Iran War: पश्चिम एशिया में जारी तनाव के बीच एक बड़ा दावा सामने आया है. अमेरिकी अखबार वॉल स्ट्रीट जर्नल (WSJ) की एक रिपोर्ट के मुताबिक, बहरीन और कुवैत ने इस महीने गुप्त रूप से ईरान के अंदर मौजूद कुछ सैन्य ठिकानों पर हवाई हमले किए हैं. अगर यह दावा सही साबित होता है, तो यह पहली बार होगा जब इन दोनों खाड़ी देशों ने सीधे ईरान के खिलाफ सैन्य कार्रवाई की होगी.
रिपोर्ट के अनुसार, हमलों में ईरान के ड्रोन और मिसाइल स्टोरेज साइट्स समेत कई सैन्य ठिकानों को निशाना बनाया गया. माना जाता है कि ईरान अक्सर खाड़ी देशों में मौजूद अमेरिकी सैन्य ठिकानों को निशाना बनाकर अपने विरोधियों पर दबाव बनाने की कोशिश करता है. ऐसे में इन हमलों को बड़ी रणनीतिक कार्रवाई माना जा रहा है.
UAE ने पर्दे के पीछे निभाई अहम भूमिका
रिपोर्ट में दावा किया गया है कि संयुक्त अरब अमीरात (UAE) ने सीधे हमला नहीं किया, लेकिन पूरे ऑपरेशन में अहम मदद की. बताया गया है कि UAE ने ईरान के सैन्य ठिकानों से जुड़ी खुफिया जानकारी उपलब्ध कराई और मिशन के दौरान सुरक्षा के लिए एयर कवर भी दिया. यानी वह इस अभियान का महत्वपूर्ण सहयोगी रहा.
बहरीन और कुवैत ने बदली अपनी नीति
बहरीन और कुवैत की वायुसेना बहुत बड़ी नहीं मानी जाती, लेकिन दोनों देशों के पास आधुनिक अमेरिकी और यूरोपीय लड़ाकू विमान हैं. रिपोर्ट के मुताबिक, हाल के समय में ईरान की बढ़ती सैन्य गतिविधियों के बाद दोनों देशों ने अपनी पुरानी नीति बदलने का फैसला किया.
अब तक बहरीन और कुवैत, ओमान और कतर की तरह ईरान के साथ सीधे टकराव से बचते रहे थे, लेकिन इस बार उन्होंने अलग रास्ता अपनाया.
सऊदी अरब भी बदल रहा है रणनीति
रिपोर्ट में यह भी कहा गया है कि संघर्ष की शुरुआत में सऊदी अरब ने UAE के साथ मिलकर ईरान के खिलाफ कार्रवाई में हिस्सा लिया था. हालांकि अब सऊदी अरब अपने अगले कदम को लेकर नई रणनीति पर विचार कर रहा है.
ईरान ने किया पलटवार का दावा
इस बीच ईरान ने दावा किया है कि उसने बहरीन, कुवैत और जॉर्डन में मौजूद अमेरिकी सैन्य ठिकानों को निशाना बनाया है.
ईरान की रिवोल्यूशनरी गार्ड्स का कहना है कि बहरीन में अमेरिकी सैन्य अड्डे पर हमला किया गया. वहीं कुवैत में कैंप उदैरी, कैंप दोहा, कैंप अरिफजान और अली अल सलेम एयर बेस पर ड्रोन हमले किए गए. हालांकि इन दावों की स्वतंत्र पुष्टि अभी तक नहीं हो सकी है.
ये भी पढ़ें- पीएम मोदी के सेल्फी वीडियो ने रचा कीर्तिमान, 24 घंटे में मिले 303 करोड़ व्यूज, टूटा IShowSpeed का रिकॉर्ड