पत्नी और दोस्त के बीच अवैध संबंध का शक, पति ने उठाया खौफनाक कदम; जानकर रह जाएंगे दंग!

Baghpat Crime News: बागपत में दोस्ती के कत्ल की एक ऐसी खौफनाक कहानी सामने आई है जिसे सुनकर किसी की भी रूह कांप जाए. एक युवक ने शक की आग में जलकर अपने ही सबसे अच्छे दोस्त को मौत के घाट उतार दिया.

Uttar Pradesh Suspecting an illicit relationship between wife and frien husband takes drastic step
Image Source: Freepik

Baghpat Crime News: बागपत में दोस्ती के कत्ल की एक ऐसी खौफनाक कहानी सामने आई है जिसे सुनकर किसी की भी रूह कांप जाए. एक युवक ने शक की आग में जलकर अपने ही सबसे अच्छे दोस्त को मौत के घाट उतार दिया. मामला सिर्फ हत्या तक ही नहीं रुका, बल्कि आरोपी ने जो इसके बाद किया, उसने इंसानियत को भी शर्मसार कर दिया.

यह पूरी घटना बागपत के छपरौली इलाके के सिनौली गांव की है. यहाँ रहने वाले मुकुल की दोस्ती मंजीत नाम के युवक से थी. दोनों काफी गहरे दोस्त थे, लेकिन मंजीत के मन में एक शक पल रहा था. उसे शक था कि उसके दोस्त मुकुल के उसकी पत्नी के साथ गलत संबंध हैं. बस इसी एक शक ने सालों पुरानी दोस्ती के बीच नफरत की दीवार खड़ी कर दी.

शराब पार्टी के बहाने बुलाया और मार दी गोली

मंजीत ने मुकुल को रास्ते से हटाने के लिए एक खतरनाक साजिश रची. उसने मुकुल को फोन किया और उसे शराब पार्टी के बहाने अपने घर बुलाया. मुकुल अपने दोस्त पर भरोसा करके वहां चला गया, उसे अंदाज़ा भी नहीं था कि यह उसकी आखिरी रात होगी.

पार्टी के दौरान दोनों ने साथ में शराब पी, लेकिन तभी मंजीत ने पुरानी बातों को लेकर मुकुल से झगड़ा शुरू कर दिया. बहस इतनी बढ़ गई कि मंजीत ने गुस्से में अपना आपा खो दिया और अपने नाबालिग भांजे के साथ मिलकर मुकुल के सीने में गोली दाग दी. मुकुल की मौके पर ही तड़प-तड़प कर जान चली गई.

स्कूटी पर लाश और कुएं में ठिकाना

हत्या करने के बाद मंजीत घबराया नहीं, बल्कि सबूत मिटाने में जुट गया. उसने फिल्म की तरह लाश को ठिकाने लगाने की योजना बनाई. मंजीत ने अपने भांजे की मदद से मुकुल के शव को एक स्कूटी पर बीच में रखा और उसे रस्सी से बांध दिया. रात के अंधेरे में वे खेतों के रास्ते से होते हुए जंगल पहुंचे और वहां एक सुनसान कुएं में लाश को फेंक दिया ताकि किसी को कभी पता न चले.

पुलिस ने ऐसे किया पर्दाफाश

जब मुकुल घर नहीं लौटा, तो उसके भाई नकुल ने पुलिस में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई. नकुल ने पुलिस को बताया कि मुकुल आखिरी बार मंजीत के साथ देखा गया था. पुलिस ने जब शक के आधार पर मंजीत को पकड़कर सख्ती से पूछताछ की, तो वह टूट गया और उसने अपना सारा गुनाह कबूल कर लिया.

पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर कुएं से सड़ी-गली हालत में शव को बाहर निकाला. हत्या में इस्तेमाल किया गया हथियार भी पुलिस ने बरामद कर लिया है. फिलहाल पुलिस ने आरोपी को जेल भेज दिया है और मामले की आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है. इस घटना ने पूरे इलाके में दहशत फैला दी है कि कैसे एक शक की वजह से एक दोस्त ही दूसरे दोस्त का काल बन गया.

ये भी पढ़ें- यूपी के युवाओं के लिए खुशखबरी! इन विभागों में 2000 से अधिक पदों पर निकली भर्ती, जानें कैसे करें आवेदन