Venezuela Beauty Pageants: वेनेजुएला अक्सर अपनी विशाल तेल संपदा के लिए जाना जाता है, लेकिन इस देश की सबसे बड़ी खासियत सिर्फ तेल नहीं है. दुनिया के सबसे बड़े ब्यूटी पेजेंट में भी वेनेजुएला ने अपनी अलग पहचान बनाई है. वेनेजुएला की लड़कियों ने मिस वर्ल्ड, मिस यूनिवर्स, मिस अर्थ और मिस इंटरनेशनल जैसे अंतरराष्ट्रीय खिताबों में बार-बार परचम लहराया है.
इतिहास देखें तो वेनेजुएला की सुंदरियों ने अब तक 6 बार मिस वर्ल्ड, 7 बार मिस यूनिवर्स, 2 बार मिस अर्थ और 9 बार मिस इंटरनेशनल का ताज अपने नाम किया है. कुल मिलाकर, वेनेजुएला अब तक 24 से अधिक प्रमुख ब्यूटी पेजेंट खिताब जीत चुकी है. अमेरिका के बाद ब्यूटी पेजेंट में सफलता के मामले में यह देश दूसरे नंबर पर आता है. यही वजह है कि वेनेजुएला को केवल "तेल का देश" नहीं बल्कि "ब्यूटी क्वीनों का देश" भी कहा जाता है.
वेनेजुएला में ब्यूटी पेजेंट्स का राज
वेनेजुएला में ब्यूटी पेजेंट्स का महत्व केवल सौंदर्य तक सीमित नहीं है. यहां के लिए यह एक सांस्कृतिक परंपरा और करियर विकल्प भी माना जाता है. ज्यादातर लड़कियां बचपन से ही अपने आप को बड़े पेजेंट्स के लिए तैयार करने का सपना देखती हैं. सिर्फ खूबसूरत दिखना ही पर्याप्त नहीं होता. प्रतियोगिता जीतने के लिए फिटनेस, ड्रेसिंग सेंस, आत्मविश्वास और बौद्धिक क्षमता भी जरूरी होती है.
वेनेजुएला में ब्यूटी पेजेंट्स को जीतने के लिए लड़कियों को विभिन्न स्तरों पर परखा जाता है. इसमें वॉकिंग स्टाइल, टैलेंट राउंड, इंटरव्यू और सोशल स्किल्स शामिल होते हैं. इन सभी परीक्षणों में अच्छा प्रदर्शन करना आवश्यक होता है, तभी वे इंटरनेशनल लेवल तक पहुंच पाती हैं.
कम उम्र से शुरू होती है ट्रेनिंग
वेनेजुएला में लड़कियों को पेजेंट्स के लिए तैयार करना एक लंबी और कठोर प्रक्रिया है. अधिकांश लड़कियां कम उम्र से ही ट्रेनिंग शुरू कर देती हैं. उनके प्रशिक्षण में फिटनेस, पोसिंग, मॉडलिंग स्किल्स और पेजेंट एटिकेट शामिल होते हैं.
इसके अलावा, कई लड़कियों को सर्जरी और अन्य प्रक्रियाओं का भी सहारा लेना पड़ता है. उदाहरण के लिए, ब्रेस्ट इम्प्लांट, नोज सर्जरी और बट लिफ्ट जैसी प्रक्रियाएं सामान्य मानी जाती हैं. राजधानी कराकस में बेलन्काजार ब्यूटी अकादमी जैसी संस्थाएं हैं, जहां लड़कियों को पेजेंट्स की तैयारी के लिए प्रशिक्षित किया जाता है. साथ ही यहां कई प्लास्टिक सर्जरी सेंटर भी मौजूद हैं, जो पेजेंट्स की तैयारी में मदद करते हैं.
ब्यूटी क्वीन बनने की भारी कीमत
पेजेंट्स में सफलता पाने के लिए वेनेजुएला की लड़कियों को भारी कीमत चुकानी पड़ती है. यह केवल कड़ी मेहनत तक सीमित नहीं है, बल्कि कई बार शारीरिक और मानसिक दर्द भी सहना पड़ता है. 2013 में मिस वेनेजुएला कंटेस्टेंट वी ने नवा ने खुद बताया था कि उन्होंने वजन कम करने के लिए अपनी जीभ की सर्जरी करवाई थी. इसमें उनके मुँह में एक प्लास्टिक मेश लगाया गया था, जिससे ठोस खाना खाना मुश्किल हो गया.
इसके चलते उन्हें केवल लिक्विड फूड पर निर्भर रहना पड़ा. इस प्रक्रिया ने वजन तेजी से कम करने में मदद की, लेकिन दर्द भी बेहद था. यह उदाहरण बताता है कि वेनेजुएला में ब्यूटी पेजेंट जीतना केवल सौंदर्य का खेल नहीं है. इसके लिए लड़कियों को शारीरिक, मानसिक और सामाजिक दृष्टि से कई तरह की चुनौतियों का सामना करना पड़ता है.
क्यों रहती है वेनेजुएला में इतनी सफलता
विशेषज्ञों के अनुसार, वेनेजुएला में इस क्षेत्र में सफलता का राज सिस्टमेटिक ट्रेनिंग, युवा उम्र से तैयारी और सख्त परिश्रम में है. वहीं, यहां की लड़कियों का मानसिक दृष्टिकोण भी जीतने के लिए काफी मजबूत होता है. वे ब्यूटी पेजेंट्स को केवल मनोरंजन का साधन नहीं बल्कि करियर और पहचान का मंच मानती हैं.
यह भी देखा गया है कि वेनेजुएला में परिवार और समाज भी पेजेंट्स की सफलता में योगदान देते हैं. माता-पिता और ब्यूटी एकेडमी दोनों मिलकर लड़कियों को मानसिक, शारीरिक और तकनीकी तौर पर तैयार करते हैं. यही कारण है कि वेनेजुएला की सुंदरियों ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बार-बार सफलता हासिल की है और देश को "ब्यूटी क्वीनों की धरती" के रूप में प्रसिद्ध किया है.
ये भी पढ़ें- ऑपरेशन सिंदूर में मसूद अजहर का सम्राज्य तबाह, अभी तक गहरा है जख्म; रोने का एक और ऑडियो वायरल