CM नीतीश ने बक्सर में औद्योगिक इकाइयों का लिया जायजा, इंडस्ट्रीज के विकास को लेकर किया ये बड़ा ऐलान

CM Nitish Buxar Visit: बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने सोमवार को बक्सर जिले का दौरा किया, जहां उन्होंने नावानगर विशेष औद्योगिक क्षेत्र का निरीक्षण किया. इस दौरान मुख्यमंत्री ने औद्योगिक इकाइयों की कार्यप्रणाली, उत्पादन क्षमता और भविष्य की विस्तार योजनाओं के बारे में अधिकारियों से विस्तृत जानकारी ली.

cm nitish kumar inspected the industrial hub in buxar bihar
Image Source: Social Media

CM Nitish Buxar Visit: बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने सोमवार को बक्सर जिले का दौरा किया, जहां उन्होंने नावानगर विशेष औद्योगिक क्षेत्र का निरीक्षण किया. इस दौरान मुख्यमंत्री ने औद्योगिक इकाइयों की कार्यप्रणाली, उत्पादन क्षमता और भविष्य की विस्तार योजनाओं के बारे में अधिकारियों से विस्तृत जानकारी ली. उनके साथ उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी और अन्य वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद थे. यह दौरा राज्य में औद्योगिक गतिविधियों को प्रोत्साहित करने के मुख्यमंत्री के निरंतर प्रयासों का हिस्सा है.

निरीक्षण के दौरान मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार प्रदेश में औद्योगिक विकास को तेज गति देने के लिए लगातार काम कर रही है. उन्होंने अधिकारियों से कहा कि उद्योगों के विस्तार और नई इकाइयों की स्थापना पर तेजी से कार्रवाई की जाए. साथ ही यह भी सुनिश्चित किया जाए कि रोजगार के अधिक से अधिक अवसर पैदा हों. उनका मानना है कि उद्योग मजबूत होंगे तो स्थानीय युवाओं को रोजगार मिलेगा और क्षेत्र का विकास भी होगा.

उद्योगों का निरीक्षण और विस्तार की योजनाएं

मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने नावानगर औद्योगिक क्षेत्र में स्थापित विभिन्न इकाइयों का दौरा किया. उन्होंने विशेष रूप से प्लांट, बॉटलिंग यूनिट और एथेनॉल प्लांट की कार्यप्रणाली का निरीक्षण किया. सबसे पहले, उन्होंने वरुण वीवरेज लिमिटेड का दौरा किया, जहां उन्होंने पेय पदार्थ उत्पादन प्रक्रिया और गुणवत्ता जांच प्रणाली के बारे में अधिकारियों से जानकारी ली. अधिकारियों ने उन्हें उत्पादन क्षमता और भविष्य की योजनाओं के बारे में बताया, जिससे यह स्पष्ट हुआ कि इस क्षेत्र में औद्योगिक गतिविधियां तेजी से बढ़ने वाली हैं.

औद्योगिक क्षेत्र में तेजी से हो रहा विकास

नावानगर विशेष औद्योगिक क्षेत्र में करीब डेढ़ सौ एकड़ भूमि चिन्हित की गई है, जिस पर विभिन्न कंपनियों के लिए निवेश की संभावनाएं खुल रही हैं. अब तक तीन कंपनियों को भूमि आवंटित की जा चुकी है, और कुछ इकाइयों में उत्पादन भी शुरू हो चुका है. अधिकारियों ने बताया कि इस क्षेत्र में आने वाले समय में और कंपनियों के निवेश करने की संभावना है, जिससे यहां की औद्योगिक गतिविधियों को और गति मिलेगी. मुख्यमंत्री ने इस क्षेत्र के विकास को लेकर आशा जताई कि यह क्षेत्र जल्द ही औद्योगिक हब के रूप में उभरेगा.

गंगा पुल का हवाई सर्वेक्षण

मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने बक्सर पहुंचने के बाद यहां निर्माणाधीन गंगा पुल का भी हवाई सर्वेक्षण किया. इस दौरान उन्होंने पुल की प्रगति और निर्माण गुणवत्ता के पहलुओं की जानकारी ली. यह पुल बिहार और उत्तर प्रदेश के बीच बेहतर कनेक्टिविटी सुनिश्चित करेगा, और मुख्यमंत्री की योजना है कि इसे तय समय में पूरा किया जाए ताकि यातायात में सुधार हो सके और क्षेत्रीय विकास को बल मिले.

बिहार में औद्योगिक विकास पर मुख्यमंत्री का फोकस

मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की औद्योगिक विकास के प्रति लगातार बढ़ती रुचि हाल के दिनों में देखने को मिल रही है. कुछ दिन पहले उन्होंने हाजीपुर के औद्योगिक क्षेत्र का दौरा किया था, जहां उन्होंने प्रमुख कंपनियों जैसे न्यू जील सीजनल वियर प्राइवेट लिमिटेड, कॉम्पीटेंस एक्सपोर्ट प्राइवेट लिमिटेड और ब्रिटानिया इंडस्ट्रीज लिमिटेड का निरीक्षण किया था. इन दौरे के दौरान मुख्यमंत्री ने उद्योगों के उत्पादन, बाजार और विस्तार की संभावनाओं पर गहन चर्चा की थी.

ये भी पढ़ें: नीतीश सरकार का नया 'जॉब मॉडल' देगा एक करोड़ रोजगार, बिहार में तीन नए विभाग बनाने की तैयारी, जानें प्लान