India-Bangladesh Ganga Water Sharing: भारत और बांग्लादेश के बीच गंगा नदी के पानी के बंटवारे को लेकर एक बार फिर बातचीत की तैयारी हो रही है. इस बीच बांग्लादेश के रुख में बदलाव के संकेत मिले हैं. पहले ढाका मौजूदा समझौते की जगह नया करार करने और अपनी शर्तें लागू करने की मांग कर रहा था, लेकिन अब उसका जोर पुराने समझौते को आगे बढ़ाने पर है. माना जा रहा है कि समझौते की समय सीमा नजदीक आने के साथ बांग्लादेश भारत के साथ बातचीत को लेकर गंभीर हो गया है.
भारत और बांग्लादेश के बीच गंगा जल बंटवारे को लेकर 1996 में समझौता हुआ था. इसकी अवधि 12 दिसंबर 2026 को समाप्त हो रही है. ऐसे में दोनों देशों के सामने यह तय करने की चुनौती है कि समझौते को आगे बढ़ाया जाए या नई शर्तों के साथ कोई दूसरा रास्ता निकाला जाए. बांग्लादेश ने अब भारत से इस दिशा में औपचारिक बातचीत शुरू करने की पहल करने की उम्मीद जताई है.
पहले नया समझौता चाहता था बांग्लादेश
बांग्लादेश इससे पहले 1996 के समझौते की जगह नया करार करने पर जोर दे रहा था. उसकी मुख्य मांग थी कि नए समझौते में सूखे के मौसम के दौरान उसे मिलने वाले पानी की मात्रा की गारंटी होनी चाहिए. इसके अलावा ढाका ने इस मुद्दे पर बातचीत के लिए भारत से एक तकनीकी समिति बनाने की मांग भी की थी.
हालांकि, अब बांग्लादेश के रुख में नरमी दिखाई दे रही है. वहां के अधिकारियों का कहना है कि समझौते के नवीनीकरण से जुड़ी जरूरी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं. अब भारत की ओर से बातचीत शुरू करने के लिए कदम उठाए जाने का इंतजार है.
बांग्लादेश के मंत्री ने भारत को भेजा पत्र
बांग्लादेश के जल संसाधन मंत्री शाहिदुद्दीन चौधरी अनी ने हाल ही में राजनयिक माध्यमों से अपने भारतीय समकक्ष को पत्र भेजा था. इसमें उन्होंने गंगा जल समझौते पर जल्द बातचीत शुरू करने का अनुरोध किया.
बांग्लादेश ने जून 2026 में इस मामले को लेकर एक उच्चस्तरीय तकनीकी समिति भी बनाई थी. इसकी जानकारी भारत को दी गई थी. साथ ही ढाका ने भारत से भी अपनी तकनीकी समिति गठित करने और इसकी जानकारी साझा करने का आग्रह किया था.
भारत के रुख से तय होगी आगे की बातचीत
इस समझौते को आगे बढ़ाने, इसकी अवधि अस्थायी रूप से बढ़ाने या नई शर्तें तय करने का फैसला दोनों देशों की सरकारों को मिलकर करना होगा. भारत का कहना रहा है कि साझा नदियों और पानी से जुड़े मुद्दों पर बातचीत के लिए संयुक्त नदी आयोग (जेआरसी) पहले से मौजूद व्यवस्था है. गंगा जल समझौते पर भी इसी मंच के जरिए चर्चा हो सकती है.
भारत और बांग्लादेश के बीच कुल 54 साझा नदियां हैं. हालांकि, गंगा नदी ही ऐसी नदी है जिसके पानी के बंटवारे को लेकर दोनों देशों के बीच अलग से समझौता हुआ है. ऐसे में 12 दिसंबर 2026 की समय सीमा से पहले होने वाली बातचीत काफी अहम होगी.
अब देखना होगा कि भारत और बांग्लादेश की सरकारें इस समझौते को आगे बढ़ाने के लिए क्या फैसला लेती हैं. दोनों देशों के बीच गंगा के पानी का बंटवारा लंबे समय से एक अहम मुद्दा रहा है और आने वाले दिनों में इस पर होने वाली बातचीत का असर द्विपक्षीय संबंधों पर भी पड़ सकता है.
ये भी पढ़ें - 'एक इंच भी जमीन नहीं देंगे', शहबाज-मुनीर के खिलाफ सिंध में बगावत! सड़कों पर उतरे हजारों लोग