Aaj Ka Mausam: देशभर में मौसम का मिजाज तेजी से बदल रहा है. उत्तर भारत में ठंड और कोहरे का असर बढ़ने लगा है. वहीं, बंगाल की खाड़ी में बना गंभीर चक्रवाती तूफान अकवान (Akvan) भी अपना रास्ता बदल चुका है. मौसम विभाग (IMD) के ताजा अनुमान के मुताबिक, अब यह तूफान आंध्र प्रदेश के नरसापुर और ओडिशा के पुरी के बीच तट से टकरा सकता है. इसके असर से कई राज्यों में तेज हवाओं के साथ भारी बारिश होने की संभावना है.
19 नवंबर को देश के 23 राज्यों में मौसम का अलग-अलग रूप देखने को मिल सकता है. कहीं घना कोहरा लोगों की परेशानी बढ़ाएगा तो कहीं बारिश और आंधी का असर रहेगा. दिल्ली समेत उत्तर भारत के कई इलाकों में तापमान गिरने से ठंड बढ़ सकती है. वहीं, पूर्वी और दक्षिण भारत के कुछ राज्यों में तेज बारिश का अलर्ट जारी किया गया है.
दिल्ली-NCR में कोहरा और बढ़ती ठंड से बढ़ेगी परेशानी
दिल्ली और आसपास के इलाकों में गुरुवार की सुबह घने कोहरे के साथ हो सकती है. सुबह के समय सड़कों पर विजिबिलिटी कम रहने की आशंका है. इसका असर हाईवे और दूसरे रास्तों पर चलने वाले वाहनों की रफ्तार पर पड़ सकता है. मौसम विभाग ने वाहन चालकों को सावधानी से गाड़ी चलाने और जरूरत पड़ने पर फॉग लाइट का इस्तेमाल करने की सलाह दी है.
इस दौरान दिल्ली में 15 से 20 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं. राजधानी का अधिकतम तापमान 26 डिग्री और न्यूनतम तापमान करीब 12 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है. दिन में धूप निकलने से थोड़ी राहत मिल सकती है, लेकिन सुबह और रात के समय ठंड ज्यादा महसूस होगी.
चक्रवात अकवान ने बदला रास्ता, तट से टकराने की आशंका
बंगाल की खाड़ी में बना गंभीर चक्रवाती तूफान अकवान अब अपना रास्ता बदल चुका है. मौसम विभाग ने पहले इसके आंध्र प्रदेश के नेल्लोर और विशाखापत्तनम के बीच तट से टकराने की आशंका जताई थी. उस समय हवा की रफ्तार 100 से 110 किलोमीटर प्रति घंटे और झोंकों की गति 120 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंचने का अनुमान था.
लेकिन बुधवार दोपहर जारी नए पूर्वानुमान में तूफान की दिशा में बदलाव की जानकारी दी गई. अब इसके आंध्र प्रदेश के नरसापुर और ओडिशा के पुरी के बीच तट से टकराने की आशंका है. इस दौरान हवा की रफ्तार 90 से 100 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है.
पश्चिम बंगाल में 3 दिन भारी बारिश का अलर्ट
चक्रवात अकवान का असर पश्चिम बंगाल में भी देखने को मिल सकता है. मौसम विभाग ने 19 से 21 नवंबर के बीच राज्य के कई हिस्सों में भारी से बहुत भारी बारिश की आशंका जताई है.
दक्षिण बंगाल के जिलों में गरज-चमक के साथ तेज बारिश हो सकती है. इससे निचले इलाकों में पानी भरने और सड़कों पर यातायात प्रभावित होने की आशंका है.
उत्तर प्रदेश में घने कोहरे की चेतावनी
उत्तर प्रदेश के पश्चिमी हिस्सों से लेकर पूर्वांचल तक सुबह के समय कोहरा और धुंध छाई रह सकती है. गाजियाबाद, मेरठ, मुरादाबाद, गौतमबुद्ध नगर, अलीगढ़, आगरा, मथुरा, कानपुर, उन्नाव, अयोध्या, रायबरेली, बाराबंकी और बहराइच समेत कई जिलों में विजिबिलिटी कम हो सकती है.
इसके अलावा बांदा, चित्रकूट, हरदोई, झांसी, ललितपुर, देवरिया, वाराणसी, गोरखपुर, महाराजगंज, प्रयागराज, आजमगढ़ और गाजीपुर में भी सुबह के समय सावधानी बरतने की जरूरत है. इस दौरान 15 से 20 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं.
राजधानी लखनऊ में अधिकतम तापमान 28 डिग्री और न्यूनतम तापमान 14 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है.
बिहार और झारखंड में बारिश और तेज हवाओं का अलर्ट
बिहार में 19 नवंबर को मौसम बिगड़ सकता है. राज्य के कई जिलों में बारिश के साथ 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है.
सारण, पटना, गया, जहानाबाद, गोपालगंज, पूर्वी चंपारण, भोजपुर, वैशाली, समस्तीपुर, दरभंगा, मधुबनी, पूर्णिया, सुपौल, सहरसा, कटिहार, भागलपुर, अररिया, किशनगंज, मुंगेर, बेगूसराय और खगड़िया में मौसम का असर देखने को मिल सकता है. पटना में अधिकतम तापमान 28 डिग्री और न्यूनतम तापमान 17 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है.
