BPSC TRE-4: बिहार में नई सरकार के गठन के बाद शिक्षा विभाग ने शिक्षकों की बड़ी बहाली BPSC TRE-4 को लेकर तैयारियां तेज कर दी हैं. राज्य के शिक्षा मंत्री सुनील कुमार ने संकेत दिया है कि जिलों से रिक्त पदों का पूरा विवरण जुटाया जा रहा है और इसे जल्द ही बीपीएससी को भेज दिया जाएगा.
इसके बाद आयोग रोस्टर की मंजूरी के आधार पर भर्ती प्रक्रिया औपचारिक रूप से शुरू करेगा. मंत्री ने कहा कि सभी प्रक्रियाएं समय पर पूरी होने पर जनवरी 2026 तक TRE-4 का नोटिफिकेशन जारी होने की संभावना है.
27 हजार से अधिक शिक्षकों की होगी नियुक्ति
शिक्षा विभाग ने स्पष्ट किया है कि नई नियुक्ति प्रक्रिया के तहत प्राथमिक, मध्य और 2 विद्यालयों में कुल 27,000 से अधिक पदों को भरा जाएगा. विभाग के अनुसार राज्य के स्कूलों में वर्षों से चली आ रही शिक्षक कमी को दूर करने के लिए यह बहाली अत्यंत महत्वपूर्ण है.
शिक्षा मंत्री सुनील कुमार ने कहा कि बीपीएससी और विभाग के बीच लगातार समन्वय बढ़ रहा है ताकि भर्ती प्रक्रिया पिछली बार की तरह विलंब का शिकार न हो. उन्होंने कहा, “जिलों से रिक्तियों का डेटा आ रहा है. रोस्टर तैयार होते ही बीपीएससी भर्ती शुरू कर देगा. हमारा लक्ष्य है कि जनवरी 2026 तक नोटिफिकेशन जारी कर दिया जाए.”
उच्च शिक्षा विभाग का गठन, अब बिहार में दो शिक्षा मंत्री
बिहार सरकार ने शिक्षा ढांचे में बड़ा परिवर्तन करते हुए उच्च शिक्षा विभाग का अलग से गठन कर दिया है. नई व्यवस्था के तहत अब राज्य में दो शिक्षा मंत्री होंगे. एक स्कूल शिक्षा के लिए और दूसरा उच्च शिक्षा के लिए.
शिक्षा मंत्री सुनील कुमार ने इसे मुख्यमंत्री नीतीश कुमार का दूरदर्शी कदम बताया. उन्होंने कहा कि उच्च शिक्षा विभाग बनना इसलिए भी जरूरी था क्योंकि विश्वविद्यालयों और कॉलेजों के लिए एक अलग प्रशासनिक ढांचा लंबे समय से मांग रहा था.
उच्च शिक्षा के लिए नई व्यवस्था क्यों महत्वपूर्ण?
राज्य सरकार का दावा है कि उच्च शिक्षा विभाग बनने से विश्वविद्यालयों, महाविद्यालयों और तकनीकी संस्थानों में कामकाज अधिक पारदर्शी और तेज़ होगा. प्रशासनिक प्रक्रियाओं में सुधार आएगा और निर्णय लेने में होने वाली देरी कम होगी.
सुनील कुमार ने कहा, “इस फैसले से उच्च शिक्षा में गुणवत्ता सुधारने का अवसर मिलेगा. स्कूली शिक्षा और उच्च शिक्षा, दोनों की जरूरतें अलग होती हैं, इसलिए अलग विभाग छात्रों के हित में बड़ा कदम है.” उन्होंने आशा जताई कि इस नए ढांचे का असर आने वाले महीनों में स्पष्ट दिखेगा और बिहार की शिक्षा प्रणाली को नई दिशा मिलेगी.
शिक्षा सुधार को लेकर सरकार की गंभीरता
राज्य सरकार का कहना है कि TRE-4 बहाली और उच्च शिक्षा विभाग का गठन, दोनों फैसले यह दर्शाते हैं कि प्रशासन शिक्षा क्षेत्र को प्राथमिकता दे रहा है. शिक्षकों की संख्या बढ़ने से स्कूलों में पढ़ाई का स्तर सुधारने की उम्मीद है, जबकि नए विभाग से कॉलेजों और विश्वविद्यालयों में शैक्षणिक गतिविधियों को गति मिल सकती है. शिक्षा मंत्री ने विश्वास जताया कि आने वाले वर्षों में बिहार की शिक्षा व्यवस्था में व्यापक सकारात्मक परिवर्तन देखने को मिलेंगे.
यह भी पढ़ें- CM नीतीश ने बक्सर में औद्योगिक इकाइयों का लिया जायजा, इंडस्ट्रीज के विकास को लेकर किया ये बड़ा ऐलान