लखनऊ के विकास नगर में आग का तांडव, 200 झुग्गी-झोपड़ियां जलकर खाक, फायर ब्रिगेड की मशक्कत जारी

लखनऊ में गर्मी के मौसम की शुरुआत के साथ ही एक बड़ी आग की घटना सामने आई है, जिसने शहर के विकास नगर इलाके को दहला दिया. बुधवार दोपहर विकास नगर थाना क्षेत्र स्थित झुग्गी-झोपड़ियों में आग लग गई, जिससे अफरातफरी मच गई.

A massive fire erupted in the slums of Vikas Nagar Lucknow
Image Source: Social Media

लखनऊ में गर्मी के मौसम की शुरुआत के साथ ही एक बड़ी आग की घटना सामने आई है, जिसने शहर के विकास नगर इलाके को दहला दिया. बुधवार दोपहर विकास नगर थाना क्षेत्र स्थित झुग्गी-झोपड़ियों में आग लग गई, जिससे अफरातफरी मच गई. फायर ब्रिगेड की आधा दर्जन से ज्यादा गाड़ियां मौके पर पहुंची और दमकल कर्मी आग पर काबू पाने में जुटे हुए हैं. इस घटना में राहत और बचाव कार्य में स्थानीय पुलिस भी पूरी तरह से जुटी हुई है, जबकि लखनऊ के डीएम और पुलिस कमिश्नर मौके पर मौजूद हैं.

भीषण आग ने 200 झुग्गियों को चपेट में लिया

घटना के समय विकास नगर सेक्टर-14 में करीब 200 झुग्गियां जलकर खाक हो गईं. आग की लपटें इतनी तेज थीं कि झोपड़ियों में रखे गैस सिलेंडर और रेफ्रिजरेटर के कंप्रेसर फटने लगे, जिससे इलाके में धमाकों की आवाजें सुनाई दीं. इन धमाकों से पूरा इलाका थर्रा उठा और स्थानीय लोग डर के मारे बाहर निकल आए. देखते ही देखते आग ने सैकड़ों झुग्गियों को अपनी चपेट में ले लिया, और तेज लपटों के साथ धुआं आसमान में फैल गया.

दमकलकर्मियों की भारी मशक्कत

आग की सूचना मिलते ही लखनऊ फायर ब्रिगेड की 12 गाड़ियां मौके पर पहुंच गईं. फायर ब्रिगेड की टीमों ने लगातार पानी की बौछार कर आग पर काबू पाने की कोशिश की, लेकिन स्थिति गंभीर थी. आग के साथ-साथ गैस सिलेंडर के फटने के कारण बचाव कार्य में और भी मुश्किलें आ रही थीं. पूरे इलाके में काला धुआं फैला हुआ था और लोग अपनी जलती हुई झोपड़ियों के पास खड़े होकर रो रहे थे.

झुलसे हुए लोग अस्पताल में भर्ती

अब तक इस घटना में किसी के हताहत होने की खबर तो नहीं आई है, लेकिन कई लोग आग की चपेट में आकर झुलस गए हैं. घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया जा रहा है और उनका इलाज चल रहा है. स्थानीय पुलिस ने इलाके को घेर लिया है और फायर ब्रिगेड की टीम लगातार राहत कार्य में जुटी हुई है. एक महिला ने बताया कि उनकी झोपड़ी का सारा सामान जलकर राख हो गया और उन्हें केवल आंसू ही दिख रहे थे.

लखनऊ DM और पुलिस कमिश्नर मौके पर पहुंचे

घटना की गंभीरता को देखते हुए लखनऊ के DM विशाख जी और पुलिस कमिश्नर अमरेंद्र कुमार सेंगर ने मौके पर पहुंचकर राहत कार्य की निगरानी की. डीएम ने बताया कि फिलहाल आग पर काबू पा लिया गया है और प्रभावित लोगों को रैन बसेरों और कल्याण मंडप में शिफ्ट किया जा रहा है. उन्होंने कहा कि झुग्गियों में रखा सामान जलने से कई लोग प्रभावित हुए हैं, लेकिन राहत कार्य जारी है.

डिप्टी सीएम बृजेश पाठक ने किया घटनास्थल का दौरा

घटना के बाद प्रदेश सरकार के डिप्टी सीएम बृजेश पाठक भी मौके पर पहुंचे. उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि रैन बसेरों में पीड़ितों को शिफ्ट किया जाए और उनके लिए खाने-पीने की व्यवस्था की जाए. इसके अलावा, स्वास्थ्य विभाग की ओर से मेडिकल कैंप भी लगाए जा रहे हैं. बृजेश पाठक ने यह भी कहा कि घायलों को तुरंत अस्पताल भेजा जा रहा है और उनकी इलाज पर पूरी निगरानी रखी जाएगी. उन्होंने जांच के आदेश भी दिए हैं ताकि यह पता चल सके कि आग कैसे लगी.

ये भी पढ़ें: पत्नी और दोस्त के बीच अवैध संबंध का शक, पति ने उठाया खौफनाक कदम; जानकर रह जाएंगे दंग!