Bastar News: छत्तीसगढ़ के बस्तर से एक ऐसी हैरान कर देने वाली घटना सामने आई है, जिसने पूरे गांव और सोशल मीडिया को चौंका दिया है. अक्सर बड़े-बड़े लोग सांप का नाम सुनकर डर जाते हैं, लेकिन यहां 9 महीने की मासूम बच्ची ने अपने छोटे-छोटे दांतों से जहरीले सांप का सामना कर दिया. हैरत की बात ये रही कि सांप की मौत हो गई, जबकि बच्ची पूरी तरह सुरक्षित रही. गांववालों ने इस साहसी बच्ची को अब ‘नन्हीं शेरनी’ का नाम दे दिया है.
खेलते-खेलते उठाया जहरीला सांप
यह घटना बस्तर जिले के परपा थाना क्षेत्र के कोयेनार गांव की है. 13 अगस्त को 9 महीने की मानवी नाम की बच्ची घर के कमरे में खेल रही थी. इस दौरान उसकी मां दीपिका तबीयत खराब होने के कारण दूसरे कमरे में आराम कर रही थी और बाकी परिवारजन घर के कामों में व्यस्त थे. तभी अचानक कमरे में एक जहरीला सांप घुस आया. मासूम मानवी ने उसे खिलौना समझ लिया और हाथों से पकड़कर मुंह में डाल लिया. उसने अपने छोटे दांतों से सांप को इतना चबाया कि उसकी मौत हो गई.
मां ने देखा तो रह गई हैरान
कुछ देर बाद जब मां दीपिका बेटी को देखने कमरे में पहुंची तो सामने का नजारा देख उनके होश उड़ गए. बच्ची हाथों में सांप पकड़े हुए थी और उसे दांतों से काट रही थी. उन्होंने तुरंत सांप को दूर फेंक दिया और घबराते हुए बच्ची को गोद में उठाकर बाहर ले आईं. इसके बाद परिवार ने आनन-फानन में बच्ची को लेकर जगदलपुर के मेकाज अस्पताल पहुंचाया.
डॉक्टर भी हुए चकित
अस्पताल में बच्ची की तुरंत जांच की गई. डॉक्टरों ने 24 घंटे तक बच्ची को निगरानी में रखा और फिर बताया कि वह पूरी तरह सुरक्षित है. डॉक्टरों के मुताबिक, बच्ची के दांतों के वार से सांप की मौत तुरंत हो गई होगी और उसे बच्ची को काटने का मौका ही नहीं मिला.
‘नन्हीं शेरनी’ बनी मानवी
गांव के लोग इस घटना के बाद से ही बच्ची को ‘नन्हीं शेरनी’ कहकर बुलाने लगे हैं. सोशल मीडिया पर भी इस खबर ने खूब सुर्खियां बटोरी हैं. जहां लोग इस मासूम की बहादुरी पर हैरान हैं, वहीं परिवारजन अब भी सोचकर कांप उठते हैं कि अगर सांप ने पलटवार कर दिया होता तो क्या होता. लेकिन किस्मत ने मानवी का साथ दिया और वह आज गांव की छोटी हीरोइन बन गई है.
ये भी पढ़ें: रेड कॉरिडोर का ग्रीन होने की कहानी... PM Modi ने बस्तर में नक्सलवाद से विकास तक के बदलाव का किया जिक्र