व्हाइट हाउस में भिड़ गए एलन मस्क और विदेश मंत्री, डोनाल्ड ट्रंप का कैसा था रिएक्शन?

रूबियो और मस्क की नोकझोंक केवल एक-दूसरे तक ही सीमित नहीं रही, बल्कि यह बहस अमेरिकी परिवहन मंत्री के साथ भी जारी रही.

Elon Musk and Foreign Minister clashed in the White House Donald Trump
ट्रंप-मस्क | Photo: ANI

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की कैबिनेट बैठक के दौरान विदेश मंत्री मार्को रूबियो और एलन मस्क के बीच तीखी बहस देखने को मिली. दोनों के बीच बहस इतनी बढ़ गई कि ट्रंप भी कुछ देर के लिए चुपचाप देखते रह गए. रिपोर्ट्स के मुताबिक, विदेश मंत्री रूबियो ने मस्क पर झूठ बोलने का आरोप लगाया. यह विवाद सरकारी कर्मचारियों की छंटनी को लेकर हुआ था. न्यूयॉर्क टाइम्स की एक रिपोर्ट के अनुसार, मस्क और रूबियो के बीच यह बहस तब हुई जब ट्रंप ने कैबिनेट बैठक में कर्मचारियों की छंटनी और एजेंसी पॉलिसी पर अपनी अंतिम राय देने का अधिकार अपने पास रखा.

मस्क और रूबियो के बीच गहमा-गहमी

रूबियो और मस्क की नोकझोंक केवल एक-दूसरे तक ही सीमित नहीं रही, बल्कि यह बहस अमेरिकी परिवहन मंत्री के साथ भी जारी रही. रॉयटर्स की रिपोर्ट के मुताबिक, यह सब तब हुआ जब ट्रंप ने साफ तौर पर कहा कि सरकारी कर्मचारियों की छंटनी और नीतियों पर अंतिम फैसला उनका होगा, न कि मस्क का. इस दौरान मस्क और रूबियो के बीच गहमा-गहमी के कारण बैठक में असहज माहौल बन गया.

अमेरिकी सरकार में कर्मचारियों की छंटनी के बड़े अभियान के तहत हाल के दिनों में हजारों कर्मचारियों को नौकरी से निकाला गया है. ट्रंप और उनके सलाहकारों ने सरकारी नौकरियों में कटौती करने की दिशा में कई बड़े कदम उठाए हैं. उनका मानना है कि फेडरल गवर्नमेंट में कर्मचारियों की संख्या बहुत ज्यादा है और देश की आर्थिक स्थिति को सुधारने के लिए ये कटौती जरूरी हैं. ट्रंप ने हाल ही में कहा था कि अमेरिका पर 36 ट्रिलियन डॉलर का कर्ज है, और पिछले साल सरकार को काफी घाटा हुआ था, इसलिए व्यवस्था में सुधार की जरूरत है.

'मैं और मार्को, एलन के साथ अच्छे रिश्तों में'

हालांकि, जब ट्रंप से इस बहस के बारे में पूछा गया, तो उन्होंने इस पूरे मामले को खारिज कर दिया. ट्रंप ने कहा कि ऐसी कोई बहस नहीं हुई. उनका कहना था, "मैं वहां मौजूद था और यह सब बेकार था. मैं और मार्को, एलन के साथ अच्छे रिश्तों में हैं और वे दोनों अपनी-अपनी जिम्मेदारियों को शानदार तरीके से निभा रहे हैं." ट्रंप ने यह भी कहा कि मार्को रूबियो ने विदेश मंत्री के रूप में बहुत अच्छा काम किया है, जबकि एलन मस्क भी एक अद्वितीय व्यक्ति हैं और उनका योगदान बहुत महत्वपूर्ण है.

इसी तरह, कुछ दिनों पहले व्हाइट हाउस में यूक्रेनी राष्ट्रपति जेलेंस्की और ट्रंप के बीच भी तीखी बहस हुई थी. उस समय ट्रंप ने जेलेंस्की पर आरोप लगाया था कि उनका रवैया समझौते का नहीं है और वह केवल युद्ध की आग में घी डालने का काम कर रहे हैं. ट्रंप ने कहा, "हमने आपको 350 अरब डॉलर की मदद दी, सैन्य उपकरण दिए, अगर हम सहायता नहीं देते तो यह युद्ध दो हफ्ते में खत्म हो जाता." इसके जवाब में जेलेंस्की ने कहा कि वह युद्ध विराम के लिए गारंटी चाहते हैं, ताकि शांति स्थापित की जा सके.

ये भी पढ़ेंः Aaj Ka Rashifal 8 march 2025: मंगल और चंद्रमा का शुभ योग, जानें किसे मिलेगा आज फायदा