श्रीनगर, भारत 24 डिजिटल डेस्क: जम्मू-कश्मीर में भारतीय सेना ने पाकिस्तान की आतंकवादी गतिविधियों को विफल करने के लिए एक बड़ा कदम उठाया है. सेना 'ऑपरेशन सर्वशक्ति' (Operation Sarvshakti) शुरू करने जा रही है. इसके तहत पीर पंजाल रेंज(Pir Panjal Range) के दोनों किनारों पर सेना का ऑपरेशन शुरू किया जाएगा. जिसमें 15 कोर और 16 कोर दोनों सेना मुख्यालय और उत्तरी कमान की कड़ी निगरानी में कार्रवाई होगी.
ऑपरेशन सर्पविनाश की तर्ज पर किया जाएगा शुरू
सूत्रों की ओर से मिली जानकारी के मुताबिक जम्मू-कश्मीर की सुर 'ऑपरेशन सर्वशक्ति' को लेकर गृह मंत्री अमित शाह (Amit Shah) ने समीक्षा बैठक की थी. उन्होंने इस दौरान भारतीय सेना और राज्य खुफिया एजेंसियों के साथ पाकिस्तानी मंसूबों को विफल करने के लिए एक-दूसरे के साथ निकट समन्वय में सक्रिय रूप से काम करने के निर्देश दिए. बता दें कि ऑपरेशन सर्वशक्ति को ऑपरेशन सर्पविनाश की तर्ज पर शुरू किया जाएगा. ऑपरेशन सर्पविनाश (Operation Sarpvinash) को 2003 में पीर पंजाल रेंज के दक्षिण में इन्हीं इलाकों से आतंकवादियों को खत्म करने के लिए शुरू किया गया था.
सेना प्रमुख ने क्या कहा?
सेना प्रमुख जनरल मनोज पांडे (Manoj Pandey) ने कहा, 'राजौरी-पुंछ क्षेत्र में पिछले साल आतंकवादी गतिविधियों में बढ़ोतरी देखी गई और वहां सक्रिय प्रॉक्सी तंजीमों को नियंत्रण रेखा के पार से समर्थन मिलता रहा है जहां आतंकवादियों के लिए समर्थन बुनियादी ढांचा बरकरार है. मैं इसमें नहीं पड़ूंगा कि क्या गलत हुआ है, बल्कि मैं कहूंगा कि हम क्या कर रहे हैं.' उन्होंने कहा कि सेना, पुलिस और अन्य एजेंसियों के साथ बेहतर तालमेल के लिए आईटी का उपयोग भी कर रही है.'