Bihar Elections 2025: सुबह 9 बजे तक 13.13% वोटिंग, सहरसा सबसे आगे और लखीसराय सबसे धीमा

Bihar Election 2025: बिहार की सियासत आज एक बार फिर गर्म है. राज्य में विधानसभा चुनाव के पहले चरण की वोटिंग जोरों पर है, और मतदाताओं का जोश सुबह से ही मतदान केंद्रों पर दिखाई दे रहा है. 18 जिलों की 121 सीटों पर वोट डाले जा रहे हैं.

13.13% approximate voter turnout recorded in the first phase of bihar assembly elections 2025
Image Source: Election Commission of india

Bihar Election 2025: बिहार की सियासत आज एक बार फिर गर्म है. राज्य में विधानसभा चुनाव के पहले चरण की वोटिंग जोरों पर है, और मतदाताओं का जोश सुबह से ही मतदान केंद्रों पर दिखाई दे रहा है. 18 जिलों की 121 सीटों पर वोट डाले जा रहे हैं, जिनमें कई वीआईपी सीटें भी शामिल हैं. तेजस्वी यादव राघोपुर से मैदान में हैं, तेज प्रताप यादव महुआ से चुनाव लड़ रहे हैं, जबकि डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी तारापुर सीट से अपनी किस्मत आजमा रहे हैं.

राज्य निर्वाचन आयोग के अनुसार, सुबह 9 बजे तक बिहार में कुल 13.13% वोटिंग दर्ज की गई. शुरुआती घंटों में सहरसा जिला सबसे आगे निकला, जहाँ 15.27% मतदाताओं ने अपने वोट डाले. वहीं, लखीसराय जिले में मतदान की रफ्तार सुस्त रही, यहाँ केवल 7.00% लोगों ने मतदान किया.

कुछ जिलों में वोटिंग उम्मीद से बेहतर

बेगूसराय, मुजफ्फरपुर, वैशाली, खगड़िया, गोपालगंज और मधेपुरा जैसे जिलों में लोगों ने सुबह से ही बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया. इन सभी जिलों में औसत 13% से अधिक मतदान दर्ज किया गया. बेगूसराय में 14.60%, मुजफ्फरपुर में 14.38%, वैशाली में 14.30%, खगड़िया में 14.15%, गोपालगंज में 13.97% और मधेपुरा में 13.74% वोटिंग हुई. वहीं, मुंगेर (13.37%), सीवान (13.35%), सारण (13.30%) और बक्सर (13.28%) जैसे जिलों में भी मतदान का प्रतिशत औसत के करीब रहा.

राजधानी पटना में वोटिंग की रफ्तार धीमी

राजधानी पटना में वोटिंग का जोश अपेक्षा से कम देखने को मिला. यहां सुबह 9 बजे तक केवल 11.22% मतदान दर्ज किया गया, जो राज्य के औसत से नीचे है. नालंदा में 12.45% और दरभंगा में 12.48% वोटिंग हुई.

वीआईपी सीटों पर नजरें टिकीं

पहले चरण की सबसे चर्चित सीटों में राघोपुर, महुआ और तारापुर शामिल हैं. राघोपुर से आरजेडी नेता तेजस्वी यादव, महुआ से तेज प्रताप यादव और तारापुर से एनडीए उम्मीदवार व उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी चुनावी मैदान में हैं. इन सीटों पर राज्यभर की निगाहें टिकी हुई हैं, क्योंकि यहीं से बिहार की राजनीति की दिशा तय होने की उम्मीद जताई जा रही है.

माहौल में सियासी गर्मी, सुरक्षा के कड़े इंतजाम

राज्यभर में मतदान को लेकर सुरक्षा व्यवस्था सख्त की गई है. चुनाव आयोग ने सभी जिलों में अर्धसैनिक बलों की तैनाती की है ताकि मतदाता निर्भय होकर अपने मताधिकार का प्रयोग कर सकें. कई जगहों पर महिलाओं और बुजुर्गों में खासा उत्साह देखा गया है.बिहार के इस पहले चरण के मतदान को राज्य की सत्ता परिवर्तन या सत्ता पुनःस्थापना की दिशा में अहम माना जा रहा है. अब सभी की निगाहें दिनभर के मतदान प्रतिशत और शाम तक के रुझानों पर टिकी हैं.

यह भी पढ़ें: Bihar Election Voting LIVE: पहले चरण की वोटिंग शुरू, आरा-दरभंगा में खराब हुई EVM मशीन, पढ़ें अपडेट्स