Personality Development: कभी ऐसा महसूस हुआ है कि आप एक नेकदिल इंसान हैं, मेहनत करते हैं, लेकिन फिर भी लोग आपकी असल वैल्यू नहीं समझते? आपकी बातें अक्सर नजरअंदाज हो जाती हैं, आपकी उपस्थिति को हल्के में लिया जाता है, और कई बार तो ऐसा लगता है जैसे आप किसी के लिए मायने ही नहीं रखते. ये सारी बातें धीरे-धीरे आपके आत्मविश्वास को तोड़ने लगती हैं. लेकिन क्या आपने कभी सोचा है कि ये सब आपके हालातों के कारण नहीं, बल्कि कुछ गलत आदतों के कारण हो सकता है? जो हम अक्सर अनजाने में दूसरों को भेजते हैं, कि हम किसी के लिए महत्वपूर्ण नहीं हैं.
हर बात पर 'हां' कहना
कई लोग हमेशा दूसरों की मदद करने के लिए तैयार रहते हैं, चाहे वे खुद थके हों, व्यस्त हों, या किसी कारण से न भी चाहें. वे कभी नहीं मना करते, हर बार 'हां' ही बोलते हैं. जबकि ये आदत आपकी अहमियत को कम करती है. जब आप बार-बार हां कहते हैं, तो लोग आपको एक ऑप्शन समझने लगते हैं, प्राथमिकता नहीं. इसलिए यह जरूरी नहीं कि हर बार 'हां' कहा जाए. कभी-कभी, शांति से 'न' कहना सीखना भी उतना ही जरूरी है.
खुद को कम आंककर बोलना
कुछ लोग स्वाभाविक रूप से अपने आप को दूसरों से कम आंकने की आदत डाल लेते हैं. जैसे "मुझे ज्यादा नहीं आता", "मैं बस ऐसे ही बोल रहा था", या "शायद मैं गलत हूं"—ऐसी बातें वे दूसरों से कहने लगते हैं. लेकिन क्या आप जानते हैं कि जब आप अपनी उपलब्धियों को छोटा करते हैं तो दूसरे भी आपको कम आंकने लगते हैं? अपनी बात को आत्मविश्वास से रखें और कभी भी अपनी मेहनत या सफलताओं को छोटा न समझें. यही आपका असली मूल्य होगा.
दूसरों से बार-बार वैलिडेशन लेना
अगर आप हमेशा दूसरों से अपने फैसलों के लिए अनुमोदन (वैलिडेशन) मांगते रहते हैं, तो यह आदत आपकी वैल्यू को कम करती है. किसी भी फैसले में दूसरों का सहमति जरूरी हो सकता है, लेकिन यह आदत अगर बार-बार हो, तो इससे यह संदेश जाता है कि आप अपने आप पर विश्वास नहीं करते. छोटे फैसले खुद लेना शुरू करें और अपनी गलतियों से सीखें. आत्मनिर्भरता धीरे-धीरे आपके आत्मविश्वास को मजबूत करेगी, और लोग भी आपको उतनी ही अहमियत देंगे.
असम्मान को चुपचाप सहना
हमेशा चुप रहना और दूसरों का असम्मान सहना, खुद को कमजोर बना देता है. चाहे कोई आपको ताने मार रहा हो, आपकी बात को काट रहा हो या आपको इग्नोर कर रहा हो, अगर आप चुप रहते हैं तो इससे लोग आपको हल्के में लेते हैं. आपको यह समझना चाहिए कि मजाक और असम्मान में फर्क होता है. जब आप असम्मान महसूस करें, तो उसे नम्रता से रोकना सीखें और अपनी बात रखें. अपनी सीमाएं तय करें और कभी भी दूसरों को अपनी इज्जत गिराने का मौका न दें.
खुद को सबसे पीछे रखना
कई लोग खुद को हमेशा दूसरों से पीछे रखते हैं, जैसे "पहले सब, फिर मैं". हालांकि यह आदत आपको दूसरों के लिए तो अच्छा बना सकती है, लेकिन अंततः आप खुद को नजरअंदाज कर देंगे और आपकी वैल्यू घट जाएगी. इस आदत को बदलने के लिए खुद के लिए समय निकालें. अपनी सेहत, ग्रोथ, और आत्मसम्मान पर फोकस करें. जब आप खुद की देखभाल करेंगे, तो लोग भी आपकी अहमियत समझेंगे.
ये भी पढ़ें: 50 की उम्र में कैसे 25 साल की दिखती हैं बॉलीवुड की ये एक्ट्रेस, शेयर किया अपनी फिटनेस का राज