GTA 6 Launch: खत्म हुआ गेमर्स का इंतजार! 13 साल बाद GTA6 लॉन्च, गेम खेलने के लिए कर्मचारियों को छुट्टी

दुनिया के सबसे चर्चित वीडियो गेम में शामिल ग्रैंड थेफ्ट ऑटो यानी GTA 6 लॉन्च हो गया है. करीब 13 साल के लंबे इंतजार के बाद इस गेम का नया वर्जन आया है.

GTA 6 has launched after 13 years Indian Firm Declares Holiday For Employees
Image Source: Social Media

GTA 6 Launch: दुनिया के सबसे चर्चित वीडियो गेम में शामिल ग्रैंड थेफ्ट ऑटो यानी GTA 6 लॉन्च हो गया है. करीब 13 साल के लंबे इंतजार के बाद इस गेम का नया वर्जन आया है. लॉन्च से पहले ही इसे लेकर दुनियाभर में जबरदस्त उत्साह देखने को मिला. गेम की लोकप्रियता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि लॉन्च से पहले ही करीब 1.49 करोड़ लोग इसे प्री-ऑर्डर कर चुके थे. इससे कंपनी को 12,000 करोड़ रुपये से ज्यादा की कमाई हुई है.

GTA 6 की दीवानगी भारत में भी देखने को मिल रही है. देश की एक इंटीरियर डिजाइन कंपनी ने गेम के लॉन्च के मौके पर अपने सभी कर्मचारियों को छुट्टी दे दी है, ताकि वे बिना काम की चिंता किए गेम खेल सकें. वहीं, अमेरिका में सैनिकों को भी गेम खेलने के लिए चार दिन का विशेष पास देने की खबर है.

13 साल का इंतजार खत्म, कंपनी ने घोषित की छुट्टी

भारतीय इंटीरियर डिजाइन कंपनी इंडे बाय चेयर्सकार्ट ने GTA 6 के लॉन्च के मौके पर 19 नवंबर को कंपनी में छुट्टी घोषित कर दी है. कंपनी के फाउंडर और CEO किशोर शनमुगम ने इंस्टाग्राम पर इसकी जानकारी दी.

उन्होंने कहा कि कंपनी के कई कर्मचारी वाइस सिटी, GTA V और चीट कोड्स के साथ बड़े हुए हैं. सभी पिछले 13 साल से GTA के नए वर्जन का इंतजार कर रहे थे. ऐसे में कंपनी ने फैसला किया कि 19 नवंबर को सामान्य कामकाजी दिन की तरह नहीं रखा जाएगा. कर्मचारियों को छुट्टी दी गई है, ताकि वे बिना किसी काम के दबाव के गेम का आनंद ले सकें.

सोशल मीडिया पर लोग पूछे- कंपनी में नौकरी मिलेगी क्या?

कंपनी की ओर से छुट्टी का ऐलान किए जाने के बाद सोशल मीडिया पर इसकी काफी चर्चा हो रही है. कई लोग कंपनी के इस फैसले की तारीफ कर रहे हैं तो कुछ यूजर्स ने यहां नौकरी करने की इच्छा भी जताई है.

एक यूजर ने कंपनी को बधाई देते हुए कहा कि वह दूसरे देश से है, लेकिन कर्मचारियों के लिए उठाया गया यह कदम काफी अच्छा है. वहीं, एक दूसरे यूजर ने मजाकिया अंदाज में पूछा कि क्या कंपनी में कोई वैकेंसी खाली है? एक अन्य यूजर ने सुझाव दिया कि अगर 19 नवंबर के बजाय 21 नवंबर को छुट्टी दी जाती तो कर्मचारियों को शनिवार और रविवार मिलाकर लगातार दो दिन का वीकेंड मिल जाता.

GTA 6 की कीमत 5,999 रुपये से शुरू

भारत में PlayStation पर GTA 6 के स्टैंडर्ड एडिशन की कीमत 5,999 रुपये रखी गई है. वहीं, इसका अल्टीमेट एडिशन 7,499 रुपये में मिलेगा. यानी दोनों वर्जन की कीमत में 1,500 रुपये का अंतर है.

जो लोग स्टैंडर्ड एडिशन खरीदते हैं, वे बाद में 1,500 रुपये अतिरिक्त देकर अल्टीमेट एडिशन में अपग्रेड कर सकते हैं. अल्टीमेट एडिशन में खिलाड़ियों को कुछ खास सुविधाएं मिलेंगी.

1,500 रुपये ज्यादा देने पर मिलेंगे खास फीचर्स

GTA 6 के अल्टीमेट एडिशन में प्रीमियम गाड़ियां, खास कपड़े और कस्टमाइज किए गए हथियार मिलेंगे. इसके अलावा खिलाड़ियों को दो व्हीकल मॉड शॉप्स और एक खास एक्सक्लूसिव मिशन भी मिलेगा.

वहीं, 19 नवंबर तक प्री-ऑर्डर करने वाले खिलाड़ियों को विंटेज वाइस सिटी पैक दिया जा रहा है. इसमें पुराने जमाने के खास कपड़े और एक विशेष कार शामिल है. इसके साथ एक महीने का GTA सब्सक्रिप्शन भी मुफ्त मिल रहा है.

लॉन्च से पहले ही करोड़ों लोगों ने किया प्री-ऑर्डर

GTA 6 को लेकर लोगों में कितनी दीवानगी है, इसका अंदाजा प्री-ऑर्डर के आंकड़ों से लगाया जा सकता है. मार्केट रिसर्च फर्म सेंसर टावर के मुताबिक, लॉन्च से पहले ही दुनियाभर में करीब 1.49 करोड़ लोग इस गेम को प्री-ऑर्डर कर चुके थे. इससे कंपनी की कमाई 12,000 करोड़ रुपये से ज्यादा हो गई.

गेम की प्री-लोडिंग 10 नवंबर से शुरू हो गई थी, ताकि खिलाड़ी लॉन्च के समय इसे डाउनलोड करने के इंतजार में न रहें. करीब 13 साल बाद GTA का नया वर्जन आने से गेमिंग की दुनिया में इसकी काफी चर्चा हो रही है.