126 तारीखें, 22 से ज्यादा गवाह... नीले ड्रम केस में कोर्ट का फैसला, मुस्कान और साहिल दोषी करार

Meerut Blue Drum Case: मेरठ के चर्चित नीला ड्रम हत्याकांड में अदालत ने बड़ा फैसला सुनाते हुए सौरभ राजपूत की हत्या के मामले में उसकी पत्नी मुस्कान रस्तोगी और साहिल शुक्ला को दोषी करार दिया है.

Meerut Neela Drum Murder Case Muskan Sahil Convicted
Image Source: Social Media

Meerut Blue Drum Case: मेरठ के चर्चित नीला ड्रम हत्याकांड में अदालत ने बड़ा फैसला सुनाते हुए सौरभ राजपूत की हत्या के मामले में उसकी पत्नी मुस्कान रस्तोगी और साहिल शुक्ला को दोषी करार दिया है. मेरठ जिला जज अरविंद कुमार शर्मा की अदालत में दोनों आरोपियों को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए जेल से पेश किया गया. फैसले के दौरान कोर्ट परिसर में काफी गहमा-गहमी रही. हालांकि, दोनों दोषियों को क्या सजा दी जाएगी, इस पर फैसला अभी होना बाकी है.

126 तारीखों तक चली सुनवाई

इस बहुचर्चित मामले की सुनवाई के दौरान अदालत में कुल 126 तारीखों पर कार्यवाही हुई और 22 से अधिक गवाहों के बयान दर्ज किए गए. जुलाई 2025 में ट्रायल शुरू होने के बाद करीब 13 महीने तक मामले में बहस चली. फैसले के समय सौरभ के भाई राहुल राजपूत भी अदालत में मौजूद रहे. उन्होंने कहा कि परिवार की शुरुआत से मांग रही है कि मुस्कान और साहिल को फांसी की सजा दी जाए. अब अदालत ने दोनों को हत्या के मामले में दोषी ठहरा दिया है.

2016 में हुई थी सौरभ और मुस्कान की शादी

मामला 3 मार्च 2025 की घटना से जुड़ा है. शिकायतकर्ता बबलू के मुताबिक, उनके भाई सौरभ राजपूत ने 2016 में मुस्कान रस्तोगी से प्रेम विवाह किया था. बाद में 2019 में मुस्कान के साहिल शुक्ला से संबंध होने की बात सामने आई. परिवार का दावा था कि सौरभ को अपनी जान का खतरा महसूस होता था और उसने कई बार मुस्कान और साहिल से खतरे की बात कही थी. 5 मार्च को सौरभ के अचानक लापता होने और किराए का मकान बंद मिलने के बाद परिजनों ने पुलिस से उसकी तलाश और मामले की जांच की मांग की थी.

नीले ड्रम में मिला था शव

पुलिस ने 18 मार्च 2025 को मामले का खुलासा करने का दावा किया था. पुलिस के मुताबिक, 3 मार्च की रात मुस्कान और साहिल ने सौरभ की हत्या की और शव के टुकड़े कर उन्हें नीले ड्रम में भरकर सीमेंट से पैक कर दिया. इसके बाद दोनों के शिमला और मनाली जाने की बात सामने आई थी. पुलिस के अनुसार, 17 मार्च को मेरठ लौटने के बाद दोनों को गिरफ्तार किया गया और उनकी निशानदेही पर नीले ड्रम से सौरभ के शव के टुकड़े बरामद किए गए. अब अदालत के दोषसिद्धि के फैसले के बाद मामले में अगली नजर सजा के ऐलान पर है.

ये भी पढ़ें: यूपी के बिजली उपभोक्ताओं के लिए खुशखबरी, अक्टूबर के बिल में मिलेगी 5.24% राहत, जानें वजह