 26 वर्षीय केतन अग्रवाल बड़े स्तर पर तैयारियां कर रहा था। बताया जा रहा है कि 19 जून को होने वाले जन्मदिन समारोह के लिए उसने महाबलेश्वर के एक लग्जरी रिजॉर्ट में 40 से 50 कमरों की बुकिंग तक करवाई थी।
दूसरी तरफ चल रही थी कथित साजिश
जांच एजेंसियों का आरोप है कि जहां एक ओर केतन जन्मदिन समारोह की तैयारियों में जुटा था, वहीं दूसरी ओर सिया और उसके कथित प्रेमी चेतन चौधरी उसके खिलाफ योजना बनाने में लगे हुए थे। पुलिस का दावा है कि लोहागढ़ किले के आसपास कई बार रेकी करने के बाद 18 जून को कथित साजिश को अंजाम दिया गया।
केतन अग्रवाल की मौत के बाद परिवार गहरे सदमे में है। उनके पिता विशाल अग्रवाल का कहना है कि जिस बेटे को उन्होंने परिवार का भविष्य और अपने बुढ़ापे का सहारा माना था, उसे विश्वास और रिश्तों के नाम पर धोखा मिला। परिवार अब मामले में सख्त कार्रवाई और न्याय की मांग कर रहा है।
ये भी पढ़ें- रात में दूसरे मर्द से बात कर सकती है पत्नी, नहीं लगेगा चरित्र पर दाग... अदालत ने क्यों की यह टिप्पणी?