वहीं, झारखंड में बारिश और आंधी को लेकर चेतावनी जारी की गई है. यहां 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं. रांची, रामगढ़, खूंटी, चतरा, देवघर, पलामू, दुमका, धनबाद, गिरिडीह, लातेहार और बोकारो में मौसम खराब रहने की आशंका है. रांची में अधिकतम तापमान 23 डिग्री और न्यूनतम तापमान 15 डिग्री सेल्सियस रह सकता है.
उत्तराखंड, हिमाचल और जम्मू-कश्मीर में बढ़ेगी ठंड
उत्तराखंड के कई इलाकों में ठंड बढ़ने के साथ कोहरे का असर भी देखने को मिलेगा. नैनीताल, चंपावत, पिथौरागढ़, ऋषिकेश, पौड़ी गढ़वाल, उत्तरकाशी, चमोली, बागेश्वर और टिहरी गढ़वाल में मौसम ठंडा रह सकता है. इस दौरान 20 किलोमीटर प्रति घंटे तक की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं. देहरादून में अधिकतम तापमान 24 डिग्री और न्यूनतम तापमान 12 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है.
हिमाचल प्रदेश में भी ठंड का असर बढ़ने वाला है. चंबा, हमीरपुर, सोलन, बिलासपुर, ऊना, कांगड़ा, मंडी और किन्नौर में लोगों को ठंड से सावधान रहने की जरूरत है. वहीं, शिमला, मनाली, लाहौल-स्पीति और किन्नौर के ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी हो सकती है. मनाली में अधिकतम तापमान 6 डिग्री और न्यूनतम तापमान माइनस 6 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने का अनुमान है.
जम्मू-कश्मीर में भी ठंड बढ़ेगी. जम्मू, पुंछ, रियासी, गांदरबल, उधमपुर, रामबन, शोपियां, राजौरी और बारामूला में ठिठुरन महसूस होगी. वहीं, गुलमर्ग, सोनमर्ग, बांदीपोरा, कुपवाड़ा और डोडा के ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी की संभावना है. कुछ जगहों पर भारी बर्फबारी भी हो सकती है. इस दौरान 20 से 30 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं. श्रीनगर में अधिकतम तापमान 16 डिग्री और न्यूनतम तापमान 2 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है.
राजस्थान और मध्य प्रदेश में बारिश से बदलेगा मौसम
राजस्थान के कई जिलों में हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है. जयपुर, उदयपुर, चूरू, बारां, सवाई माधोपुर, बूंदी, कोटा, भरतपुर, बाड़मेर, भीलवाड़ा, जैसलमेर, अलवर, अजमेर और जालौर में बारिश के साथ करीब 20 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं. इससे तापमान में गिरावट आने और ठंड बढ़ने की संभावना है. जयपुर में अधिकतम तापमान 27 डिग्री और न्यूनतम तापमान 13 डिग्री सेल्सियस रह सकता है.
मध्य प्रदेश में भी बारिश और आंधी का अलर्ट है. इंदौर, भोपाल, दमोह, बालाघाट, विदिशा, बैतूल, रतलाम, सिवनी, मंडला, खंडवा, देवास और हरदा में 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं. इस दौरान बारिश और गरज-चमक से लोगों की परेशानी बढ़ सकती है. भोपाल में अधिकतम तापमान 25 डिग्री और न्यूनतम तापमान 12 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है.
आंध्र प्रदेश समेत दक्षिण भारत के राज्यों में बारिश की संभावना
चक्रवात अकवान का सबसे ज्यादा असर आंध्र प्रदेश के तटीय इलाकों में देखने को मिल सकता है. गुंटूर, काकीनाडा, एलुरु, पूर्वी गोदावरी, विशाखापत्तनम, नांदयाल और विजयनगरम में बारिश और आंधी की आशंका है. इस दौरान हवा की रफ्तार 75 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है.
इसके अलावा तमिलनाडु, कर्नाटक, तेलंगाना, केरल और अंडमान-निकोबार द्वीप समूह में भी बारिश और गरज-चमक की संभावना है.
छत्तीसगढ़ और पूर्वोत्तर राज्यों में भी मौसम का असर
छत्तीसगढ़ के कई जिलों में बारिश और तेज हवाएं चलने का अनुमान है. नारायणपुर, दंतेवाड़ा, बस्तर, रायगढ़, सूरजपुर, बिलासपुर, धमतरी, जांजगीर, कोरबा, रायपुर, बालोद और महासमुंद में मौसम बदल सकता है. इस दौरान हवा की रफ्तार 65 से 70 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंचने की आशंका है.
वहीं, पूर्वोत्तर भारत के नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में भारी बारिश और बिजली गिरने की चेतावनी दी गई है. असम के आसपास बने चक्रवाती परिसंचरण का भी मौसम पर असर देखने को मिल सकता है. ऐसे में इन राज्यों में रहने वाले लोगों को मौसम विभाग के ताजा अपडेट पर नजर रखने की सलाह दी गई है.
ये भी पढ़ें- ब्रह्मोस को टक्कर देने के लिए पाकिस्तान ने बनाई फतह-3 मिसाइल, चीन से लिया डिजाइन और तकनीक, खुली पोल!