बंगाल की खाड़ी में बढ़ा तूफान का खतरा, आंध्र-ओडिशा के लिए IMD का रेड अलर्ट

Cyclone Arnab: बंगाल की खाड़ी में बना मौसम सिस्टम अब और मजबूत हो गया है. भारत मौसम विज्ञान विभाग यानी IMD के मुताबिक, यह सिस्टम डिप्रेशन में बदल चुका है और लगातार पश्चिम-उत्तर-पश्चिम दिशा में बढ़ रहा है.

Storm threat rises in the Bay of Bengal IMD issues red alert for Andhra and Odisha
Image Source: ANI/ File

Cyclone Arnab: बंगाल की खाड़ी में बना मौसम सिस्टम अब और मजबूत हो गया है. भारत मौसम विज्ञान विभाग यानी IMD के मुताबिक, यह सिस्टम डिप्रेशन में बदल चुका है और लगातार पश्चिम-उत्तर-पश्चिम दिशा में बढ़ रहा है. इसके आगे चलकर गहरे दबाव में बदलने की संभावना है. इसके असर से आंध्र प्रदेश और ओडिशा के तटीय इलाकों में भारी बारिश हो सकती है. 

IMD के अनुसार, यह सिस्टम 23 सितंबर की रात से 24 सितंबर की सुबह के बीच विशाखापट्टनम और गोपालपुर के बीच उत्तर आंध्र प्रदेश-दक्षिण ओडिशा तट को पार कर सकता है. मौसम विभाग के मुताबिक, 21 सितंबर की शाम यह डिप्रेशन पश्चिम-मध्य और उससे सटे उत्तर-पश्चिमी बंगाल की खाड़ी में बना था. इसके बाद यह पश्चिम-उत्तर-पश्चिम दिशा में आगे बढ़ा. सिस्टम के कारण समुद्र की स्थिति भी खराब रहने और कई इलाकों में तेज बारिश होने की संभावना जताई गई है.

आंध्र-ओडिशा तट की तरफ बढ़ेगा सिस्टम

IMD का अनुमान है कि यह सिस्टम पश्चिम-उत्तर-पश्चिम दिशा में आगे बढ़ते हुए अगले 24 घंटों में गहरे दबाव में बदल सकता है. इसके बाद भी इसकी दिशा पश्चिम-उत्तर-पश्चिम रहने की संभावना है. मौसम विभाग के अनुसार, यह 23 सितंबर की रात से 24 सितंबर की सुबह के बीच विशाखापट्टनम और गोपालपुर के बीच उत्तर आंध्र प्रदेश और दक्षिण ओडिशा के तट को पार कर सकता है. उस समय इसके गहरे दबाव के रूप में रहने की संभावना है.

इस मौसम सिस्टम के असर से आंध्र प्रदेश के कई इलाकों में भारी बारिश का खतरा बढ़ गया है. IMD ने उत्तर आंध्र प्रदेश के तटीय इलाकों में तेज बारिश और खराब मौसम की चेतावनी दी है. ओडिशा के तटीय इलाकों में भी कई जगह बारिश और गरज के साथ बौछारें पड़ सकती हैं.

23-24 सितंबर को और बढ़ सकती है बारिश

23 और 24 सितंबर को आंध्र प्रदेश और ओडिशा के कुछ इलाकों में भारी से बहुत भारी बारिश हो सकती है. खासकर उत्तर आंध्र प्रदेश और दक्षिण ओडिशा के तटीय क्षेत्रों में मौसम ज्यादा खराब रहने की संभावना है. कई जगहों पर तेज बारिश के साथ गरज-चमक भी हो सकती है.

जलभराव से लेकर पेड़ गिरने तक का खतरा

भारी बारिश के बीच निचले इलाकों में पानी भरने और सड़कों पर फिसलन की समस्या हो सकती है. तेज बारिश के कारण यातायात भी प्रभावित हो सकता है. कुछ जगहों पर पेड़ और बिजली के खंभे गिरने का खतरा भी बना रह सकता है. मौसम विभाग ने तटीय इलाकों में समुद्र की स्थिति खराब से बहुत खराब रहने की चेतावनी दी है और मछुआरों को सावधानी बरतने की सलाह दी गई है.

क्या यह सिस्टम ‘अर्णब’ तूफान बनेगा?

बंगाल की खाड़ी में बनने वाले अगले चक्रवाती तूफान के लिए ‘अर्णब’ नाम तय किया गया है. हालांकि, किसी सिस्टम को यह नाम तभी दिया जाएगा, जब वह चक्रवाती तूफान की श्रेणी तक पहुंचे. फिलहाल IMD इसे डिप्रेशन के रूप में ट्रैक कर रहा है और इसके गहरे दबाव में बदलने का अनुमान है. इसलिए अभी इसे ‘अर्णब’ तूफान कहना जल्दबाजी होगी.

ये भी पढ़ें- IND W vs SL W Final: भारत की बेटियों का धमाका, श्रीलंका को 147 रन से हराकर जीता गोल्ड