'मेरा बाप सब संभाल लेगा', 3 छात्रों को कार से कुचलने के बाद भी नहीं टूटी रईसजादे की अकड़, जानें मामला

केरल के कोच्चि के नेदुंबसेरी में तेज रफ्तार कार की टक्कर से तीन छात्रों की मौत हो गई.

Kerala Kochi speeding mini cooper kills 3 near driver detained arrogance
Image Source: Social Media

केरल के कोच्चि के नेदुंबसेरी में तेज रफ्तार कार की टक्कर से तीन छात्रों की मौत हो गई. हादसे के बाद मौके पर मौजूद लोगों ने जब कार चालक को रोका, तो उसने कथित तौर पर कहा कि उसके पिता सब संभाल लेंगे. चश्मदीद के मुताबिक, हादसा इतना भीषण था कि आसपास मौजूद लोग तुरंत घायलों की मदद के लिए दौड़े, लेकिन तब तक तीनों की हालत बेहद गंभीर हो चुकी थी.

प्रत्यक्षदर्शी सलीम ने बताया कि वह हादसे के समय घटनास्थल के पास ही मौजूद था. अचानक जोरदार आवाज आई, जिसके बाद लोग मौके पर पहुंचे. वहां एक मिनी कूपर कार की टक्कर से तीन लोग घायल पड़े थे. स्थानीय लोगों ने कार को रोक लिया और चालक से पूछताछ की. सलीम के मुताबिक, चालक ने कहा कि उसके पिता सब संभाल लेंगे. कुछ देर बाद पुलिस और एंबुलेंस मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक तीनों छात्र दम तोड़ चुके थे.

तेज रफ्तार कार ने स्कूटर को मारी टक्कर

यह हादसा कोच्चि के नेदुंबसेरी इलाके में हुआ. जानकारी के मुताबिक, एक मिनी कूपर कार ने स्कूटर को पीछे से टक्कर मार दी. स्कूटर पर तीन छात्र सवार थे. टक्कर इतनी जोरदार थी कि तीनों की मौके पर ही मौत हो गई.

मृतकों की पहचान 21 वर्षीय इयास, देविका और गोपिका के रूप में हुई है. हादसे के बाद पुलिस ने आरोपी चालक सुहैल सजीव को हिरासत में ले लिया और कार जब्त कर ली. बताया जा रहा है कि हादसे के वक्त कार तेज रफ्तार में थी.

क्या नशे में था कार चालक?

पुलिस इस मामले की जांच कर रही है. यह भी पता लगाया जा रहा है कि हादसे के समय आरोपी चालक शराब के नशे में था या नहीं. उसके खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है और दुर्घटना से जुड़े दूसरे पहलुओं की भी जांच की जा रही है.

इस हादसे में तीन युवाओं की मौत से उनके परिवारों में मातम पसरा है. वहीं, घटना के बाद आरोपी के कथित बयान को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं. पुलिस की जांच के बाद ही हादसे से जुड़ी पूरी जानकारी सामने आ सकेगी.