उत्तर प्रदेश के बिजली उपभोक्ताओं के लिए अक्टूबर का बिल थोड़ी राहत लेकर आया है. यूपी पावर कॉरपोरेशन लिमिटेड (UPPCL) ने फ्यूल पावर परचेज कॉस्ट एडजस्टमेंट यानी एफपीपीसीए के तहत 5.24 फीसदी राहत देने का आदेश जारी किया है.
इसका सीधा असर बिजली बिल पर पड़ेगा और उपभोक्ताओं को कुल मिलाकर करीब 424 करोड़ रुपये का फायदा मिलने का अनुमान है. यानी अक्टूबर में बिजली की प्रभावी दर 5.24 फीसदी तक कम हो सकती है.
लगातार चौथे महीने बिजली बिल में राहत
उत्तर प्रदेश राज्य विद्युत उपभोक्ता परिषद के अध्यक्ष अवधेश कुमार वर्मा के मुताबिक, परिषद ने पहले ही अक्टूबर में 5 फीसदी से अधिक एफपीपीसीए राहत मिलने की संभावना जताई थी. अब पावर कॉरपोरेशन के आदेश के बाद यह राहत लागू हो गई है.
इससे पहले सितंबर में उपभोक्ताओं को 7.93 फीसदी, अगस्त में 2.92 फीसदी और जुलाई में 4.43 फीसदी की राहत मिली थी. इस तरह अक्टूबर लगातार चौथा महीना है, जब एफपीपीसीए के जरिए बिजली उपभोक्ताओं को लाभ मिल रहा है.
उपभोक्ता परिषद ने आयोग के सामने उठाया था मामला
उपभोक्ता परिषद का कहना है कि एफपीपीसीए से जुड़े लाभ को लेकर उसने उत्तर प्रदेश विद्युत नियामक आयोग के समक्ष लगातार मामला उठाया था. परिषद के अनुसार, नियमानुसार गणना और पैरवी के बाद उपभोक्ताओं को यह राहत मिल रही है. परिषद आगे भी एफपीपीसीए की गणना पर नजर रखेगी, ताकि बिजली उपभोक्ताओं को मिलने वाला वैधानिक लाभ समय पर मिल सके.
ये भी पढ़ें: यूपी के झांसी में दर्दनाक हादसा, पिंडदान करने पहुंचे एक ही परिवार के 5 लोग नदी में डूबे, मौत