नई दिल्ली: लोकप्रिय यूट्यूबर रणवीर इलाहाबादिया को सुप्रीम कोर्ट से बड़ी राहत मिली है. विवादों में घिरे उनके शो India’s Got Latent पर लगी रोक हटा दी गई है, जिससे वे फिर से अपने शो की मेजबानी कर सकेंगे.
क्या था मामला?
रणवीर इलाहाबादिया का शो India’s Got Latent एक एपिसोड के विवादास्पद कंटेंट के कारण कानूनी पचड़े में फंस गया था. शो के दौरान पूछे गए कुछ आपत्तिजनक सवालों पर भारी विरोध हुआ, जिसके चलते उनके खिलाफ केस दर्ज किया गया और सभी एपिसोड्स को डिलीट करने का आदेश दिया गया. हालांकि, रणवीर ने सार्वजनिक रूप से माफी मांग ली थी, लेकिन शो पर लगे प्रतिबंध के कारण वे और उनकी टीम मुश्किल में आ गए थे.
सुप्रीम कोर्ट का फैसला
रणवीर इलाहाबादिया ने सुप्रीम कोर्ट में याचिका दायर कर शो पर लगी रोक हटाने की मांग की थी. उनके वकील अभिनव चंद्रचूड़ ने अदालत में दलील दी कि शो के बंद होने से रणवीर ही नहीं, बल्कि उनके साथ काम करने वाले 280 लोगों की आजीविका भी प्रभावित हो रही है. इस पर सुप्रीम कोर्ट ने राहत देते हुए शो को फिर से प्रसारित करने की अनुमति दे दी.
सॉलिसिटर जनरल की दलील
मामले में सरकार की ओर से सॉलिसिटर जनरल तुषार मेहता ने कहा कि शो पूरी तरह अश्लील नहीं था, बल्कि उसमें हास्य और मनोरंजन के तत्व थे. उन्होंने यह भी कहा कि हास्य और अभद्रता में फर्क होता है, और इस मामले में यह तय करना जरूरी था कि विवादित सामग्री किस श्रेणी में आती है.
अब भी विदेश यात्रा पर रोक
हालांकि, सुप्रीम कोर्ट ने रणवीर इलाहाबादिया को फिलहाल विदेश यात्रा की अनुमति नहीं दी है. उन्हें जांच में पूरी तरह सहयोग करने के बाद ही इस पर कोई फैसला दिया जाएगा. साथ ही, कोर्ट ने उन्हें अपने लोकप्रिय पॉडकास्ट The Ranveer Show में इस विवादित प्रकरण पर चर्चा करने से भी मना किया है.
शो के बंद होने से हुआ बड़ा नुकसान
इस विवाद के कारण न केवल रणवीर बल्कि उनके साथी प्रोड्यूसर समय रैना को भी बड़ा नुकसान हुआ है. एपिसोड्स डिलीट होने से समय रैना को करोड़ों रुपये का आर्थिक नुकसान हुआ, हालांकि वे इस बीच विदेश में अपने अन्य प्रोजेक्ट्स पर काम कर रहे हैं.
अब जब सुप्रीम कोर्ट ने रणवीर इलाहाबादिया को राहत दी है, तो देखना दिलचस्प होगा कि वे अपने शो की वापसी को किस तरह से संभालते हैं और आगे की रणनीति क्या होगी.
ये भी पढ़ें- बिहार बजट 2025: महिलाओं और किसानों पर खास ध्यान; अरहर, मूंग, उड़द MSP पर खरीदेगी सरकार, किसे क्या मिला?