HMT Recruitment 2026: सरकारी नौकरी की तलाश कर रहे युवाओं के लिए HMT Limited में करियर बनाने का मौका सामने आया है. भारत सरकार के अंतर्गत आने वाली इस कंपनी ने यंग प्रोफेशनल और कंसल्टेंट के पदों पर भर्ती निकाली है. इस भर्ती में चयनित उम्मीदवारों को पद के अनुसार 45 हजार से 80 हजार रुपये प्रतिमाह तक वेतन दिया जाएगा. इच्छुक उम्मीदवार 9 अक्टूबर 2026 तक ऑफलाइन माध्यम से आवेदन कर सकते हैं.
ऐसे जमा करें आवेदन
HMT भर्ती के लिए आवेदन फॉर्म कंपनी की आधिकारिक वेबसाइट hmtindia.com से डाउनलोड करना होगा. भरा हुआ आवेदन सील्ड लिफाफे में निर्धारित पते The Asst. General Manager (CHR), HMT Limited, No.59, HMT Bhavan, Bellary Road, Bengaluru-560 032 पर भेजना होगा. आवेदन साधारण डाक, स्पीड पोस्ट, रजिस्टर्ड पोस्ट या कुरियर के जरिए स्वीकार किए जाएंगे. फैक्स, ईमेल या सीधे कार्यालय में जाकर यानी By Hand जमा किए गए आवेदन मान्य नहीं होंगे.
योग्यता और आयु सीमा क्या है?
पद के अनुसार उम्मीदवार के पास LLB, LLM, CA, CMA/ICWA या अंग्रेजी-हिंदी विषयों के साथ पोस्ट ग्रेजुएशन जैसी निर्धारित शैक्षणिक योग्यता होनी चाहिए. इसके साथ संबंधित क्षेत्र में काम करने का अनुभव भी मांगा गया है. आयु सीमा की बात करें तो 1 सितंबर 2026 को आधार मानकर पद के अनुसार अधिकतम उम्र 30 वर्ष या 45 वर्ष निर्धारित की गई है. उम्मीदवारों को आवेदन करने से पहले पदवार योग्यता और अनुभव की शर्तें जरूर देखनी चाहिए.
7 पदों पर होगी भर्ती, इतनी मिलेगी सैलरी
इस भर्ती अभियान के जरिए कुल 7 पदों पर नियुक्तियां की जाएंगी. इनमें कंसल्टेंट (लीगल) और कंसल्टेंट (फाइनेंस) का एक-एक पद, यंग प्रोफेशनल-II (फाइनेंस) के 2 पद और यंग प्रोफेशनल-I के फाइनेंस, ऑफिशियल लैंग्वेज और कंपनी सेक्रेटरी के एक-एक पद शामिल हैं. चयनित उम्मीदवारों को कंसल्टेंट (लीगल/फाइनेंस) के लिए 80,000 रुपये, यंग प्रोफेशनल-II (फाइनेंस) के लिए 60,000 रुपये और यंग प्रोफेशनल-I के संबंधित पदों के लिए 45,000 रुपये प्रतिमाह वेतन मिलेगा.
इंटरव्यू से होगा चयन, नहीं होगी लिखित परीक्षा
HMT भर्ती में उम्मीदवारों का चयन आवेदन के आधार पर शॉर्टलिस्टिंग और इंटरव्यू के जरिए किया जाएगा. इस भर्ती प्रक्रिया में किसी तरह की लिखित परीक्षा आयोजित नहीं की जाएगी. शॉर्टलिस्ट किए गए उम्मीदवारों को इंटरव्यू के लिए बुलाया जाएगा और प्रदर्शन के आधार पर अंतिम चयन किया जाएगा. इच्छुक अभ्यर्थियों को 9 अक्टूबर 2026 की अंतिम तिथि से पहले अपना आवेदन निर्धारित पते पर भेजना होगा.
ये भी पढ़ें: BPSC TRE 4.0: बिहार में शिक्षक बनने का मौका, 32 हजार से ज्यादा पदों पर जल्द शुरू होगी आवेदन प्रक्रिया